रायपुर । लोकसभा चुनाव को लेकर आए एग्जिट पोल ने भाजपा उम्मीदवारों की उम्मीदें बढ़ा दी है। एग्जिट पोल में भाजपा को छत्तीगसढ़ में छह से आठ सीट जीतता दिखाया जा रहा है। ऐसे में भाजपा के नेता जोश से भर गये हैं। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने एग्जिट पोल के बाद दावा किया कि देश में एनडीए की सरकार बनना तय हो गया है। प्रदेश में किसानों के साथ वादाखिलाफी का कांग्रेस को परिणाम भुगतना पड़ रहा है। रायपुर लोकसभा से भाजपा उम्मीदवार सुनील सोनी ने कहा कि देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लहर है। रायपुर लोकसभा में करीब एक लाख वोट के अंतर से जीत मिलेगी। वहीं, राजनांदगांव लोकसभा से उम्मीदवार संतोष पांडेय ने कहा कि विधानसभा चुनाव के परिणाम का असर लोकसभा चुनाव में नजर नहीं आ रहा है। जनता ने पीएम मोदी के नाम पर जनादेश दिया है। राजनांदगांव के वोटर देश में मजबूत सरकार चाहते हैं, इसलिए भाजपा के पक्ष में मतदान किया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के गृहजिले दुर्ग से उम्मीदवार विजय बघेल, सरगुजा उम्मीदवार रेणुका सिंह और बिलासपुर के उम्मीदवार अस्र्ण साव भी अपनी जीत को लेकर आश्वस्त नजर आ रहे हैं। भाजपा ने लोकसभा चुनाव में सभी दस सांसदों का टिकट काटकर नये उम्मीदवारों को मैदान में उतारा था।देश की जनता के भरोसे की जीत होगी – उसेंडी
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष विक्रम उसेंडी ने कहा कि परिणाम एग्जिट पोल से भी बेहतर आने वाले हैं। सर्वे के अनुमान बताते हैं कि भारत की जनता ने भाजपा सरकार के कार्यों पर मुहर लगायी है। एक तरफ जहां दुनिया भर में मोदी के कुशल नेतृत्व का डंका बज रहा था, वहीं यह दुर्भाग्यजनक था कि कांग्रेस जैसी पार्टी ने निहित स्वार्थवश मर्यादा की तमाम सीमाओं का अतिक्रमण किया है। यह चुनाव कांग्रेस, तृणमूल समेत सभी भाजपा विरोधी दलों द्वारा फैलाये गये दुष्प्रचार और उछाले गये कीचड़ के लिए भी जाना जायेगा। 23 मई को इसी भरोसे की जीत के रूप में चुनाव परिणाम आने वाले हैं।
एग्जिट पोल पर सीएम से मिले मंत्री, विधायक
एग्जिट पोल से छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का कांग्रेस की एकतरफा जीत को लेकर किया गया दावा कमजोर पड़ता नजर नहीं आ रहा है। सोमवार को बघेल जहां भी गए, उनकी बॉडी लैंग्वेज बता रही थी कि एग्जिट पोल एक बार फिर फेल हो जाएगा और कांग्रेस को छत्तीसगढ़ में एकतरफा जीत मिलेगी। एग्जिट पोल पर भरोसा न करते हुए, मुख्यमंत्री ने सीएम हाउस में कुछ मंत्रियों, विधायकों और पार्टी के नेताओं से अलग-अलग चर्चा कर संभावित नतीजे को जानने की कोशिश की। चर्चा का दौर लगभग तीन घण्टे चला। ज्यादातर एग्जिट पोल में छत्तीसगढ़ में कांग्रेस को 11 लोकसभा सीटों में से 3 से 4 सीट मिलने की संभावना जताई जा रही है। सोमवार को मुख्यमंत्री बघेल ने राजधानी में अपने सरकारी निवास पर बैठक ली। इसमें उन्होंने अपने ड्रीम प्रोजेक्ट नरवा, गरुवा, घुरवा, बाड़ी पर बात की। इसके बाद दोपहर 12.30 बजे से शाम लगभग 4 बजे तक मुख्यमंत्री ने पार्टी के नेताओं, अपने सलाहकारों के साथ एग्जिट पोल पर चर्चा की। कवासी लखमा समेत कुछ मंत्री और विधायक भी सीएम हाउस पहुंचे थे। सीएम ने मंत्रियों से उनके प्रभार वाले जिले और उसके अंतर्गत आने वाली लोकसभा सीटों पर आने वाले नतीजे की संभावना को टटोला। इस बीच मुख्यमंत्री ने उपस्थित लोगों के साथ लंच भी किया।
नतीजों से पहले मिठाई फलों की आर्डर बुक
मार्केट की रौनक शादी सीजन के साथ ही चुनाव परिणाम को लेकर भी बढ़ गई है। इसके साथ ही बैंड-बाजा व ढोल की भी पूछपरख काफी बढ़ गई है। कारोबारियों का कहना है कि चुनाव परिणाम वाले दिन तो यहां की रौनक और देखते ही बनेगी। चुनाव परिणाम आने में बस कुछ ही घंटे ही बाकी हैं और इसके बाद नई सरकार आपके सामने होगी, लेकिन परिणामों से इतर मिष्ठानों और फूल मार्केट की रौनक देखते ही बन रही है। पार्टी समर्थक व प्रत्याशी समर्थक अभी मिष्ठानों व फूल मालाओं तथा बुके आर्डर देने में लगे हुए हैं।
