शिकायत पर उद्यानिकी विभाग ने तत्काल की कार्रवाई, समेकित उद्यान विकास योजना से भी जोड़ा गया हितग्राही
panchayattantra24.-रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 आम नागरिकों और किसानों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान का भरोसेमंद माध्यम बनकर उभर रही है। सरगुजा जिले के विकासखंड मैनपाट के ग्राम पंचायत बरिमा निवासी श्री मुकेश कुमार यादव को मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से समय पर राहत मिली और उन्हें उद्यानिकी विभाग द्वारा निःशुल्क लीची के पौधे उपलब्ध कराए गए।
मुकेश कुमार यादव अपने खेत में लीची का बाग विकसित करना चाहते थे। इसके लिए उन्होंने शासन की उद्यानिकी योजनाओं के तहत लीची के पौधे प्राप्त करने हेतु आवेदन किया था, लेकिन कुछ कारणों से उन्हें पौधों का वितरण नहीं हो पा रहा था। समस्या के समाधान के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत प्राप्त होते ही उद्यानिकी विभाग कमलेश्वरपुर ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए हितग्राही की पात्रता का परीक्षण किया। जांच में पाया गया कि उनके पिता श्री रमा शंकर यादव के नाम लगभग दो हेक्टेयर कृषि भूमि दर्ज है, जिसके आधार पर वे शासन की योजनाओं का लाभ लेने के पात्र हैं।
पात्रता की पुष्टि के बाद उद्यानिकी विभाग द्वारा श्री मुकेश कुमार यादव को निःशुल्क लीची के पौधे उपलब्ध कराए गए। साथ ही उन्हें समेकित उद्यान विकास योजना से जोड़ते हुए पौधरोपण, उद्यान स्थापना, तकनीकी मार्गदर्शन तथा विभागीय सहायता की जानकारी भी दी गई, जिससे वे वैज्ञानिक तरीके से बागवानी कर बेहतर उत्पादन एवं आय अर्जित कर सकें।
मुकेश कुमार यादव ने बताया कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराने के बाद उनकी समस्या का शीघ्र समाधान हुआ। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था के कारण उन्हें बिना किसी अनावश्यक भागदौड़ के शासन की योजना का लाभ समय पर मिल गया। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय, जिला प्रशासन तथा उद्यानिकी विभाग कमलेश्वरपुर के अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 आम नागरिकों और किसानों के लिए अत्यंत उपयोगी एवं भरोसेमंद व्यवस्था है, जिसके माध्यम से पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी और समयबद्ध ढंग से पहुंच रहा है।
