Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
Author: admin
panchayattantra24.-कोरबा। कटघोरा पहुंचे CM साय ने आमसभा को संबोधित किया। नारायणपुर-अबूझमाड़ को महाराष्ट्र से जोड़ेगा नेशनल हाईवे 130-डी बस्तर अंचल को महाराष्ट्र से जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग 130-डी के निर्माण को नई गति मिली है। छत्तीसगढ़ शासन ने कुतुल से नीलांगुर (महाराष्ट्र सीमा) तक 21.5 किलोमीटर हिस्से के निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली है।
इस सड़क के निर्माण के लिए न्यूनतम टेंडर देने वाले ठेकेदार से अनुबंध की प्रक्रिया शर्तों सहित पूरी करने के निर्देश लोक निर्माण विभाग मंत्रालय द्वारा प्रमुख अभियंता, राष्ट्रीय राजमार्ग परिक्षेत्र रायपुर को दिए गए हैं। कुल तीन खंडों में निर्मित होने वाले 21.5 किलोमीटर सड़क के निर्माण हेतु लगभग 152 करोड़ रुपए न्यूनतम टेंडर दर प्राप्त हुई है, जिसे छत्तीसगढ़ शासन ने मंजूरी प्रदान कर दी है।
यह उल्लेखनीय है कि कुतुल, नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ क्षेत्र में स्थित है और कुतुल से महाराष्ट्र सीमा पर स्थित नीलांगुर की दूरी 21.5 किलोमीटर है। यह नेशनल हाईवे 130-डी का हिस्सा है। इस सड़क का निर्माण टू-लेन पेव्ड शोल्डर सहित किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि एनएच-130डी राष्ट्रीय राजमार्ग है, जिसकी कुल लंबाई लगभग 195 किलोमीटर है। यह एनएच-30 का शाखा मार्ग (स्पर रूट) है। यह कोण्डागांव से शुरू होकर नारायणपुर, कुतुल होते हुए नीलांगुर (महाराष्ट्र सीमा) तक जाता है। आगे महाराष्ट्र में यह बिंगुंडा, लहरे, धोदराज, भमरगढ़, हेमा, लकासा होते हुए आलापल्ली तक पहुँचता है, जहाँ यह एनएच-353डी से जुड़ जाता है। इस मार्ग के विकसित होने से बस्तर क्षेत्र सीधे राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क से जुड़ जाएगा और व्यापार, पर्यटन एवं सुरक्षा को बड़ी मजबूती प्राप्त होगी।
panchayattantra24.-रायपुर। सीएम साय ने आज जल संरक्षण हेतु आयोजित कार्यशाला में सम्मिलित हो कर इस अमूल्य संसाधन के संरक्षण एवं संवर्धन के विभिन्न पहलुओं पर सार्थक चर्चा की। आगे उन्होंने कहा, कार्यशाला में जल संरक्षण के प्रतीक “जल कलश” में रायगढ़ में बहने वाली केलो नदी का जल अर्पित कर प्रदेश की सभी नदियों के संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लिया।
हमारी सरकार जल संरक्षण को केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जन आंदोलन के रूप में आगे बढ़ा रही है। जन भागीदारी के साथ भूजल स्तर बढ़ाने, वर्षा जल को सहेजने, जल स्त्रोतों को पुनर्जीवित करने और उन्हें संरक्षित करने का कार्य कर रही है। मुझे विश्वास है कि “सुजलाम भारत-जल संरक्षण एवं जल संवर्धन कार्यशाला 2025” जल संवर्धन, संरक्षण और एकत्रीकरण के ठोस उपायों की दिशा में एक सार्थक पहल सिद्ध होगी।
panchayattantra24.-रायपुर। राज्यपाल रमेन डेका को आज राजभवन में ‘‘सोसाइटी फॉर एम्पावरमेंट‘‘ द्वारा प्रकाशित मासिक पत्रिका ‘‘प्रारंभ‘‘ की प्रति भेंट की गई। विशेष पिछड़ी जनजातियों पर केंद्रित इस विशेषांक का संपादन मानवविज्ञानी एवं राज्यपाल के उप सचिव डॉ. रूपेन्द्र कवि द्वारा किया गया है। इस विशेषांक में विशेष पिछड़ी जनजातियों समुदायों की सामाजिक, सांस्कृतिक एवं आर्थिक स्थिति पर गहन विमर्श प्रस्तुत किया गया है, तथा इससे नीति-निर्माताओं, शोधार्थियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं को उपयोगी जानकारी मिलेगी। राज्यपाल डेका ने पत्रिका की विषयवस्तु की सराहना करते हुए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने इस पहल को जनजातीय समुदायों की जागरूकता एवं सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास बताया।
panchayattantra24.-कोरबा। CM साय ने रामपुर चौक में वीर शहीद सीताराम कंवर की मूर्ति का अनावरण किया। सीएम साय ने कहा, महान आदिवासी योद्धा एवं स्वतंत्रता सेनानी वीर सीताराम कँवर जी ने 1857 की क्रांति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी थी। आज कोरबा जिले के रामपुर चौक में वीर शहीद सीताराम कंवर जी की मूर्ति का अनावरण कर उनके बलिदान को नमन किया। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधिगण एवं कंवर समाज के पदाधिकारी उपस्थित रहें।
panchayattantra24.- रायपुर। विष्णुदेव साय सरकार ने गायों की सुरक्षा को लेकर बड़ा फैसला लिया है। दरअसल सीएम साय ने दिवाली से पहले बड़ी घोषणा करते हुए कहा है कि गाय को छत्तीसगढ़ की राजमाता घोषित करने पर विचार किया जाएगा। बता दें कि अलग-अलग संगठनों की ओर से लंबे समय से गाय को प्रदेश की राजमाता घोषित किए जाने की मांग उठती रही है। लेकिन अब तक किसी भी सरकार ने इस संबंध में विचार नहीं किया गया था। लेकिन साय सरकार ने इस ओर पहल की है। देखना होगा कि सरकार इस संबंध में कितनी जल्दी फैसला लेती है।
दरअसल बागेश्वर धाम के धीरेंद्र शास्त्री ने पिछले पांच दिनों तक छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में रामकथा का पाठ किया। इस दौरान उन्होंने मंच से प्रदेश सरकार से मांग करते हुए कहा था कि गाय को छत्तीसगढ़ की राजमाता घोषित किया जाना चाहिए। वहीं, अब सीएम साय ने इस मामले में बड़ा बयान देते हुए कहा है कि गाय को राजमाता बनाने पर विचार किया जाएगा। दूसरी ओर छत्तीसगढ़ सरकार ने गौ-सेवा आयोग नियम 2005 में संशोधन कर जिला और ब्लॉक स्तरीय समिति के अध्यक्ष और सदस्यों की नियुक्ति की है। राज्य बनने के बाद पहली बार इतने व्यापक स्तर पर गौशालाओं के निरीक्षण के लिए समितियों का गठन किया गया है। अध्यक्ष और सदस्य 3 साल के लिए जिम्मेदारी संभालेंगे। छत्तीसगढ़ में जिला और ब्लॉक स्तर पर कुल 934 अध्यक्ष और सदस्य बनाए गए हैं। कमेटी में अध्यक्ष और 5-5 सदस्यों की नियुक्ति की गई है।
panchayattantra24.-महासमुंद। जिले में एक भीषण सड़क हादसा हुआ। नेशनल हाईवे 53 पर जामपाली के पास मवेशी को बचाने के प्रयास में स्विफ्ट डिजायर कार पलट गई। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। कार में सवार सभी लोग एक ही परिवार के लोग बताए जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, स्विफ्ट डिजायर कार (क्रमांक JH 10 CJ 1511) चंद्रपुर से धनबाद (झारखंड) जा रही थी। इसी दौरान नेशनल हाईवे 53 पर जामपाली के पास अचानक सड़क पर मवेशी आ जाने से ड्राइवर ने वाहन को बचाने की कोशिश की, लेकिन कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में शमा खान (32 वर्ष), जरीन खान (9 वर्ष) और आतीश खान (19 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अफरोज खान और सिबू खान गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मदद के लिए आए और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिथौरा पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रायपुर रेफर कर दिया गया। मृतक और घायल सभी झारखंड के धनबाद निवासी बताए जा रहे हैं, जो किसी काम से चंद्रपुर आए थे और मंगलवार को वापस लौट रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही पिथौरा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के साथ जांच में जुट गई।
panchayattantra24.-बलौदाबाज़ार। दाऊ कल्याण सिंह जी के गांव तरेंगा (भाटापारा) से सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने मंगलवार को विकासखंड स्तरीय सांसद खेल महोत्सव का शुभारंभ किया।श्री अग्रवाल ने इस दौरान विभिन्न स्पर्धाओं के विजेताओं को पुरस्कृत भी किया। इस अवसर पर उन्होंने 1 करोड़ 64 लाख रुपये की लागत से 33/ 11 किलोवॉट विद्युत सब स्टेशन का भूमिपूजन किया। इसके अलावा अग्रवाल ने तरेंगा में धान खरीदी अहाता हेतु 20 लाख,सीसी रोड निर्माण के लिए 10 लाख और प्राथमिक शाला तरेंगा में पेवर ब्लॉक हेतु 5 लाख रुपये की मंजूरी भी दी।सांसद अग्रवाल ने इस अवसर पर दाऊ जी की दानशीलता को नमन करते हुए छत्तीसगढ़ की प्रगति में उनके योगदान की चर्चा की। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल, कलेक्टर दीपक सोनी, पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
रायपुर लोकसभा क्षेत्र अंतर्गत जिले के सिमगा, भाटापारा एवं बलौदाबाजार में विकासखंड स्तरीय प्रतियोगितायें 7 से 11 अक्टूबर 2025 तक़ आयोजित की जायेंगी। सांसद खेल महोत्सव 2025 के अंतर्गत रायपुर लोकसभा क्षेत्र में 25 दिसम्बर तक लगभग 13 विधाओं में विभिन्न खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। सांसद खेल महोत्सव का उद्देश्य खेल एवं फिट इंडिया का वातावरण बनाना तथा ग्रामीणों में खेल के प्रति उत्साह और रुचि पैदा करना है।
सांसद खेल महोत्सव में पुरुष एवं महिला वर्ग एवं 9 से 19 वर्ष एवं 19 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के प्रतिभागी भाग ले सकते हैं। इसमें खो-खो, कुश्ती, बालीबॉल, भारोत्तोलन,तैराकी,शारीरिक सौष्ठव( बॉडी बिल्डिंग) शतरंज, फुगड़ी, कबड्डी, गेड़ी दौड़, रस्सा -कस्सी एवं रस्सी कूद खेल में प्रतियोगितायें होंगी। विकासखंड स्तर पर ग्रामीण क्षेत्र के प्रत्येक ग्राम पंचायत एवं नगरीय क्षेत्र में से प्रत्येक खेल से आयु वर्गवार महिला एवं पुरुष विजेता प्रतिभागी एवं दल का चयन किया जाएगा। तृतीय चरण में लोकसभा रायपुर क्षेत्र अंतर्गत विकासखंड स्तर पर विजेता खिलाडी रायपुर लोकसभा क्षेत्र सांसद खेल महोत्सव 2025 में शामिल होंगे।
panchayattantra24.-रायपुर। छत्तीसगढ़ के आंगनबाड़ी केंद्र अब पोषण और देखभाल के साथ-साथ बच्चों के सर्वांगीण विकास के केंद्र बनते जा रहे हैं। महासमुंद जिले के शहरी सेक्टर-1 अंतर्गत संजय नगर-2, दलदली रोड और विश्वकर्मा वार्ड स्थित सक्षम आंगनबाड़ी केंद्र इस परिवर्तन की सजीव मिसाल हैं। रंग-बिरंगी दीवारों, शैक्षणिक चित्रों, खेल-खेल में सीखने के तरीकों और खिलखिलाते बच्चों की उपस्थिति ने इन केंद्रों की छवि पूरी तरह बदल दी है।
दीवारों पर उकेरी गई चित्रकारी और संदेश “जितनी अच्छी वजन की रेखा, उतना अच्छा बच्चा देखा”, “लड़का-लड़की एक समान” न केवल बाल देखभाल का संदेश दे रहे हैं बल्कि समाज में समानता और स्वास्थ्य जागरूकता का प्रसार भी कर रहे हैं। यहां बच्चों के साथ गर्भवती माताएं और किशोरी बालिकाएं भी विभिन्न योजनाओं के माध्यम से लाभान्वित हो रही हैं।
सेक्टर पर्यवेक्षक श्रीमती शीला प्रधान के अनुसार मुख्यमंत्री बाल संदर्भ योजना, प्रधानमंत्री मातृत्व वंदन योजना, नोनी सुरक्षा, महतारी वंदन योजना और सुकन्या समृद्धि योजना जैसी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन इन केंद्रों में हो रहा है। इन पहलों से माताओं और बालिकाओं के स्वास्थ्य, पोषण और अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है। केंद्रों में स्वच्छता और व्यवस्थापन पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। आरओ वाटर प्यूरीफायर, स्वच्छ किचन रूम, खेल सामग्री और खेलघर जैसी सुविधाएं बच्चों को सुरक्षित और प्रोत्साहनकारी वातावरण दे रही हैं। अर्ली चाइल्डहुड केयर के तहत बच्चों को भाषा, गणित और व्यवहारिक ज्ञान की बुनियादी शिक्षा रोचक तरीकों से दी जा रही है।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती रूपा भारती और श्रीमती अंजू चंद्राकर बताती हैं कि बच्चों के अन्नप्राशन संस्कार से लेकर किशोरियों के स्वास्थ्य और स्वच्छता तक के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। महतारी समितियों की नियमित बैठकें माताओं की सहभागिता सुनिश्चित कर रही हैं।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि हर आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के समग्र विकास का सशक्त माध्यम बने। उन्होंने कहा कि बच्चों के उज्जवल भविष्य और माताओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए राज्य में अनेक योजनाएं प्रभावी रूप से संचालित की जा रही हैं।
महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में विभाग द्वारा किए जा रहे नवाचारों से छत्तीसगढ़ में आंगनबाड़ी केंद्रों की सूरत बदल रही है। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी अब केवल पोषण का केंद्र नहीं, बल्कि बच्चों के बौद्धिक, शारीरिक और सामाजिक विकास का आधार बन चुकी हैं।
panchayattantra24.-जशपुर। जिले में पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) पर एक ट्रक को रोका और उसमें से लगभग 25 लाख रुपए की अवैध शराब जब्त की। इस मामले में पंजाब के दो आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं।
कोतवाली पुलिस ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि किसी ट्रक के जरिए एक बड़े पैमाने पर अवैध शराब की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर चेकिंग की जहां एक संदिग्ध ट्रक को रोका गया। तलाशी के दौरान पुलिस को ट्रक के अंदर छुपाई गई भारी मात्रा में शराब बरामद हुई। पुलिस ने ये भी बताया कि जब्त शराब की कीमत लगभग 25 लाख रुपए आंकी गई है। फ़िलहाल पुलिस ने ट्रक चालक और एक अन्य व्यक्ति को पंजाब का निवासी बताया है, जिन्हें तस्करी के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों से पुलिस पूछताछ कर रही है ताकि ये पता लगाया जा सके कि शराब कहाँ से लाई गई थी और किस-किस तक पहुंचाई जानी थी। इसके अलावा, पुलिस इस मामले में शामिल अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है।
ये कार्रवाई शराब तस्करी को रोकने के लिए पुलिस की एक बड़ी सफलता मानी जा रही है। जशपुर पुलिस ने साफ किया है कि वो ऐसे अवैध कारोबार के खिलाफ सख्ती से निपटेंगे और भविष्य में भी इस प्रकार की तस्करी रोकने के लिए हर संभव कदम उठाएंगे। स्थानीय प्रशासन ने भी पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की है और जनता से अपील की है कि वो इस तरह की गतिविधियों की सूचना पुलिस को देते रहें।
panchayattantra24.-रायपुर। राज्य में परंपरागत चिकित्सा और आयुर्वेदिक स्वास्थ्य पद्धतियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रायपुर में राज्य स्तरीय परंपरागत वैद्य सम्मेलन आयोजित किया गया। इस सम्मेलन में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विशेष रूप से भाग लिया और वैद्य समुदाय के प्रतिनिधियों से मुलाकात की। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य राज्य में पारंपरिक और आयुर्वेदिक चिकित्सा को संगठित करना और इसकी उपयोगिता तथा नवाचारों पर चर्चा करना था। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से आए परंपरागत वैद्य, आयुर्वेदिक चिकित्सक और स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने अपनी-अपनी विधाओं और उपचार पद्धतियों के बारे में जानकारी साझा की।
मुख्यमंत्री साय ने इस अवसर पर कहा कि राज्य सरकार पारंपरिक चिकित्सा के क्षेत्र में नई पहल कर रही है और वैद्य समुदाय को प्रशिक्षण, तकनीकी सहयोग और स्वास्थ्य कार्यक्रमों में भागीदारी के अवसर प्रदान करेगी। उन्होंने यह भी जोर दिया कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए परंपरागत चिकित्सा और आयुर्वेदिक उपचार महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। सम्मेलन में आयुर्वेदिक औषधियों के उत्पादन, जड़ी-बूटी संसाधनों के संरक्षण और पारंपरिक उपचार पद्धतियों के डिजिटलीकरण पर भी विशेष सत्र आयोजित किए गए। इसके अलावा, युवा चिकित्सकों और छात्रों को परंपरागत चिकित्सा में रुचि बढ़ाने के लिए विभिन्न प्रशिक्षण कार्यशालाओं का आयोजन किया गया।
वैद्य सम्मेलन ने राज्य के स्वास्थ्य क्षेत्र में परंपरागत और आधुनिक चिकित्सा के समन्वय को मजबूत करने के प्रयासों को भी रेखांकित किया। कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य नीति, औषधि निर्माण और लोक स्वास्थ्य के क्षेत्र में नवीनतम शोध और तकनीकों पर भी चर्चा हुई। समारोह में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, आयुर्वेदिक संस्थानों के प्रतिनिधियों और समाज के विभिन्न वर्गों के लोग उपस्थित रहे। सम्मेलन का समापन मुख्यमंत्री साय के धन्यवाद संदेश और परंपरागत चिकित्सा को बढ़ावा देने के लिए नए कदम उठाने की प्रतिबद्धता के साथ हुआ।