
रायपुर । 21 जून को सरदार बलवीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में सुबह 7 से 8 बजे तक अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाएगा. इसमें मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल होंगे. वे मंत्रियों, विधायकों, आला अधिकारियों,अतिविशिष्ट जनों के साथ कपालभाती, भामरी और गौमुखा आसन, सर्वांगन आसन, अनुलोम-विलोम करते नजर आएंगे ।
प्रदेश समेत रायपुर में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाने के लिए छत्तीसगढ़ योग आयोग तैयारी में जुट गया है. इस वर्ष लगभग 60 लाख लोगों को आयोजन से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है.छत्तीसगढ़ के हर जिले में योग दिवस मनाया जाएगा. कोरबा जिला मुख्यालय के मुख्य कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत शामिल होंगे. इसी तरह सभी जिला मुख्यालयों के मुख्य आयोजनों में जिले के प्रभारी मंत्री अथवा नामांकित मंत्री के अलावा सांसद, विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष, महापौर एवं अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहेंगे ।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस आयोजन का उद्देश्य जन सामान्य में योग के प्रति जागरूकता लाना और इससे शारीरिक एवं मानसिक रोगों में मिलने वाले लाभों से परिचय कराना है. इस आयोजन में सभी विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, पुलिस एवं सुरक्षा बलों के सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों, जेल के बंदियों, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट एवं गाइड के सभी कैडेट के साथ-साथ शासकीय एवं निजी विश्वविद्यालय, महाविद्यालय, विद्यालय एवं आश्रमों के छात्र-छात्राएं तथा नागरिकगण शामिल होंगे.प्रदेश के मुख्य सचिव सुनील कुमार कुजूर ने सामूहिक योगाभ्यास के लिए व्यवस्थित कार्ययोजना के अनुसार इसका क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश सभी जिला कलेक्टरों को दिए हैं. उन्होंने कार्यकम के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश भी दिए हैं ।
जिलों में ये मंत्री और विधायक सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम में होंगे शामिल…
बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में मंत्री डॉ शिव कुमार डहरिया, गरियाबंद में सरगुजा क्षेत्र विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष गुलाब कमरो, महासमुंद जिले में मंत्री गुरू रूद्र कुमार, धमतरी जिले में मध्यक्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष लक्ष्मी ध्रुव, दुर्ग में मंत्री ताम्रध्वज साहू, बालोद में मंत्री अनिला भेंड़िया, बेमेतरा में विधायक आशीष कुमार छाबड़ा, राजनांदगांव में विधायक दलेश्वर साहू, कबीरधाम में मंत्री मोहम्मद अकबर, बिलासपुर में मंत्री रविन्द्र चौबे, रायगढ़ में मंत्री उमेश पटेल, मुंगेली में मध्य क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष पुरूषोत्तम कवंर, जांजगीर-चांपा में मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम, सरगुजा में मंत्री टी.एस. सिंहदेव, कोरिया में मंत्री जय सिंह अग्रवाल, जशपुर में मध्य क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष लालजीत सिंह राठिया, बलरामपुर में सरगुजा क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष बृहस्पत सिंह, सूरजपुर में सरगुजा क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष खेलसाय सिंह, बस्तर में मंत्री कवासी लखमा, कांकेर में विधायक शिशुपाल सोरी, कोण्डागांव में बस्तर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष संतराम नेताम, सुकमा में विधायक मोहन मरकाम, नारायणपुर में विधायक चन्दन कश्यप, बीजापुर में बस्तर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष विक्रम मण्डावी, दंतेवाड़ा में बस्तर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष लखेश्वर बघेल शामिल होंगे ।