panchayattantra24.- रायपुर। राजधानी रायपुर में आज शाम आए तेज हवा और तूफान के चलते एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। तेलीबांधा थाना क्षेत्र स्थित चोखरधानी रेस्टोरेंट के बाहर पार्किंग के लिए बनाई गई शेड अचानक भरभराकर गिर गई। घटना के समय पार्किंग क्षेत्र के आसपास कई महिलाएं और बच्चे मौजूद थे, लेकिन राहत की बात यह रही कि कोई भी इसकी चपेट में नहीं आया और सभी सुरक्षित बच गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज हवा के बीच अचानक पार्किंग शेड का एक हिस्सा ढह गया, जिससे वहां खड़ी कुछ कारें इसकी चपेट में आ गईं। हादसे में एक-दो वाहनों को नुकसान पहुंचा है। घटना के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही तेलीबांधा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तेज हवा और तूफान के कारण पार्किंग शेड गिर गई। इस घटना में किसी व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है।
पुलिस ने बताया कि हादसे में केवल वाहनों को नुकसान पहुंचा है। वहीं, चोखरधानी रेस्टोरेंट प्रबंधन ने क्षतिग्रस्त वाहनों के नुकसान की भरपाई करने की जिम्मेदारी ली है। इसके बाद प्रभावित वाहन मालिकों से भी चर्चा की गई।
हालांकि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन जिस समय शेड गिरी, वहां महिलाओं और बच्चों की मौजूदगी को देखते हुए इसे बड़ा हादसा टलना माना जा रहा है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाने के साथ ही आगे की आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई है।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
