panchayattantra24.-रायपुर। 30 अक्टूबर से 3 नवंबर की अवधि में छह केंद्रीय मंत्री छत्तीसगढ़ में मौजूद रहेंगे। इनमें केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह, केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण आवास मंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय स्वास्थ्य, रसायन एवं उर्वरक मंत्री जगत प्रकाश नड्डा, केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र सिंह, केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया तथा केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी किशन रेड्डी शामिल हैं।
राज्य में डबल इंजन की सरकार होने का सकारात्मक असर छत्तीसगढ़ के तीव्र विकास में नजर आ रहा है। राज्य में विकास योजनाओं को लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने लगातार दिल्ली में केंद्रीय मंत्रियों से संपर्क रखा है। उनके बेहतर समन्वय के चलते केंद्रीय मंत्रियों ने नवाचारी योजनाओं के लिए छत्तीसगढ़ को विशेष प्राथमिकता दी है।
तीन नवंबर को राज्योत्सव के समापन कार्यक्रम के अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह राजधानी में मौजूद रहेंगे। शाह के मार्गदर्शन में नक्सलवाद को देश से जड़ से मुक्त कराने की रणनीति बनी और उन्होंने 31 मार्च 2026 तक इसे समाप्त करने का लक्ष्य रखा। यह लक्ष्य समय पर पूरा हुआ। शाह ने छत्तीसगढ़ को इस लड़ाई में हर जरूरी संसाधन तथा मनोबल प्रदान किये। नक्सलवाद से लड़ने केंद्रीय सहायता योजना से राशि उपलब्ध कराई।
पीएम आवास जैसी योजनाओं से इस समन्वय की झलक मिलती है। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सबसे महत्वाकांक्षी योजना है। राज्य में अब तक 24 लाख 50 हजार आवास स्वीकृत हो चुके हैं। मुख्यमंत्री साय ने इस संबंध में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात की थी, चौहान जब भी छत्तीसगढ़ प्रवास पर आये, उन्होंने अतिरिक्त पीएम आवासों की घोषणा की। बस्तर के पुननिर्माण की दिशा में भी सरकार कार्य कर रही है। इसी दिशा में नक्सल प्रभावित परिवारों एवं आत्मसमर्पित नक्सलियों के लिए 15 हजार विशेष आवास स्वीकृत किये गये।
अंतरराष्ट्रीय संकटों के चलते खाद की वैश्विक आपूर्ति प्रभावित हुई। छत्तीसगढ़ के किसानों को खाद की पर्याप्त मात्रा में उपलब्धता हो, इसके लिए पिछले खरीफ सीजन में मुख्यमंत्री साय ने केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा से पहल की। उन्होंने 50 हजार मीट्रिक टन यूरिया और 50 हजार मीट्रिक टन डीएपी की उपलब्धता सुनिश्चित कराई। इस बार भी अतिरिक्त डीएपी केंद्रीय मंत्री ने उपलब्ध कराई।
केंद्रीय मंत्री सामाजिक न्याय और अधिकारिता डॉ. वीरेंद्र कुमार 30 और 31 अक्टूबर को रायपुर एवं बिलासपुर के दौरे पर रहेंगे। मुख्यमंत्री साय ने प्रदेश के वंचित वर्गों के कल्याण के लिए विशेष पहल की है और इसे लेकर उन्होंने डॉ. वीरेंद्र कुमार से अनेक बार चर्चा की है जिसके बाद इन विषयों पर वंचित वर्गों के कल्याण के लिए सार्थक निर्णय लिये गये।
केंद्रीय श्रम एवं रोजगार तथा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया राज्योत्सव कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर के मुख्य अतिथि होंगे। छत्तीसगढ़ में देश के पहले खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स हुए। यह आयोजन बेहद सफल रहा। केंद्र और राज्य के सहयोग और समन्वय का यह सुंदर उदाहरण बना। मुख्यमंत्री साय ने उनसे ईएसआईसी अस्पतालों के सुदृढ़ीकरण एवं विस्तार के लिए पहल की थी जिसके बाद यह काम हुआ।
केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी किशन रेड्डी 3 नवंबर को एनआईटी दीक्षांत समारोह में हिस्सा लेने आ रहे हैं, वे एक समीक्षा बैठक में भी हिस्सा लेंगे। खनन प्रभावित परिवारों के कल्याण के लिए चलाई जा रही योजनाओं के संबंध में मुख्यमंत्री साय का रेड्डी के साथ विमर्श हुआ और इनकी बेहतरी के लिए अनेक निर्णय लिये गये।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
