
पंचायत तंत्र- रायपुर । रायपुर सेंट्रल जेल में कोरोना पॉजिटिव मरीजों का जेल के भीतर ही अब इलाज किया जाएगा। जेल में स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से अलग कोविड अस्पताल (बैरक बनाकर) कैदियों और बंदियों का इलाज शुरू कर दिया गया है। यह व्यवस्था कोरोना पॉजिटिव केस मिलने के बाद की गई है, जिससे कैदियों की खास सुरक्षा में परेशानी भी नहीं आएगी और जेल के भीतर ही उनका इलाज भी संभव होगा।
वहीं जेल में कोरोनावायरस रोकथाम के उपायों में विशेष सतर्कता बरती जाने लगी है। पूर्व से ही जेल में रह रहे कैदियों को संक्रमण से बचाने के लिए जेल में एंट्री के समय और फिर बैरक में कैदियों को रखे जाने तक, हर चरण पर स्वच्छता और सावधानी का कड़ाई से पालन भी करवाया जा रहा है। जेल डीआईजी डॉ.के.के. गुप्ता ने बताया जेल के भीतर ही 60 बिस्तर कोविड विशेष अस्पताल की व्यवस्था की गई है जिसमें कैदियों और बंदी (जो कोविड़ पॉजिटिव मिले हैं) उनका इलाज किया जा रहा है। डॉ. गुप्ता ने बताया कैदियों और बंदियों को किसी अस्पताल में दाखिल कराकर इलाज कराने पर उनकी सुरक्षा को लेकर परेशानी हो सकती थी। इसे देखते हुए जेल प्रशासन के अनुरोध पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी रायपुर के सहयोग से जेल में ही कोविड-19 अस्पताल खोला गया है, जहां पॉजिटिव मरीजों का इलाज चल रहा है। उन्होंने बताया सामान्य तौर पर भी बाहर से आने वाले कैदियों को 30 दिन (अलग-अलग बैरक में ) क्वारेंटीन किया जा रहा है और पुन: मेडिकल जांच के बाद ही उन्हें सामान्य बैरक में भेजा जा रहा है। हालांकि जेल में कोविड संक्रमण ना हो इसे देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने राज्य के सभी जेलों में अभियोगाधीन (अंडर ट्रायल) या बाहर से लाए गए कैदियों को 14 दिन तक अलग सेल में रखकर क्वारेंटीन किए जाने का निर्देश दिया था। इसे देखते हुए जेल प्रशासन सेंट्रल जेलों में अतिरिक्त व्यवस्था के तहत तीन बैरक बनाकर बाहर से आने वाले कैदियों को क्वारेंटीन कर रही है। यही व्यवस्था सभी जिला जेलों में भी की गई है। उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले जेल परिसर में 4 प्रहरी पॉजिटिव मिले थे। उनके प्राइमरी और सेकेंडरी कांटेक्ट में आए लोगों का रैपिड टेस्ट कराया गया, जिसमें कुछ कैदी और बंदी पॉजिटिव मिले थे। इसके बाद ही जेल प्रशासन ने जेल में ही कोविड पॉजिटिव मरीजों के इलाज का फैसला लिया।
विधायक एवं गृह विभाग के संसदीय सचिव विकास उपाध्याय केन्द्रीय जेल में कैदियों के बीच संक्रमण की सूचना के बाद सीधे जेल जाकर पूरे जेल परिसर का निरीक्षण कर बारीकी से एक-एक बातों का अवलोकन किया। इस दौरान केन्द्रीय जेल के अधीक्षक डॉ. के.के. गुप्ता पूरे समय विकास उपाध्याय के साथ रहकर एक-एक चीज की जानकारी दी। विकास उपाध्याय ने केन्द्रीय जेल में निरीक्षण को लेकर जाँच रिपोर्ट विभागीय मंत्री ताम्रध्वज साहू को सौंप कर कई सुझाव भी दिये।
