3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति जताया आभार
panchayattantra24.-एमसीबी। मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत धान खरीदी की सुव्यवस्थित व्यवस्था और ऑनलाइन टोकन सुविधा से किसानों को अपनी उपज बेचने में सहूलियत मिल रही है। इसी कड़ी में ग्राम धौलपुर निवासी किसान शिव नारायण अपनी 44 क्विंटल धान की उपज लेकर कोड़ा उपार्जन केंद्र पहुंचे। उन्होंने केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं और खरीदी प्रक्रिया पर संतोष व्यक्त करते हुए शासन की किसान हितैषी पहल की सराहना की।
किसान शिव नारायण ने बताया कि ऑनलाइन टोकन व्यवस्था से धान बेचने की प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक सरल हो गई है। अब टोकन प्राप्त करने के लिए लंबी कतारों में खड़े होने की जरूरत नहीं पड़ती। घर बैठे टोकन मिलने से समय और श्रम दोनों की बचत हो रही है। निर्धारित तिथि पर उपार्जन केंद्र पहुंचकर किसान सुविधाजनक तरीके से अपनी उपज बेच पा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि कोड़ा उपार्जन केंद्र में धान की तौल के लिए आवश्यक उपकरण, पर्याप्त बारदाने सहित किसानों की सुविधा के लिए अन्य व्यवस्थाएं उपलब्ध हैं। खरीदी कार्य व्यवस्थित ढंग से संचालित होने के कारण उन्हें 44 क्विंटल धान बेचने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई। केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं से अनावश्यक प्रतीक्षा से भी राहत मिल रही है।
शिव नारायण ने प्रदेश सरकार द्वारा 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि उपज का बेहतर मूल्य मिलने से किसानों को आर्थिक संबल मिल रहा है। इससे परिवार की जरूरतों को पूरा करने के साथ आगामी कृषि कार्यों की तैयारी में भी सहायता मिलेगी।
किसान शिव नारायण ने ऑनलाइन टोकन सुविधा, कोड़ा उपार्जन केंद्र की बेहतर व्यवस्थाओं और किसानों के हित में लिए गए निर्णयों के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शासन की पहल से धान विक्रय की प्रक्रिया सुगम हुई है और किसानों को अपनी मेहनत का उचित मूल्य मिल रहा है।
