panchayattantra24.-रायपुर। प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने की दिशा में जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी लगातार बढ़ रही है। इसी कड़ी में राजिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री रोहित साहू ने निक्षय मित्र बनकर पांच टीबी मरीजों को गोद लिया और उन्हें अतिरिक्त पोषण आहार किट प्रदान की।
विधायक साहू ने अपने जन्मदिन के अवसर पर गरियाबंद जिले के पाण्डुका स्थित गायत्री मंदिर परिसर में आयोजित रक्तदान एवं स्वास्थ्य शिविर में यह पहल करते हुए टीबी मरीजों के उपचार और पोषण सहयोग का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान को सफल बनाने के लिए समाज के सभी वर्गों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और नागरिकों को आगे आकर निक्षय मित्र बनना चाहिए। इससे टीबी मरीजों को उपचार के साथ आवश्यक पोषण सहायता भी मिल सकेगी और देश को टीबी मुक्त बनाने के लक्ष्य को गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि टीबी जैसी बीमारी के खिलाफ लड़ाई केवल स्वास्थ्य विभाग की नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। मरीजों को समय पर उपचार, पोषण और सामाजिक सहयोग उपलब्ध कराकर उन्हें स्वस्थ जीवन की मुख्यधारा से जोड़ा जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित रक्तदान शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने स्वैच्छिक रक्तदान किया। विधायक श्री साहू ने रक्तदाताओं को सम्मानित करते हुए उनके योगदान की सराहना की और कहा कि रक्तदान मानवता की सेवा का सर्वाेच्च माध्यम है।
इस अवसर पर जनपद पंचायत छुरा की अध्यक्ष श्रीमती मीरा ठाकुर, श्री अमित साहू, अनिल चंद्राकर, अजय रोहरा, पाण्डुका की सरपंच सुश्री भानू ध्रुव, जिला क्षय अधिकारी डॉ. ए.के. हुमने, बीएमओ डॉ. राहुल नेताम, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
