शहर लॉक, आउटर अनलॉक, बेखौफ आ जा रहे लोग

पंचायत तंत्र – रायपुर । राजधानी के 40 किलोमीटर के दायरे में सिर्फ बिरगांव और रायपुरा पूरी तरह क्वारेंटाइन क्षेत्र घोषित कर सोशल डिस्टेंस और आइसोलेशन का कड़ाई से पालन करवाया गया। वहीं पिछले चार दिनों में लोगों ने लॉकडाउन में मिली छूट का जमकर मखौल उड़ाया है। लोगों को परवाह ही नहीं मोटरसाइकिल में चार-चार सवारी लाद कर शहर से गांव और गांव से शहर आ गए, किसी ने भी उन्हें रास्ते में रोका भी नहीं, ये कैसा लॉकडाउन जो सड़कों पर सहपरिवार दुपहिया और कार में सफर करने निकल पड़े। पुलिस प्रशासन, जिला प्रशासन और नगर निगम और नगर पालिका के अधिकारियों और कर्मचारियों ने आवागमन करने वाली भीड़ से पूछने की जहमत तक नहीं उठाई कि लॉकडाउन में सहपरिवार तफरी करने कहां निकल रहे है। लोगों ने लॉकडाउन को अपने रसूख और सोर्स से फुल ओपन अनलॉक में बदल दिया। लोग बेखौफ होकर एक जगह से दूसरे जगह आते-जाते रहे और यहीं राजधानी में कोरोना फैलाव का सबसे बड़ा संवाहक बना है।
गांव के संक्रमित लोग शहर में आकर कोरोना छोड़ रहे है, वहीं शहर के लोग गांव जाकर कोरोना फैला रहे है। आखिर प्रशासन इलाज करें तो कहां करें। पढ़े-लिखे और समझदार लोग भी कानून कायदे की धज्जियां उड़ाने में पीछे नहीं रहे। गांव के दाऊ से लेकर साधन संपन्न किसान अपने-अपने वर्चस्व को बनाएं रखने शहर से गांव पहुंचे, वहीं गांव का कमिया मजदूर शहर में बहन और अन्य रिश्तेदारों से मिलने गांव के पटेल का संदेशा लेकर शहर पहुंच गया। कहीं भी किसी की कोरोना जांच नहीं हो पाई। जबकि कोरोना काल में भीड़-भाड़ के साथ कहीं आना-जाना पूरी तरह प्रतिबंधित था। उसके बाद भी कारों में 8-10 और बाइक में तीन-तीन सवारी कर गांव से शहर और शहर से गांव बेखौफ आने जाने का सिलसिला देर रात तक चलता रहा।
कांटेंक्ट हिस्ट्री नहीं : राजधानी में बढ़ रहे कोरोना मरीजों की संख्या को लेकर सरकार और जिला प्रशासन के साथ स्वास्थ्य अमला परेशान है, सरकार जल्द से जल्द राजधानी को करोना मुक्त कराने के लिए प्रयासरत है, वहीं लोग कोरोना को गले की घंटी बनाकर शहर से गांव और गांव से शहर घूम रहे है। आने-जाने वालों की कहीं ही कोई इंट्री या जानकारी लिखित में नहीं है। टोल नाका से लेकर निगम क्षेत्र में जोन कार्यालयों में भी इस तरह आने-जाने वालों की कोई लिखित जानकारी नगर निगम या नगर पालिका, पंचायत में नहीं है। ऐसे में प्रशासन कोरोना पर कैसे अंकुश लगा सकेगी। जब कोई केस हिस्ट्री ही नहीं होगी तो कोरोना इफेक्टेड को कैसे पहचान पाएगी।
हर आने जाने वालों की होनी थी स्क्रीन जांच : त्योहारी सीजन में गांव से शहर और शहर से गांव आने जाने की भले ही मनाही नहीं रही हो, लेकिन परिवार के साथ जाने-आने वालों की जांच होनी थी जिसमें प्रशासन चूक गई। अब गांव और शहर को कोरोना युक्त करके चले आए है। ऐसे में कोरोना का बढऩा स्वभाविक है।
मृतकों की केस हिस्ट्री और रिपोर्ट नहीं : कोरोनाकाल में साधारण और कोरोना से होने वाली मौत की प्रशासन के पास उसके इलाज और पूर्व में रहे बीमारी की कोई जानकारी उपलब्ध नहीं है। ऐसे में उनकी कोरोना जांच मौत के बाद हुई है, लेकिन रिपोर्ट आने से पहेल ही कफन-दफन कर दिया गया। बाद में कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट आया तो उसके संपर्क में आने वालों की पहचान करना मुश्किल होगी। राजधानी में तो कोरोना से मौत का सिलसिला बढ़ते ही जा रहा है, रोकने की सारी कोशिशें फेल हो गई है। ऐसे में मरीजों के संपर्क में आने वालों की हिस्ट्री और मौत के रिपोर्ट पर संज्ञान लेना आवश्यक है जिससे कोरोना को फैलने से रोका जा सके।
