
रायपुर । लोकसभा चुनाव के प्रचार में प्रत्याशी एयर फोर्स विंग कमांडर अभिनंदन वर्तमान और सेना से जुड़ी किसी तस्वीर का इस्तेमाल नहीं कर सकेंगे। ये निर्देश छत्तीसगढ़ निर्वाचन आयोग की ओर से जारी किए गए हैं।
छत्तीसगढ़ के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुब्रत साहू ने प्रदेश के सभी राजनीतिक दलों के अध्यक्षों और महासचिवों को पत्र जारी किया है। इसमें मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने स्पष्ट तौर पर निर्देश जारी किए हैं कि कोई भी राजनीतिक दल अपने राजनीतिक विज्ञापनों में भारतीय सेना या उनके अधिकारी के फोटोग्राफ का उपयोग नहीं कर सकेंगे। इसके तहत राज्य निर्वाचन आयोग ने भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों का हवाला देते हुए उनका कड़ाई से पालन करने को कहा है। आयोग ने फोटोग्राफ के साथ सेना की किसी भी गतिविधि का जिक्र चुनाव प्रचार और मत याचना के दौरान नहीं करने के निर्देश राजनीतिक दलों और अभ्यर्थियों को दिए हैं।
गौरतलब है कि भारत द्वारा पाकिस्तान पर की गई एयर स्ट्राइक और उसी दौरान एयर फोर्स के विंग कमांडर अभिनंदन वर्तमान को पाकिस्तानी आर्मी द्वारा पकड़ने के घटनाक्रम पर काफी राजनीति हुई थी। इसके बाद भारत निर्वाचन आयोग ने इसे लेकर विशेष निर्देश जारी किए।
राज्य निर्वाचन आयोग ने निर्देश दिए कि कोई भी राजनीतिक दल विंग कमांडर अभिनंदन और सेना से जुड़ी किसी भी तस्वीर का इस्तेमाल नहीं कर सकेंगे। गौरतलब है कि एयर विंग कमांडर अभिनंदन ने पाक के एफ 16 विमान को मार गिराया था और इसी दौरान वे पाकिस्तान आर्मी की गिरफ्त में आ गए थे। हालांकि बाद में पाक ने उन्हें वापस भारत को सौंप दिया था। पाकिस्तान पर सर्जिकल स्ट्राइक से संबंधित तस्वीरों का उपयोग किए जाने की संभावना को देखते हुए चुनाव आयोग ने आदेश जारी किया है। इसका उद्देश्य सेना की कार्रवाई को राजनीति से दूर रखना भी है।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
