
पंचायत तंत्र – रायपुर । प्रवीण सोमानी अपरहणकांड में रायपुर पुलिस ने गिरोह के एक और सदस्य पेशे से डॉक्टर को उत्तरप्रदेश के अंसारगंज इल्तफाजगंज इब्राइमपुर जिला अंबेडकर नगर से गिरफ्तार किया। आरोपित बीएएमएस डॉ. आफताब अहमद को उसके घर से गिरफ्तार किया गया। वह लॉकडाउन होने की वजह से घर में ही था। रायपुर पुलिस ने अंबेडकर नगर पुलिस की मदद से छापामार कार्यवाही करते हुए आरोपित को गिरफ्तार किया। आरोपित को मंगलवार को न्यायालय के सामने पेश किया जाएगा ।
एडिशनल एसपी पंकज चंद्रा ने बताया कि आठ जनवरी को प्रवीण सोमानी का अपहरण सिलतरा से किया गया था। रायपुर पुलिस ने लगातार कार्यवाही करते हुए पूर्व में पांच को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में डॉक्टर का नाम सामने आया था। जिसके बाद से लगातार तलाश जारी थी ।
मुखबिर से सूचना पर पुलिस ने डॉ. आफताब के घर पहुंची। जहां से आरोपित को गिरफ्तार किया गया। पुलिस को पूछताछ में आरोपित ने गुनाह कबूलते हुए बताया कि प्रवीण सोमानी का अपहरण कर अंबेडकर नगर स्थित उसके अस्पताल की बेसमेंट कार पार्किंग में रखा गया था। जहां उसके द्वारा उद्योगपति प्रवीण को बेहोशी का इंजेक्शन और मेडिकल चेकअप किया जाता था ।
कई अहम जानकारी आ सकती हैं सामने
डॉक्टर की गिरफ्तारी से पुलिस को पूछताछ में कई और अहम जानकारी मिल सकती है। घटना के बाद से फरार आरोपित डॉक्टर कहां छिपा था और वह किस-किस के संपर्क में था । इसकी भी जांच में पुलिस जुटी है। डॉक्टर से गिरोह के फरार अन्य तीन सदस्यों के बारे में अहम जानकारी सामने आ सकती हैं ।
नौ में से छह आरोपित गिरफ्तार
अपहरण कांड में रायपुर पुलिस ने नौ के खिलाफ अपराध कायम किया था। अब तक रायपुर पुलिस ने छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है। तीन आरोपित पुलिस की पहुंच से अभी भी दूर हैं ।
