Panchayattantra24. Com – दुर्ग। थाना पुरानी भिलाई पुलिस ने ऑपरेशन विश्वास के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध नशीली दवाइयों के धंधे का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई में पुलिस ने 840 प्रतिबंधित नशीली गोलियां, जिसकी कीमत करीब 3 लाख 36 हजार रुपए है, जब्त की हैं। साथ ही इस पूरे नेटवर्क से जुड़े 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
मुखबिर की सूचना पर ईंटा भट्ठी के पास दादर क्षेत्र में पुलिस ने दबिश दी, जहां दो युवक सफेद कैरी बैग में प्रतिबंधित प्रॉक्सीको-स्पास टैबलेट्स बेचते हुए गिरफ्तार किए गए। दोनों की पहचान कमल किशोर उर्फ भीम और चंद्रकांत साहू उर्फ पटवारी के रूप में की गई।
पूछताछ में दोनों ने नशीली दवाइयों की खरीद–फरोख्त में शामिल अपने अन्य चार साथियों के नाम बताए, जिसके बाद पुलिस ने नितेश दास, मनीष राज, पारस साहू और अब्दुल तसलीम को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों से तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
