panchayattantra24 रायपुर. राजधानी के अंतरराष्ट्रीय हॉकी मैदान में खेली जा रही छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के चौथे दिन न्यायधानी नाइट्स और मैनपाट टाइटन्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। शाम 5:30 बजे खेले गए मुकाबले में न्यायधानी नाइट्स ने बैलाडीला बुल्स को एकतरफा 4-1 से हराकर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। इस मैच में न्यायधानी के चिराग ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए हैट्रिक पूरी की और टीम की जीत में मुख्य भूमिका निभाकर ‘स्ट्राइकर ऑफ द मैच’ तथा ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का खिताब अपने नाम किया, जबकि बैलाडीला बुल्स की तरफ से जसकरण ने एकमात्र गोल दागा। वहीं, 25 अक्टूबर को रात 7:30 बजे खेले गए लीग के सातवें मुकाबले में प्रदीप मोर की अगुवाई वाली मैनपाट टाइटन्स ने राजधानी रॉयल्स को 5-2 से करारी शिकस्त देकर उन्हें खिताबी दौड़ से लगभग बाहर कर दिया। इस मैच में जमशेदपुर टाटा एकेडमी से आए स्थानीय युवा खिलाड़ी मोहित नायक ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए दो पुरस्कार जीते। सोमवार के पहले मुकाबले में संस्कारधानी स्ट्राइकर्स का सामना बैलाडीला बुल्स से होगा. वहीं दूसरे मैच में चक्रधर चैंपियंस और मैनपाट टाइटन्स आमने-सामने होंगी.