panchayattantra24.- दंतेवाड़ा/गीदम। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा के व्यापार नगरी गीदम में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। बिती रात एक सूने मकान को चोरों ने निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के नकदी और जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लगातार हो रही चोरी की वारदातों से लोगों में पुलिस व्यवस्था को लेकर नाराजगी भी देखी जा रही है।
क्या है पूरा मामला ?
जानकारी के अनुसार, वार्ड क्रमांक 06 में रहने वाला परिवार किसी पारिवारिक कार्यक्रम में घर में ताला लगाकर बाहर गया हुआ था। इस अवसर का फायदा उठाते हुए अज्ञात चोरों ने घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और कमरों में रखी अलमारियों व सामान को खंगाल डाला। चोर नगदी राशि के साथ सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए।
टूटा मिला ताला, बिखरा मिला सामान
बताया जा रहा है कि जब परिवार के सदस्य वापस लौटे तो घर का ताला टूटा हुआ मिला और अंदर का सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी एवं अन्य स्थानों की जांच करने पर नगदी और जेवरात गायब मिले, जिसके बाद घटना की सूचना तत्काल गीदम पुलिस को दी गई।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा संदिग्ध गतिविधियों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच शुरू कर दी गई है।
रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग
स्थानीय लोगों का कहना है कि सप्ताह भर में इस वार्ड में चोरी की यह दूसरी बड़ी घटना है। लगातार हो रही चोरियों से नागरिकों में भय का माहौल है और लोग अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। लोगों ने रात्रि गश्त बढ़ाने तथा चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस प्रशासन से प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
