
panchayattantra24.com, बिलासपुर। बहतराई क्षेत्र में नाग-नागिन तालाब के पास सरकारी जमीन पर कब्जा कर बनाए गए 60 से अधिक मकानों को जेसीबी से तोड़ा गया. कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने विरोध किया, लेकिन निगम अमले के आगे उनकी एक नहीं चली।
बता दें कि बहतराई क्षेत्र में नाग-नागिन तालाब के पास सरकारी जमीन पर सरकारी मकान बनाए जाने की योजना पिछले 5 सालों से कब्जेधारियों की वजह से क्रियान्वित नहीं हो पा रही है. निगम हर बार कब्जा हटाने की कोशिश करता है, लेकिन राजनीति और लोगों के विरोध के कारण यह संभव नहीं हो रहा था।
कब्जेधारियों को कब्जा खाली करने के लिए कुछ दिनों पहले निगम ने नोटिस भी जारी किया था. इसके बाद भी जगह खाली नहीं की गई तो निगम ने सुबह से तोड़फोड़ शुरू कर दी. कार्रवाई के बीच महिलाओं ने विरोध जताया, लेकिन निगम के अमले के सख्त तेवर देख वे पीछे हट गए. अधिकारियों ने यह कार्रवाई आगे जारी रहने की बात कही है।
