panchayattantra24.-सुकमा। बालिका@work कार्यक्रम के अंतर्गत शैक्षणिक भ्रमण एवं जागरूकता कार्यक्रम के तहत महिला एवं बाल विकास अधिकारी शिवदास नेताम के मार्गदर्शन में महिला सशक्तिकरण केंद्र के द्वारा राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान (आरएमएसए) सुकमा के 30 स्कूली बच्चों के दल ने जिला मुख्यालय स्थित वन स्टॉप सेंटर (सखी) का भ्रमण किया। इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं और स्कूली बच्चों को वन स्टॉप सेंटर की कार्यप्रणाली, इसके उद्देश्यों से अवगत कराना तथा उन्हें महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा के लिए उपलब्ध सेवाओं की जानकारी देना था।
भ्रमण के दौरान सेंटर की प्रशासिका एवं कर्मचारियों ने बच्चों को विस्तार से बताया कि हिंसा से प्रभावित और संकटग्रस्त महिलाओं तथा बच्चों को वन स्टॉप सेंटर के माध्यम से एक ही छत के नीचे पुलिस सहायता, चिकित्सा सहायता, विधिक सहायता, मनोसामाजिक परामर्श और अस्थायी आश्रय जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। उन्होंने बताया कि कैसे यह केंद्र महिलाओं और बच्चों की तत्काल सहायता और संरक्षण सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय करता है।
बच्चों ने बड़े उत्साह के साथ सेंटर के विभिन्न कक्षों का अवलोकन किया और उपस्थित कर्मचारियों से उनके कार्यों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने हेल्पलाइन सेवाओं की भूमिका और इसके कार्य करने के तरीके को भी समझा। केंद्र के अधिकारियों ने बच्चों के प्रश्नों के उत्तर दिए और उन्हें अधिकारों एवं सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित शिक्षकों ने इस शैक्षणिक भ्रमण को अत्यंत ज्ञानवर्धक बताया और कहा कि ऐसे आयोजनों से बालिकाओं में आत्मविश्वास और जागरूकता बढ़ती है। भ्रमण दल में RMSA सुकमा के प्रतिनिधि, शिक्षक एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।“
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
