panchayattantra24.-आरंग। नशे के खिलाफ रायपुर जोन में चल रहे ऑपरेशन निश्चय के तहत आरंग पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे और निशानदेही से करीब 2 किलो गांजा बरामद किया है, जिसकी कीमत करीब 1 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस के मुताबिक पकड़े गए तीनों आरोपियों का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड भी है।
बस से उतरकर पैदल जा रही थी महिला, पुलिस ने रास्ते में पकड़ा
मामला आरंग थाने में दर्ज अपराध और धारा 20(B) एनडीपीएस एक्ट से जुड़ा है। पुलिस को सूचना मिली थी कि भानसोज की रहने वाली 50 वर्षीय मनचली दिवरा गांजा लेकर आरंग कॉलेज चौक से अपने गांव की ओर जा रही है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गवाहों के साथ आरंग-कलई रोड पर वाटर हार्वेस्टिंग के पास घेराबंदी की। कुछ देर बाद बताए हुलिए की महिला वहां पहुंची, जिसे पुलिस ने रोककर पूछताछ की। उसके पास मौजूद सफेद प्लास्टिक के थैले की तलाशी लेने पर गांजा मिला।
भूरे टेप में लिपटे थे दो पैकेट
पुलिस के अनुसार थैले के अंदर भूरे रंग के टेप से लिपटे दो पैकेट मिले। गवाहों की मौजूदगी में वजन कराने पर गांजा 2 किलो निकला। इसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख रुपए आंकी गई। पुलिस ने गांजा जब्त कर महिला को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में सामने आए सप्लायर और खरीदार
पुलिस की पूछताछ में मनचली ने बताया कि वह गांजा ग्राम पारागांव निवासी सुखनंदन बंजारे से लेकर आई थी। इसे वह ग्राम गुल्लू निवासी वेदराम लोधी को देने जा रही थी। महिला से मिली जानकारी के बाद पुलिस ने दोनों युवकों को भी पकड़ा। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में सुखनंदन और वेदराम ने भी गांजा तस्करी के मामले में अपनी भूमिका स्वीकार की है।
तीनों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस ने आरोपियों का रिकॉर्ड खंगाला तो तीनों के खिलाफ पहले से मामले सामने आए। मनचली दिवरा पूर्व में थाना तेलीबांधा में दर्ज धारा 34(2) आबकारी एक्ट के मामले में जेल जा चुकी है। वहीं वेदराम लोधी के खिलाफ थाना आरंग में आबकारी एक्ट का मामला दर्ज रह चुका है। उसके खिलाफ मारपीट के तीन प्रकरण भी दर्ज हैं। सुखनंदन बंजारे के खिलाफ भी मारपीट के दो पुराने मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की है।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
