panchayattantra24.-बिलासपुर। कोटा पुलिस ने मदद मांगने के बहाने राहगीरों को रोककर मोबाइल लूटने वाले छह आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से लूटा गया मोबाइल और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त कर ली है। सभी आरोपित को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। एसडीओपी नुपूर उपाध्याय ने बताया कि ग्राम जोगीपुर में रहने वाले योगेश यादव(19) ने 24 जुलाई को थाना पहुंचकर लूटपाट की शिकायत की थी। उन्होंने पुलिस को बताया कि 23 जुलाई की रात करीब 10.30 बजे वह अपने साथी अमित बिरको के साथ मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। इसी दौरान सूरजपुर पुल के पास बाइक पर सवार बदमाशों ने इमरजेंसी में काल करने का बहाना बनाकर उन्हें रोक लिया। जैसे ही योगेश ने मदद के लिए रुककर बात करनी चाही, आरोपित ने उसका मोबाइल झपट लिया और उसकी मोटरसाइकिल को लात मारकर गिरा दिया। इसके बाद सभी आरोपित मौके से फरार हो गए। मामले में पुलिस ने बीएनएस की धारा 304(1) एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस की टीम ने पीड़ित द्वारा बताए गए हुलिये के आधार पर संदेहियों की तलाश शुरू की। पूछताछ के दौरान राकेश उर्फ टार्जन पोर्ते, दिव्यांशु उर्फ कोल और तुषार साहू को हिरासत में लिया गया। पहले तो वे गोलमोल जवाब दे रहे थे। कड़ाई से पूछताछ में उन्होंने अपने अन्य साथियों अभय यादव, सुरेश पोर्ते और राहुल उर्फ भोला पोर्ते के साथ मिलकर लूटपाट की घटना को स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपित युवकों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल और घटना में प्रयुक्त बाइक को जब्त कर लिया है। आरोपित युवकों को न्यायालय के आदेश पर जेल भेजा गया है।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
