panchayattantra24.-रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन पर जिले में सड़क सुरक्षा एवं आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से यातायात पुलिस एवं थाना पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा प्रतिदिन मोटर व्हीकल एक्ट के तहत वाहनों की जांच एवं वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। विदित हो कि डीएसपी यातायात उत्तम प्रताप सिंह के नेतृत्व में प्रतिदिन शाम के समय वाहनों की सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में बीते दिनों यातायात पुलिस द्वारा वाहनों की जांच के दौरान बुलेट मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 13 यूजे 4901 को रोका गया। जांच में पाया गया कि उक्त वाहन में मॉडिफाई साइलेंसर लगाया गया था, जिससे पटाखों जैसी तेज आवाज निकल रही थी।
इस प्रकार का मॉडिफाई साइलेंसर ध्वनि प्रदूषण फैलाने के साथ-साथ आमजन की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए भी बाधक है। उक्त कृत्य पर यातायात पुलिस रायगढ़ द्वारा वाहन चालक अवधेश कुमार श्रीवास के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 182(4) के तहत वैधानिक कार्रवाई करते हुए ₹5,000 का जुर्माना अधिरोपित किया गया। रायगढ़ पुलिस द्वारा वाहन चालकों से निर्धारित मानकों के अनुरूप वाहन संचालन करने तथा यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई है।
यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध ऐसी कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।
