- पूर्व राष्ट्रपति और कांग्रेस के दिग्गज नेता रहे प्रणब मुखर्जी को आज भारत रत्न से नवाजा जाएगा. राष्ट्रपति भवन में एक कार्यक्रम के दौरान उन्हें ये सम्मान दिया जाएगा. इस साल गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्रपति भवन की ओर से तीन लोगों को भारत रत्न देने का ऐलान किया गया था, जिनमें प्रणब मुखर्जी का भी नाम शामिल था. बता दें कि 2017 में राष्ट्रपति पद से रिटायर हुए प्रणब मुखर्जी को भारत रत्न देने का फैसला चौंकाने वाला रहा. दरअसल, प्रणब मुखर्जी की गिनती कांग्रेस के दिग्गज नेताओं में से होती रही है, जो अपने पूरे राजनीतिक जीवन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा के खिलाफ लड़ते रहे. हालांकि, प्रणब मुखर्जी के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अच्छे संबंध रहे हैं
- भारत रत्न देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान है जो सामाजिक जीवन में सर्वोच्च योगदान के लिए दिया जाता है. भारत सरकार ने इस साल प्रणब मुखर्जी के अलावा नानाजी देशमुख और भूपेन हजारिका को भारत रत्न देने का ऐलान किया था. नानाजी देशमुख भारतीय जनसंघ के विचारक और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के संस्थापक सदस्यों में से एक रहे हैं, तो वहीं भूपेन हजारिका प्रसिद्ध असमिया कवि और संगीतकार थे. नानाजी देशमुख और भूपेन हजारिका को यह सम्मान मरणोपरांत मिलेगा. गौरतलब है कि भारत रत्न सम्मान आखिरी बार 2015 में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और पंडित मदन मोहन मालवीय (मरणोपरांत) को दिया गया था. अभी तक 45 हस्तियों को भारत रत्न से सम्मानित किया जा चुका है और 25 जनवरी 2019 की घोषणा के बाद यह संख्या 48 हो गई l
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.