
रायपुर । मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की सभा में अपने जन्मदिन पर ड्यूटी निभा रहे एक टीआई को लाइन हाजिर की सजा तोहफे के रूप में मिली है।
टीआई का कसूर सिर्फ इतना था कि वे मुख्य सचिव सुनील कुजूर को नहीं पहचानते थे और अपनी ड्यूटी निभाते हुए टीआई ने सीएस से उनका आई कार्ड मांग लिया. इसके बाद सीएस नाराज हो गए और उन्होंने इसकी शिकायत आईजी से की, जिसके बाद टीआई को सस्पेंड कर दिया गया है।
मामला पाली ब्लॉक के ग्राम केराझरिया का है. जहां मंगलवार को सीएम की सभा थी. सभा के इंट्री गेट में दर्री थानेदार रघुनंदन प्रसाद शर्मा की ड्यूटी लगाई गई थी. सीएम की सुरक्षा को देखते हुए वहां आने-जाने वाले हर अधिकारी और व्यक्ति के आई कार्ड की जांच की जा रही थी. इसी दौरान वहां पहुंचे सुनील कुजूर से भी उन्होंने आई कार्ड मांगा, सूत्रों के मुताबिक टीआई सीएस को नहीं पहचानते थे।
सीएस सुनील कुजूर
मुख्य सचिव ने जैसे ही अपना परिचय थानेदार को दिया, उन्होंने माफी भी मांग ली. लेकिन इसके साथ ही आईजी से शिकायत भी की. जिसके बाद कार्रवाई की गई. टीआई को सस्पेंड करने की पुष्टि कोरबा एसपी जितेंद्र मीणा ने की है. Lalluram.com से बातचीत करते हुए उन्होंने सीएस की शिकायत के संबंध में तो कुछ नहीं कहा, लेकिन उन्होंने कहा कि ड्यूटी के दौरान टीआई के खिलाफ शिकायत मिली थी. जिसकी जांच कटघोरा एसडीओपी को दी गई है, जिसके बाद ही पूरा मामला स्पष्ट हो सकेगा. इस संबंध में सीएस सुनील कुजूर से भी संर्पक करने की कोशिश की गई, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका।
