panchayattantra24.-अम्बिकापुर। शासन की हितग्राही मूलक योजनाएं जरूरतमंद और वंचित परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं। भूमिहीन एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को सामाजिक सुरक्षा और आर्थिक संबल प्रदान करने के उद्देश्य से संचालित शासन की विभिन्न योजनाओं के लाभ से भूमिहीन परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है। दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), महतारी वंदन योजना एवं प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना जैसी योजनाओं ने हजारों परिवारों के जीवन को नई दिशा दी है। इन योजनाओं से न केवल आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है, बल्कि सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर भी मिला है।
जिले के में विकासखंड अम्बिकापुर के ग्राम करजी निवासी जनेऊराम नायक का परिवार शासन की विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित होकर आज आत्मविश्वास के साथ जीवनयापन कर रहा है। जनेऊराम नायक ने बताया कि वे भूमिहीन परिवार से हैं और लंबे समय से कृषि मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते रहे हैं। स्वयं की कृषि भूमि नहीं होने के कारण परिवार की आय का एकमात्र साधन मजदूरी ही था। सीमित आय में परिवार की जरूरतों को पूरा करना काफी कठिन था, लेकिन शासन की योजनाओं का लाभ मिलने से अब उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार आया है और भविष्य के प्रति विश्वास भी बढ़ा है।
उन्होंने बताया कि उन्हें दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना के तहत प्रतिवर्ष 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्राप्त हो रही है। यह राशि उनके जैसे भूमिहीन परिवारों के लिए बड़ी राहत है। इस सहायता से घरेलू आवश्यकताओं की पूर्ति करने, बच्चों की जरूरतों को पूरा करने तथा दैनिक जीवन के खर्चों में काफी सहयोग मिलता है। उन्होंने कहा कि पहले छोटी-छोटी जरूरतों के लिए भी परेशानी होती थी, लेकिन अब शासन की सहायता से आर्थिक बोझ काफी कम हुआ है।
जनेऊराम नायक ने बताया कि उनके परिवार के लिए सबसे बड़ी खुशी प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत पक्का आवास स्वीकृत होना रहा। पहले उनका परिवार कच्चे मकान में रहता था और बरसात के दिनों में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। अब उन्हें शासन की सहायता से पक्का घर मिला है, जिससे पूरा परिवार सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण में रह रहा है। उन्होंने बताया कि आवास निर्माण के लिए आवश्यक भूमि की व्यवस्था भी हो गई है, जिससे वर्षों पुराना अपने घर का सपना साकार हुआ।
उन्होंने यह भी बताया कि परिवार को प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत रसोई गैस कनेक्शन मिला है। पहले लकड़ी और अन्य पारंपरिक ईंधनों पर भोजन बनाना पड़ता था, जिससे धुएं के कारण महिलाओं को काफी परेशानी होती थी। अब गैस कनेक्शन मिलने से रसोई का कार्य आसान हो गया है और परिवार को स्वच्छ ईंधन का लाभ मिल रहा है।
जनेऊराम नायक ने बताया कि उनके परिवार को महतारी वंदन योजना का भी लाभ मिल रहा है। इस योजना के अंतर्गत प्रतिमाह मिलने वाली एक हजार रुपये की सहायता से परिवार की दैनिक जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलती है। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का समन्वित लाभ मिलने से परिवार की आर्थिक स्थिति पहले की अपेक्षा कहीं बेहतर हुई है।
उन्होंने बताया कि उनके परिवार में वर्तमान में पांच सदस्य हैं। समय के साथ परिवार का विस्तार होने से आवास और आर्थिक सुरक्षा की आवश्यकता लगातार बढ़ रही थी। ऐसे समय में शासन की योजनाओं ने उनके परिवार को नई उम्मीद और आत्मविश्वास दिया है। अब वे निश्चिंत होकर अपने परिवार के बेहतर भविष्य की योजना बना पा रहे हैं।
जनेऊराम नायक ने कहा कि शासन की योजनाएं वास्तव में गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही हैं। दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना से नियमित आर्थिक सहायता, प्रधानमंत्री आवास योजना से पक्का घर, महतारी वंदन योजना से अतिरिक्त आर्थिक सहयोग तथा उज्ज्वला योजना से स्वच्छ ईंधन जैसी सुविधाओं ने उनके जीवन को बदल दिया है।
उन्होंने शासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि गरीब परिवारों के कल्याण के लिए संचालित योजनाओं का लाभ उन्हें समय पर मिला, जिससे उनके जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आया है। उन्होंने प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि शासन की जनहितैषी योजनाएं ग्रामीण क्षेत्रों के गरीब और भूमिहीन परिवारों के जीवन में खुशहाली ला रही हैं तथा उन्हें सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अवसर प्रदान कर रही हैं।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
