
रायपुर । रायपुर में कलेक्टर और एसपी की संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस कर राजधानी रायपुर में कोरोना मरीज मिलने के बाद सुरक्षा के लिए किए जा रहे उपायों की जानकारी दी है। कलेक्टर ने समता कालोनी, चौबे कालोनी गुढ़ियारी की सभी दुकानें 31 मार्च तक बन्द करने का निर्देश जारी किया है। मॉल और डिपार्टमेंटल स्टोर को भी बन्द करने की तैयारी की जा रही है।
बता दें कि छत्तीसगढ़ में कोरोना का पहला पॉजिटिव केस सामने आया है। रायपुर के समता कॉलोना निवासी एक युवती कोरोना पॉजिटिव है। युवती 15 मार्च को विदेश यात्रा कर रायपुर लौटी थी। जांच रिपोर्ट आने के बाद रायपुर एम्स प्रबंधन ने इसके कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि कर दी है।
युवती को देर रात रायपुर एम्स अस्पताल में भर्ती किया गया है। युवती के माता-पिता का भी सैंपल लिया गया है। बताया जा रहा है कि युवती के साथ उसके माता पिता भी विदेश यात्रा पर थे, लेकिन आशंका होने पर केवल युवती का ही रायपुर एम्स में सैंपल लिया गया था। देर रात जांच रिपोर्ट आने पर युवती को माता-पिता समेत अस्पताल बुलाया गया ।
