panchayattantra24.- बीजापुर: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में चलाए जा रहे नक्सल विरोधी अभियान के तहत सीआरपीएफ की 199वीं वाहिनी को बड़ी सफलता मिली है। विश्वसनीय सूचना के आधार पर जवानों ने पीडिया एवं कुप्पागुड़ा क्षेत्र के एड्री, हर्रा, नयापारा और सरपंचपारा के घने जंगलों में सघन तलाशी अभियान चलाया। कमांडेंट आनंद कुमार के मार्गदर्शन और उप कमांडेंट दर्शन यादव की देखरेख में बी/199 एवं एफ/199 कंपनी और यंग प्लाटुन के जवानों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई को अंजाम दिया।
सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों द्वारा जंगल में छिपाकर रखे गए 14 नक्सली डंप बरामद किए गए। बरामद सामग्री में एक 303 बोल्ट एक्शन रायफल, पांच भरमार रायफल और एक देशी 12 बोर रायफल शामिल हैं। इसके अलावा 10 आईडी, 8 डेटोनेटर, कोडेक्स वायर, वायरलेस सेट, प्लास्टिक एवं स्टील कंटेनर समेत आईडी निर्माण में उपयोग होने वाली विभिन्न इलेक्ट्रिक सामग्री और नक्सली कपड़े बरामद किए गए हैं। कुल 99 प्रकार की घातक सामग्री जब्त की गई है।
सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर बेहद सतर्कता के साथ चरणबद्ध तरीके से तलाशी अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। सीआरपीएफ अधिकारियों के अनुसार क्षेत्र में लगातार चल रहे अभियान से नक्सली गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगा है और ग्रामीणों में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है। इसके पहले पुलिस ने बीजापुर जिले के पेगडापल्ली के जंगल में नक्सली डंप बरामद किया था। 29 अगस्त को ग्राम पेगड़ापल्ली के जंगल क्षेत्र में चलाए गए अभियान के दौरान संदिग्ध व्यक्ति बोगम लखमू (39) को घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपी ने प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) संगठन के चिन्नागेलूर डीएकेएमएस सदस्य के रूप में कार्य करने तथा नक्सलियों की सामग्री एवं विस्फोटक छिपाने के लिए ले जाने की बात स्वीकार की। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 50 हजार 50 रुपए नकद, एक बीजीएल लांचर, 18 बीजीएल सेल, 12 तीर बम, एक हैंड ग्रेनेड, 303 के 15 जिंदा राउंड, 31 बीजीएल कार्ट्रिज, एक इंसास खाली मैगजीन, बिजली वायर, तीन राउंड चार्जर एवं एक ईमीटर लीड बरामद किया गया।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
