Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
Browsing: छत्तीसगढ़
रायगढ़ । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को छत्तीसगढ़ में रायगढ़ के कोंडातराई में जनसभा को संबोधित किया। मोदी ने कहा कि भाजपा सरकार के अच्छे कामों को कांग्रेस रोकने में लगी है। लेकिन देश का गरीब हमारे साथ है। उन्होंने कहा कि राज्य में कांग्रेस ने कर्जमाफी के नाम पर किसानों को धोखा दिया है। जानिए पीएम मोदी के भाषण की 12 बड़ी बातें-
जमीन से आसमान तक हो रहा बदलाव
वही लोग हैं, वह धरती है, वही आसमान है, वही समंदर है। लेकिन जमीन से आसमान तक अब बदलाव हो रहा है।
छत्तीसगढ़ से पुराना नाता
आपके साथ मेरा नाता बहुत पुराना है। जब सत्ता के गलियारों में हम कहीं नहीं थे, तब संगठन के कार्यों के लिए मैं आपके बीच बैठता था। यहां के कार्यकर्ताओं में भाजपा के प्रति जो मैंने भाव देखा है, वो अभूतपूर्व है।
काम में लाएंगे तेजी
यहां के विधानसभा चुनाव के बाद हर वर्ग के विकास के लिए हमारा संकल्प और मजबूत हुआ है। मैं विश्वास दिलाता हूं कि छत्तीसगढ़ की सड़कों, रेलवे के काम, उद्योग धंधे लगाने के काम में हम और तेजी लाएंगे।
छत्तीसगढ़ सरकार ने लिए ये फैसले
छत्तीसगढ़ की नई सरकार ने दो नए फैसले लिएः पहलाः आयुष्मान भारत योजना से छत्तीसगढ़ को अलग किया। दूसराः सीबीआई को राज्य में आने पर रोक लगाई। मैं कांग्रेस सरकार से जानना चाहता हूं कि आखिर वे छत्तीसगढ़ के गरीबों को किस बात की सजा दे रहे हैं।
पिछली सरकार के काम हो रहे ठप
दो महीने पहले जब छत्तीसगढ़ में नई सरकार बनी तो हमें भी उम्मीद थी कि ये कुछ नए तरीके से काम करेंगे। लेकिन सच्चाई ये है कि जो पहले बेहतर काम किये जा रहें थे, उन्हें भी ठप किया जा रहा है।
कांग्रेस ने 55 साल तक देश को किया गुमराह
कांग्रेस ने 55 साल में गरीब को बर्बाद किया, देश को गुमराह किया। हमने गरीबों में नया विश्वास भरा है, नई उम्मीद जगाई है। उसकी उंगली पकड़ के आगे बढ़ने के रास्ते खोजे हैं।
अपना भ्रष्टाचार छुपा रही कांग्रेस सरकार
कांग्रेस सरकार अभी से अपने भ्रष्टाचार को छुपाने में लगी है। दिल्ली से कांग्रेस को यही संस्कार मिलते हैं। उन्हें अब छत्तीसगढ़ को अपना एटीएम बनाना है। यहां से बक्से भर–भर के पैसे दिल्ली भेजने हैं।
कांग्रेस ने किया था कर्जमाफी का वादा
ठगी और धोखाधड़ी कांग्रेस की रग-रग में बसी है। छत्तीसगढ़ में इन्होंने किसानों की कर्जमाफी का वादा किया था, अभी तक किसी का ऋण माफ हुआ क्या?
कांग्रेस को कोसने वाले महागठबंधन में शामिल
देश के अलग अलग हिस्सों से ऐसे लोग महागठबंधन में मिल रहे हैं, जो कभी कांग्रेस को कोस कर उससे अलग हो गए थे। इनमें होड़ लगी है कि कौन मोदी को कितनी गाली दे सकता है। महामिलावट में शामिल होने का यही क्राइटेरिया है
किसानों के खाते में ट्रांसफर होंगे 6000 रूपये
हमारी सरकार इस बजट में पीएम किसान सम्मान निधि योजना लेकर आई है। इससे किसानों को साल में 6 हजार रुपये सीधे उनके बैंक खाते में ट्रांसफर किए जाएंगे।
देश में कम हो रही गरीबी
हमारी सरकार गरीबों के लिए है। उनके दर्द को समझने वाली सरकार है। पिछले साढ़े चार साल में गरीबों के कल्याण के लिए हमने कई काम किए हैं। इसी वजह से देश में गरीबी कम हो रही है।
शुरु हुई प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन
हमारी सरकार ने श्रमिक परिवारों के लिए, जो घरों में काम करते हैं, सड़कों या घरों के निर्माण में जुटे हैं, मिट्टी या लेबर का काम करते हैं, रिक्शा चलाते हैं, ऐसे करोड़ों लोगों के लिए देश के इतिहास में पहली बार प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन नाम की एक योजना शुरू की है।
रायगढ़ । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को छत्तीसगढ़ के प्रवास पर पहुंचे। यहां रायगढ़ में पीएम मोदी ने एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार आते ही गरीबों का दमन एक बार फिर शुरू हो गया है। गरीबों के लिए बनाई गई जनकल्याणकारी योजनाएं अब नई सरकार बंद कर रही है।
आयुष्मान भारत जैसी स्वास्थ्य योजना जिसमें बिचौलियों को खत्म कर गरीबों को सीधे चिकित्सा सुविधा पहुंचाई जा रही थी, उसे कांग्रेस की सरकार ने राज्य में बंद कर दिया। आज देश का गरीब मोदी के साथ खड़ा है। कांग्रेस ने 55 साल देश के गरीबों के सपनों का दमन किया। भाजपा की सरकार आने से गरीबों में सरकार के प्रति विश्वास बढ़ा है। अब गरीब, गरीबी के खिलाफ लड़ाई लड़ने के लिए अपने पैरों पर खड़ा है।
पीएम मोदी ने सीबीआई को राज्य में बैन करने के कांग्रेस सरकार के निर्णय को भी चुनौती दी। उन्होंने कहा कि राज्य और केंद्र के बीच शक्ति संतुलन की व्यवस्था के तहत सीबीआई जैसी जांच एजेंसी की स्थापना की गई है जो निष्पक्ष होकर जांच का काम करती है। राज्य सरकार यहां इसे बैन करने वाली कौन होती है।
अगर ईमानदारी से भी देश में किसानों की कर्जमाफी की जाए तो भी 20 फीसद से अधिक किसानों को इसका लाभ नहीं मिल पाता है। राज्य सरकार ने किसानों के कर्जमाफी की जो नीति बनाई है उसमें गरीब किसानों को लाभ मिलने पर संशय है। केंद्र सरकार ने किसानों के कल्याण के लिए जो योजना बनाई है उससे पूरे देश के किसानों को बिचौलियों से मुक्त लाभ मिलेगा। पीएम किसान सम्मान निधि योजना एक अनूठी योजना है। यह हर साल किसानों को खेती की पूरी प्रक्रिया में मदद करेगी।
पीएम मोदी के साथ मंच पर पूर्व सीएम डॉ. रमन सिंह व केंद्रीय मंत्री विष्णु साय और पूर्व आईएएस अफसर व भाजपा नेता ओपी चौधरी भी मौजूद थे। मंच से पूर्व सीएम डॉ रमन ने पीएम मोदी का आभार जताते हुए कहा कि देश को विश्व की छठी अर्थव्यवस्था बनाने पर पीएम मोदी को साधुवाद। डॉ रमन ने उज्ज्वला योजना की विश्व की सबसे बड़ी हितग्राही योजना बताकर मोदी सरकार की तारीफ की। डॉ रमन ने कहा कि आर्थिक आधार पर आरक्षण देने की हिम्मत करने वाले पीएम मोदी पर देशवासियों को नाज है।
सरगुजा । मनरेगा कार्यों में अनियमितता और लापरवाही बरतने के चलते तकनीकी सहायक अभिषेक प्रताप सिंह को बर्खास्त कर दिया गया है. इस संबंध में कलेक्टर एवं महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के जिला कार्यक्रम समन्वयक डॉ. सारांश मित्तर ने आदेश जारी कर दिया है।
जारी आदेश में बताया गया है कि संविदा तकनीकी सहायक अभिषेक प्रताप सिंह को जनपद पंचायत कार्यालय बतौली द्वारा 27 मार्च 2018, 10 अप्रैल 2018, 7 मई 2018, 14 जून 2018, 11 सितम्बर 2018 तथा जिला कार्यालय से भी विभिन्न कार्यो में लापरवाही के संबंध में नोटिस जारी किया गया था ।
अभिषेक प्रताप सिंह को शासकीय कार्यो को तत्परता से करने में कोई रूचि नहीं लेने एवं कार्यो में सुधार नहीं लाने के संबंध में 3 जनवरी 2019 को जारी अंतिम कारण बताओ नोटिस पत्र जारी कर स्पष्टीकरण मंगाया गया एवं नोटिस का अभिषेक प्रताप सिंह द्वारा कोई संतोषजनक उत्तर प्रस्तुत नहीं किया गया. इस प्रकार इनके कार्यो में कोई सुधार एवं प्रगति नहीं आने पर संविदा भर्ती नियम 2012 के तहत संविदा तकनीकी सहायक श्री सिंह की सेवा समाप्त कर दी गई है ।
शिमला । हिमाचल प्रदेश में पिछले 24 घंटे में व्यापक बारिश हुई और सर्वाधिक वर्षा चम्बा जिले में हुई। यह जानकारी मौसम विज्ञान विभाग ने बृहस्पतिवार को दी। विभाग ने राज्य में शुक्रवार तक भारी हिमपात और बारिश का अनुमान जताया है।
विभाग ने बताया कि चम्बा में 47 मिमी वर्षा हुई जबकि धर्मशाला में 42.8 मिमी, पालमपुर में 34 मिमी, कांगड़ा में 25.7 मिमी और उना में 21.6 मिमी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने कहा कि मनाली में 14 मिमी और डलहौजी में आठ मिमी वर्षा हुई। इसने कहा कि लाहौल एवं स्पीति का प्रशासनिक केंद्र केलांग राज्य का सबसे ठंडा स्थान बना हुआ है जहां न्यूनतम तापमान शून्य से 7.6 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक, कल्पा न्यूनतम तापमान शून्य से 2.6 डिग्री सेल्सियस कम, डलहौजी का शून्य से 0.2 डिग्री सेल्सियस कम, कुफरी का शून्य डिग्री सेल्सियस, मनाली का 0.4 डिग्री सेल्सियस और शिमला का न्यूनतम तापमान 4.3 डिग्री सेल्सियस मापा गया।
राजनांदगांव । खैरागढ़ नगर के प्रतिष्ठित महावीर वस्त्रालय में आयकर विभाग ने गुरुवार को अचानक दबिश देकर छापेमार कार्रवाई की जो आज भी जारी है। भिलाई और राजनांदगांव की आईटीम आयकर मामलों की जांच कर रही है।
गोल बाजार बख्शी मार्ग स्थित महावीर वस्त्रालय (क्लॉथ स्टोर) में आयकर विभाग के दल ने दबिश देकर आयकर मामलों की जांच शुरू की है। अभी विभाग की कार्रवाई जारी है। बताया जा रहा है कि इन्कम टैक्स के सेक्शन-133 के तहत व्यवसायिक प्रतिष्ठान में जांच सर्वे की कार्यवाही शुरू की गई है। आयकर विभाग की जांच टीम में लगभग 16 सदस्यीय टीम शामिल है और जांच के लिये प्रतिष्ठान पहुंचे आयकर विभाग के अधिकारियों ने खैरागढ़ पुलिस थाने से सुरक्षाबल भी साथ लिए हैं।
छापेमारी के बाद नगर के कतिपय अन्य व्यवसायियों में हड़कंप की स्थिति देखने को मिल रही है। बताया जा रहा है कि दुकान में विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों द्वारा टैक्स को लेकर छानबीन की जा रही है वहीं बिजनेस प्रिमिसेस के तहत सर्वे में प्रतिष्ठान के लेनदेन, बिलिंग आदि की जानकारी खंगाली जा रही है।
गौरतलब है कि लगभग साल भर पहले ही शॉपिंग मॉल की तर्ज पर महावीर क्लॉथ स्टोर का नया निर्माण करवाया गया है और वर्तमान में प्रतिष्ठान महावीर वस्त्रालय के नाम पर संचालित है। कार्यवाही में समाचार लिखे जाने तक कुछ भी गलत निकलकर नहीं आया है, बहरहाल कार्यवाही को लेकर नगर में तरह-तरह की चर्चाओं का बाजार गर्म है।
बीजापुर। आज सुबह पुलिस नक्सली मुठभेड़ में 10 नक्सलियों के मारे जाने की बड़ी खबर आ रही है। वहीं सुरक्षाबलों के जवानों ने नक्सलियों के पास 11 हथियार बरामद किए हैं। संभावना जताई जा रही है मुठभेड़ के दौरान मारे गए नक्सलियों की संख्या बढ़ सकती है।
जानकारी के मुताबिक पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ भैरमगढ़ थाना क्षेत्र के माड़ इलाके में चल रही है। एसपी मोहित गर्ग ने आईएनएच चैनल पर घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि DRG और STF के जवानों की संयुक्त कार्रवाई।
कानपुर देहात । अति आत्मविश्वास हार का कारण बनता है। यह नसीहत भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने बुधवार को अकबरपुर के इंटर कॉलेज मैदान में सेक्टर स्तर के कार्यकर्ताओं को दी। उन्होंने कहा कि 15 वर्षों तक सत्ता में रहने के दौरान किए गए विकास कार्यों के कारण अति विश्वास में आने से जनता से संपर्क कम हो गया। इसका नतीजा हमें हार के रूप में देखना पड़ा। वह सम्मेलन में छत्तीसगढ़ के विधानसभा चुनाव में हुई हार का हवाला दे रहे थे। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि आप जनता के बीच जाएं, उन्हें गरीब और आम जनता के लिए सरकार के किए गए कामों को गिनाएं।
अपने सरकार की उपलब्धियां बताएं। उज्ज्वला, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा, सौभाग्य योजना से होने वाले और मिलने वाले लाभ के बारे में बताएं। डॉ. सिंह ने विपक्ष पर भी तंज कसा। कहा, भाजपा के खिलाफ विपक्षी ताकतें एक हो रही हैं। आतंकवाद व नक्सलवाद को बढ़ावा देने वाली ये ताकतें देश को जाति व धर्म के नाम पर तोड़ना चाहती हैं।
ये ताकतें यदि सफल हुईं तो देश 50 वर्ष पीछे चला जाएगा। यह गठबंधन नहीं, बल्कि ठगबंधन है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि दिल्ली जाने का रास्ता उत्तर प्रदेश से होकर ही जाता है। हम पिछली बार 73 सीटें जीते थे, इस बार प्रदेश में 74 सीट जीतने का लक्ष्य तैयार करें। कानपुर देहात के कार्यकर्ताओं ने पिछले चुनाव में 57 फीसदी वोट दिला कीर्तिमान स्थापित किया था, जिसे दोहराना है।
जगदलपुर । कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी बुधवार सुबह 10.40 बजे विशेष विमान से दिल्ली से जगदलपुर पहुंचे। यहां सीएम भूपेश बघेल ने उनका आत्मीय स्वागत किया। उनके साथ वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री कवासी लखमा सहित विधायक और अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। राहुल गांधी इसके बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के साथ ओडिशा के कालाहांडी जिले के भवानीपटना के लिए रवाना हुए।
विधायक रेख चंद जैन, महापौर जतिन जायसवाल, विधायक मोहन मरकाम, दीपक बैज, लखेश्वर बघेल, विक्रम मंडावी, पूर्व मंत्री अरविन्द नेताम, गंगा पोटाई, शंकर सोढ़ी, राजीव शर्मा, फूलोदेवी नेताम सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक डीएम अवस्थी, पुलिस महानिदेशक आईबी संजय पिल्ले, कमिश्नर धनंजय देवांगन, पुलिस महानिरीक्षक विवेकानंद सिन्हा, पुलिस अधीक्षक डी श्रवण, प्रभारी कलेक्टर प्रभात मालिक ने भी फूल भेंटकर राहुल गांधी का स्वागत किया उपस्थित थे।
कानपुर । भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम डॉ. रमन सिंह ने आज कानपुर में सभा को संबोधित किया। रमन सिंह ने कानपुर देहात में आयोजित शक्ति केंद्र सम्मेलन को संबोधित किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने रमन सिंह का जोरदार स्वागत किया। रमन सिंह ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि एक बार फिर से नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाना है ।
मुंगेली। मुंगेली में कई पुलिस कर्मियों का तबदला किया गया है। मुंगेली एसपी पारुल माथुर ने पुलिस विभाग के अधिकारी- कर्मचारियों का थोक में तबादला किया है। इस तबादले में 4 उपनिरीक्षक,4 सहायक उपनिरीक्षक,14 प्रधान आरक्षक,व 52 आरक्षकों का तबादला किया गया है।
