panchayattantra24.-रायपुर। पर्यटन, संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री राजेश अग्रवाल ने लखनपुर स्थित अपने निज निवास में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में क्षेत्रवासियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों, महिलाओं और नागरिकों ने सड़क, बिजली, पेयजल, राजस्व प्रकरण तथा सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़ी समस्याओं को मंत्री के समक्ष रखा। मंत्री अग्रवाल ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
मंत्री अग्रवाल ने कई मामलों में मौके पर ही अधिकारियों से दूरभाष पर चर्चा कर समाधान सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनता से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा हर शिकायत का निराकरण समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से होना चाहिए।
जनदर्शन के दौरान मंत्री अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार सुशासन, पारदर्शिता और विकास को केंद्र में रखकर कार्य कर रही है। शासन की मंशा है कि सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और किसी भी पात्र हितग्राही को कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि अंबिकापुर विधानसभा क्षेत्र सहित पूरे प्रदेश में अधोसंरचना विकास, मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
मंत्री अग्रवाल ने अधिकारियों को दो टूक निर्देश देते हुए कहा कि फाइलों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए और जनता की समस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता दिखाई जाए। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास सरकार की सबसे बड़ी पूंजी है और इस विश्वास को बनाए रखना प्रशासन की जिम्मेदारी है।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
