panchayattantra24.- रायपुर। भगवान गणेश की प्रतिमाओं के मूल स्वरूप से छेड़छाड़ को लेकर राजधानी रायपुर में संत समाज और हिंदू संगठनों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। मामले को लेकर साधु-संत लगातार मूर्तिकारों के पंडाल और प्रतिमा निर्माण स्थलों पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं और शासन-प्रशासन से कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
संत समाज के प्रदेश अध्यक्ष स्वामी राजेश्वरानंद और छत्तीसगढ़ बजरंग दल के संयोजक भूषण साहू ने गणेश प्रतिमाओं के स्वरूप में बदलाव को लेकर नाराजगी जताई है। उन्होंने शासन और प्रशासन से पूर्व में जारी निर्देशों का कड़ाई से पालन कराने और मूर्ति के मूल स्वरूप से छेड़छाड़ करने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
कार्रवाई नहीं होने पर विरोध प्रदर्शन की चेतावनी
संत समाज का आरोप है कि जिला प्रशासन द्वारा आदेश जारी किए जाने के बावजूद उसके पालन की निगरानी के लिए प्रशासनिक अमला मूर्ति निर्माण स्थलों तक नहीं पहुंच रहा है। स्वामी राजेश्वरानंद और भूषण साहू ने प्रशासन से मामले में त्वरित कार्रवाई करने का आग्रह किया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो संत समाज सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करेगा।
नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग
संत समाज का कहना है कि धार्मिक आस्था से जुड़े विषय में प्रशासन को गंभीरता दिखाते हुए मूर्तिकारों को जारी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराना चाहिए। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए। बता दें कि पिछले साल प्रशासन ने गणेशजी की मूर्तियों से छेड़छाड़ नहीं करने का आदेश जारी किया था पर इसका पालन नहीं किया जा रहा है।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
