*जिले के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों से 12 नमूने संकलित, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं शुद्धता की जांच पर विशेष जोर*
panchayattantra24.-खैरागढ़। नवरात्र पर्व एवं त्योहारी सीजन को ध्यान में रखते हुए जिले में आम नागरिकों को शुद्ध, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने तथा मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर प्रभावी रोकथाम के उद्देश्य से खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा विशेष सघन प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। इसके साथ ही ‘हर लेबल कुछ कहता है’ अभियान के अंतर्गत उपभोक्ताओं को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, पैकेजिंग, निर्माण एवं समाप्ति तिथि सहित अन्य आवश्यक जानकारियों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल के निर्देशन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार शुक्ला के मार्गदर्शन में जिले के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का लगातार निरीक्षण कर खाद्य सामग्री के नमूने संकलित किए जा रहे हैं। अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री दीपक घृतलहरे द्वारा किराना दुकानों, जनरल स्टोर्स एवं खाद्य सामग्री विक्रय प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों की जांच की जा रही है।
*चार दिनों में विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण, 12 खाद्य नमूने संकलित*
अभियान के अंतर्गत 7 अक्टूबर को खैरागढ़ के जयस्तंभ चौक स्थित मेसर्स भगवती किराना स्टोर्स का निरीक्षण किया गया। इस दौरान मैगी, ओट्स एवं फॉर्च्यून रिफाइंड सूरजमुखी खाद्य तेल के तीन विधिक नमूने संकलित किए गए। इसी क्रम में 8 अक्टूबर को बाजार अतरिया क्षेत्र स्थित मेसर्स जीतू डेली नीड्स एवं जनरल स्टोर्स का निरीक्षण कर पतंजलि काजू बिस्किट का एक विधिक नमूना तथा स्पेशल सूजी टोस्ट का एक सर्विलांस नमूना लिया गया।
इसके पश्चात 9 अक्टूबर को कलेक्टोरेट परिसर स्थित गढ़ कलेवा का निरीक्षण किया गया। यहां से समोसा एवं साबूदाना बड़ा के दो सर्विलांस नमूने संकलित किए गए। वहीं 12 अक्टूबर को खैरागढ़ के गोलबाजार क्षेत्र स्थित मेसर्स न्यू फेमस बाजार का निरीक्षण कर फलाहार में उपयोग होने वाली इंस्टेंट इडली, सिंघाड़ा आटा एवं साबूदाना के तीन विधिक नमूने तथा खम्मन ढोकला आटा का एक सर्विलांस नमूना संकलित किया गया।
इस प्रकार अभियान के दौरान विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों से कुल 12 नमूने संकलित किए गए हैं, जिनमें आठ विधिक एवं चार सर्विलांस नमूने शामिल हैं। संकलित नमूनों की गुणवत्ता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप परीक्षण की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
*‘हर लेबल कुछ कहता है’ अभियान से उपभोक्ताओं को किया जा रहा जागरूक*
खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा निरीक्षण के साथ-साथ उपभोक्ताओं को जागरूक करने पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। ‘हर लेबल कुछ कहता है’ अभियान के माध्यम से नागरिकों को पैकेटबंद खाद्य पदार्थ खरीदते समय निर्माण तिथि, उपयोग की अंतिम तिथि, खाद्य सामग्री की संरचना, निर्माता का विवरण तथा एफएसएसएआई लाइसेंस नंबर जैसी महत्वपूर्ण जानकारियों की जांच करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। उपभोक्ताओं को खाद्य सामग्री की गुणवत्ता एवं शुद्धता के प्रति सजग रहने तथा संदिग्ध खाद्य पदार्थों की जानकारी संबंधित विभाग को देने के लिए भी जागरूक किया जा रहा है।
*मिलावट रोकने और खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने निरीक्षण अभियान रहेगा जारी*
खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक घृतलहरे ने बताया कि जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा मिलावटी एवं अमानक खाद्य सामग्री के विक्रय पर रोकथाम के उद्देश्य से निरीक्षण एवं नमूना संकलन की कार्रवाई लगातार की जा रही है। विशेष रूप से त्योहारी अवसरों पर अधिक उपयोग होने वाले खाद्य पदार्थों एवं फलाहार सामग्री की गुणवत्ता पर ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने खाद्य कारोबारियों से खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों का पालन करते हुए स्वच्छ, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री का विक्रय करने की अपील की।
जिले में आम नागरिकों के स्वास्थ्य संरक्षण और खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विभाग द्वारा विशेष सघन प्रवर्तन अभियान के अंतर्गत निरीक्षण एवं नमूना संकलन की कार्रवाई सतत जारी रहेगी।
