
रायपुर । एयरपोर्ट में टैक्सी सेवा अब निजी हाथों में सौंप दी गई है। कंपनी ने एयरपोर्ट परिसर में नया प्री पेड काउंटर भी खोल दिया है। इसकी शुरुआत शुक्रवार से ही की गई है। फिलहाल कंपनी ने किराया सूची चस्पा नहीं की है, लेकिन माना जा रहा है एयरपोर्ट से जयस्तंभ चौक यानी शहर तक का किराया 400 से 500 रुपए के बीच रहेगा। पिछली बार टैक्सियों के किराये को लेकर बड़ा विवाद हुआ था। इसके बावजूद नए टेंडर में किसी भी तरह का किराया कम नहीं किया गया है। दिल्ली की कंपनी डब्लूटीआई को इसका ठेका दिया गया है। कंपनी तीन साल एयरपोर्ट से टैक्सी का संचालन करेगी। इसके लिए अथॉरिटी को हर महीने करीब 6.5 लाख रुपए मिलेंगे। इसके अलावा 1.50 लाख रुपए जीएसटी के भी देने होंगे। यानी महीने में 8 लाख रुपए का खर्चा। इसकी वसूली के लिए हवाई यात्रियों से टैक्सियों का किराया ज्यादा लिया जाएगा। अथॉरिटी ने इस बार टेंडर में किराया बढ़ाकर रखा था। इस वजह से रायपुर में लोकल टैक्सी कंपनी चलाने वालों ने अपने हाथ खींच लिए। बताया जा रहा है कि टेंडर में कंपनी को किसी भी तरह की कोई चुनौती ही नहीं मिली।