panchayattantra24.-रायपुर । मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देशानुसार जशपुर जिले में “सुशासन तिहार 2026” के अंतर्गत आज कांसाबेल विकासखंड के ग्राम खूंटीटोली में जिला स्तरीय सुशासन शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर विभिन्न विभागों के समक्ष अपनी समस्याएं एवं मांगें रखीं। मौके पर लगाए गए शासकीय स्टॉलों के माध्यम से विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई और पात्र हितग्राहियों को तत्काल लाभ भी प्रदान किया गया।
इस शिविर में टांगरगांव, हथगड़ा, बरजोर, नरियरडांड, पुसरा, फरसाजुड़वाईन, खूंटीटोली, चेटबा, सूजीबहार, ढुढरूडांड, जुमईकेला, छेराघोघरा और केनाडांड सहित कई गांवों के ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
इस अवसर पर कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा है कि आमजन की समस्याओं का समाधान उनके गांव के निकट ही किया जाए। इसी उद्देश्य से सुशासन तिहार का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे ग्रामीणों से आत्मीय संवाद स्थापित कर समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करें।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों का तत्काल परीक्षण किया जाए। जिन मामलों का समाधान मौके पर संभव है, उन्हें तुरंत निराकृत किया जाए तथा शेष आवेदनों को संबंधित विभागों को शीघ्र भेजा जाए। साथ ही उन्होंने निर्देशित किया कि योजनाओं का लाभ लेने आए प्रत्येक व्यक्ति को उसकी पात्रता के बारे में स्पष्ट जानकारी दी जाए
उन्होंने अधिकारियों को हितग्राहीमूलक योजनाओं की जानकारी सरल भाषा में देने और अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने ग्रामीणों से प्रधानमंत्री सूर्य घर बिजली योजना, सौर सुजला योजना, लखपति दीदी योजना, स्व-सहायता समूह, प्रधानमंत्री आवास योजना और स्वच्छ भारत मिशन सहित विभिन्न योजनाओं से जुड़ने की अपील की।
इसके अलावा उन्होंने श्रम योगी मानधन योजना, पेंशन योजनाओं और दिव्यांगजन योजनाओं का लाभ लेने के लिए भी प्रेरित किया। कुपोषित बच्चों को पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती कराने, महतारी वंदन योजना के तहत ई-केवाईसी पूर्ण करने, किसानों का एग्रीस्टेक पंजीयन कराने और उद्यानिकी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए भी जागरूक किया गया।
अंत में कलेक्टर ने जनप्रतिनिधियों और जागरूक नागरिकों से अपील की कि वे शासन की योजनाओं की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाएं, ताकि अधिक से अधिक लोग इन योजनाओं का लाभ ले सकें।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
