Browsing: रायपुर

रायपुर । छत्तीगसढ़ में किसानों की कर्जमाफी पर विपक्ष के निशाने पर रही सरकार ने अब किसानों को कर्जमाफी का प्रमाण पत्र बांटना शुरू कर दिया है। सहकारिता मंत्री प्रेमसाय सिंह टेकाम ने जांजगीर के किसानों को प्रमाण पत्र बांटा। इस प्रमाण पत्र में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और सहकारिता मंत्री प्रेमसाय की फोटो लगी हुई है।
दरअसल, भाजपा लगातार यह आरोप लगा रही है कि किसानों का कर्ज माफ नहीं हुआ है। किसी भी किसान को नोड्यूस नहीं दिया गया है, जिससे किसानों को बैंक कर्ज नहीं दे रहे हैं। इसको देखते हुए सरकार ने प्रमाणपत्र वितरण शुरू किया है।
जांजगीर-चांपा जिले के विकास खंड़ नवागढ़ के ग्राम अमोदा में अल्प कालीन कृषि ऋण माफी योजना के तहत 35 किसानों को ऋण माफी का प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। इसके साथ ही टेकाम ने हरित क्रांति योजना के तहत 15 लाख 40 हजार स्र्पये की लागत से दो सौ मीट्रिक टन क्षमता वाले गोदाम का भूमि पूजन भी किया।
प्रभारी मंत्री ने स्थानीय लोगों की मांग पर हाई स्कूल परिसर में अहाता निर्माण एवं अन्य आवश्यकताओं को शीघ्र पूरा करने का आश्वासन दिया। डॉ. प्रेमसाय सिंह ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा किसानों की समृद्धि के लिए अनेक योजनाएं प्रारंभ की है। सरकार गठन होते ही किसानों को उनकी मेहनत का उचित मूल्य दिलाने के लिए धान की कीमत 2500 स्र्पये प्रति क्विंटल दिलायी गई।
सिंह ने कहा कि अल्प कालीन कृषि ऋण माफी योजना के तहत राज्य के किसानों का 6 हजार करोड़ स्र्पये से अधिक राशि का कृषि ऋण माफ किया गया। सरकार के इन फैसलों से किसानों का उत्साह बढ़ा है। युवाओं में भी कृषि के प्रति रूचि बढ़ी है। डॉ. टेकाम ने बताया कि किसानों की समृद्धि के लिए नरवा, गरूवा, घुरवा और बाड़ी को संरक्षित करने के लिए भी कार्ययोजना तैयार कर ली गई है। बीपीएल परिवार को भी 35 किलो चावल प्रति कार्ड दिया जा रहा है।

रायपुर । छत्तीगसढ़ के लोकसभा उम्मीदवारों के चयन में भाजपा पिछड़ती नजर आ रही है। कांग्रेस ने देशभर में लोकसभा की पहली सूची जारी कर दी है। वहीं, छत्तीगसढ़ के उम्मीदवारों के चयन के लिए स्क्रीनिंग कमेटी में चर्चा शुरू हो गई है। इस बीच, भाजपा उम्मीदवार चयन के अभियान में 21 दिन पिछड़ गई है।
दरअसल, भाजपा अभी अपने नेताओं-कार्यकर्ताओं की नाराजगी को दूर करने की कवायद में जुटी है। राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह का 15 फरवरी को दौरा होना था। अगर शाह का दौरा टला नहीं होता, तो भाजपा अपने उम्मीदवारों के नाम पर मंथन शुरू कर चुकी होती। बहरहाल, अब भाजपा बूथ स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक कार्यकर्ताओं और नेताओं की नाराजगी को दूर करने की कवायद में जुट गई है।
कट सकता है आठ सांसदों का टिकट
बूथ स्तर से लेकर विधानसभा स्तर तक सम्मेलन का खाका तैयार किया गया है। सांसदों को यह साफ संकेत दे दिया गया है कि अगर उनका टिकट कटता है, तो भी वे पार्टी के अधिकृत उम्मीदवार के पक्ष में काम करें। भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रामलाल ने यह संकेत दिया है कि करीब आठ सांसदों के टिकट में बदलाव किया जाएगा। इससे पहले अमित शाह की कोर टीम ने जो सर्वे किया था, उसमें पांच सांसदों का टिकट काटने की सिफारिश की है। ऐसे में यह संकेत मिल रहे हैं कि भाजपा पांच से आठ सांसदों के टिकट काट सकती है।
पिछले लोकसभा चुनाव में भाजपा ने पांच सांसदों रमेश बैस, दिनेश कश्यप, चंदूलाल साहू, कमला पाटले और विष्णुदेव साय का टिकट नहीं काटा था। भाजपा ने 2014 के लोकसभा चुनाव में विक्रम उसेंडी, अभिषेक सिंह, लखनलाल साहू, कमलभान सिंह, बंशीलाल महतो को पहली बार चुनाव मैदान में उतारा और जीत मिली थी। यही फार्मूला इस बार भी दोहराने की तैयारी चल रही है।
हर चुनाव में पांच उम्मीदवारों को बदलती रही है भाजपा
भाजपा लोकसभा चुनावों में हर बार पांच उम्मीदवारों को बदल देती रही है। बिलासपुर में वर्ष 2004 में पुन्‍नू लाल मोहल, 2009 में दिलीप सिंह जूदेव और 2014 में लखन साहू को उम्मीदवार बनाया। वैसे ही राजनांदगांव में प्रदीप गांधी, मधुसूदन यादव और अभिषेक सिंह, सरगुजा में नंदकुमार साय, मुरारीलाल सिंह और कमलभान सिंह को उम्मीदवार बनाया। कोरबा में कस्र्णा शुक्ला और बंशीलाल महतो, कांकेर में सोहन पोटाई, विक्रम उसेंडी में बदलाव किया गया।
कांग्रेस की स्क्रीनिंग कमेटी में नामों पर चर्चा
कांग्रेस की स्क्रीनिंग कमेटी ने अधिकतर सीट पर चेहरों का नाम तय कर लिया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बैठक के बाद कहा कि ज्यादातर सीट पर नये चेहरों को मौका दिया जाएगा। पिछले चुनाव में कांग्रेस सिर्फ एक दुर्ग लोकसभा सीट पर जीती थी। यहां से सांसद ताम्रध्वज साहू वर्तमान में सरकार में मंत्री है।
उनको लोकसभा चुनाव लड़ाने का संकेत मिल रहा है। इसके साथ ही धनेंद्र साहू, डॉ चरणदास महंत को भी चुनाव मैदान में उतारा जा सकता है। वहीं, प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया फोन करके हर लोकसभा में एक-एक नाम का सुझाव भी लिए हैं।

रायपुर । विक्रम उसेंडी को छत्तीसगढ़ बीजेपी का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने उनकी नियुक्ति को मंजूरी दे दी है। आपको बता दें कि विक्रम उसेंड़ी कांकेर से बीजेपी के सांसद हैं। उनको अब प्रदेश अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी दी गई है। अभी तक धरमलाल कौशिक प्रदेश अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। हालांकि उनके नेता प्रतिपक्ष बनने के बाद से ही नए अध्यक्ष को लेकर तलाश शुरु हो गयी थी।

रायपुर । सीएम भूपेश बघेल दिल्ली से रायपुर लौट आए हैं। रायपुर पहुंचने के बाद भूपेश बघेल ने कहा कि लोकसभा चुनाव को लेकर प्रत्याशियों के चयन के लिए कल चुनाव समिति की और आज स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक हुई। सीएम ने कहा कि जल्द ही प्रत्याशियों का चयन कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस बार नए और युवा चेहरे को प्राथमिकता दी जाएगी।
इसके साथ ही बघेल ने अमित शाह के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि हमारी सरकार को आए तो सिर्फ दो महीने हुए हैं। उससे पहले तो यहां बीजेपी की सरकार थी। शाह को बताना चाहिए कि नक्सलवाद क्यों बढ़ा। बता दें कि गुरुवार को प्रदेश के दौरे पर आए बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष अमित शाह ने कहा था कि कांग्रेस की सरकार जहां आती हैं वहां नक्सलवाद आता है।

रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर प्रदेश की महिलाओं को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी है। उन्होंने कहा कि महिला दिवस पूरी दुनिया में महिला सशक्तिकरण और महिलाओं के स्वाभिमान का प्रतीक है।

मुख्यमंत्री बघेल ने ट्वीट कर प्रदेश की महिलाओं को बधाई देते हुए कहा, ‘अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर नारी शक्ति के दृढ़ संकल्प और समर्पण को प्रणाम एवं समस्त महिलाओं को अनंत शुभकामनाएं।’

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ चरणदास महंत ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों और विशेष रूप से नारीशक्ति महिलाओं को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी है।  उन्होंने अपने संदेश में कहा है कि छत्तीसगढ़ में महिलाएं अब हर क्षेत्र में पुरुषों की बराबरी पर है।  छत्तीसगढ़ में सबसे अच्छी बात ये हैं कि यहां लिंगानुपात अन्य राज्यों की तुलना कहीं ज्यादा बेहतर है। 

डॉ महंत ने कहा कि यह दिवस विश्व में महिला सशक्तिकरण और महिलाओं के स्वाभिमान का प्रतीक है।  भारत मातृशक्ति का सम्मान सदैव करता रहा है।  विश्वशक्ति हिंदुस्तान को भारत माता के नाम पर पुकारा जाना इसका सबसे बड़ा उदाहरण है।  इसी तरह से छत्तीसगढ़ को भी महतारी कहकर पुकारते हैं।  छत्तीसगढ़ में महिला-पुरुष जन्म स्तर समानता एवं महिलाएं शिक्षा और स्वावलंबन सहित सभी क्षेत्रों में सशक्त हो रही हैं।  आर्थिक, सामाजिक रूप से बराबर की हिस्सेदारी प्रदेश की उन्नति को प्रगतिशील निरूपित कर रहा है।  छत्तीसगढ़ की गौरवशाली परम्परा में पुरूषों के साथ-साथ महिलाओं को भी बराबरी का दर्जा मिला है।  आज चाहे खेती -किसानी हो या महिला स्वसहायता समूहों के माध्यम से आर्थिक स्वावलंबन की बात हो, महिलाएं सभी क्षेत्रों में पुरूषों के साथ बराबरी का योगदान देने लगी है।  राज्य सरकार द्वारा बेटियों की शिक्षा, स्वास्थ्य सहित उनके सामाजिक-आर्थिक विकास के कार्य चलाये जा रहे है। 

रायपुर । राजधानी रायपुर में कानून-व्यवस्था को लोग ताक पर रखकर काम करते नजर आते हैं। कई लोगों पर राजनीतिक रौब इतना हावी है कि वे पुलिस को भी अब कुछ नहीं समझते, लेकिन पुलिस भी ऐसे लोगों को सबक सिखाने में माहिर है। एक ऐसे ही कारोबारी युवक को पुलिस को धौंस दिखाना काफी महंगा पड़ गया।
शहर के व्यस्ततम इलाके में दुकान के बाहर सड़क तक अपना सामान फैला कर कारोबार करने वाले इस युवक को यातायात पुलिस ने अपना सामान दुकान के अंदर ले जाने की समझाइश दी थी। समझाइश न मानने पर पुलिस के दो कॉन्स्टेबल उसका सामान हटवाने आए, इस पर युवक बिफर पड़ा।
पुलिस के जवान उससे शालीनता से बात कर रहे थे और वह आपा खोकर गाली-गलौच पर उतारू हो गया। औकात दिखाने की बात करने लगा। इस वक्त तो पुलिस ने उसके साथ कुछ नहीं किया, लेकिन कुछ देर बाद उसे थाने से पहुंची टीम ने गिरफ्तार कर लिया।
उसके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई और फिर गिरफ्तार युवक को लेकर सड़क के मुख्य मार्गों से होते हुए उसका जुलूस निकाला गया। इन सब के बाद युवक की हेकड़ी पूरी तरह बाहर निकल गई। आरोपी युवक का नाम सलीम दल्ला बताया जा रहा है। उसके खिलाफ धारा 294, 506, 186 और 353 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

रायपुर । छत्तीसगढ़ में पूर्णकालिक डीजीपी के नाम पर ऐलान आज दोपहर बाद होने की उम्मीद है। राज्य में फिल्हाल प्रभारी डीजी के रूप में डीएम अवस्थी सेवाएं दे रहे हैं। पूर्णकालिक डीजी के लिए उनके साथ वरिष्ठ आईपीएस संजय पिल्ले औरी आरके विज का नाम पैनल में है।
यूपीएससी ने राज्य शासन का पैनल भेज दिया है। इनमें से एक का नाम पूर्णकालिक डीजी के लिए ऐलान किया जाएगा। गौरतलब है, डीजीपी की नियुक्ति के लिए दिल्ली में विभागीय पदोन्नति समिति की बैठक हो चुकी है।
पिछले दिनों दिल्ली में हुई डीपीसी में राजय के मुख्यसचिव सुनील कुजूर शामिल हुए थे। बताया गया है कि राज्य में पूर्णकालिक डीजी के लिए तीन नामों का पैनल बनाया गया है। इसमें डीएम अवस्थी, संजय पिल्ले और आरके विज का नाम है।
पैनल में पहले तीसरा नाम रवि सिन्हा के होने की चर्चा थी, लेकिन उनी जगह श्री विज का नाम आया है। कहा जा रहा है कि प्रभारी डीजी के तौर पर काम कर रहे श्री अवस्थी को ही पूर्णकालिक डीजीपी बनाने की संभावना ज्यादा है। उनके बाद संजय पिल्ले का नाम है। वे वर्तमान में स्पेशल डीजी के रूप में राजय में ही सेवाएं दे रहे हैं।
सीएम के आने के बाद आदेश
सूत्रों का कहना है कि नए डीजीपी की नियुक्ति का आदेश आज दोपहर बाद हो सकता है। कारण यह है कि जल्द ही लोकसभा चुनाव के लिए आचार संहिता लगने वाली है। आचार संहिता लगी तो फिर नियुक्ति चुनाव आयोग की अनुमति पर होगी। इसीलिए आचार संहिता से पहले आदेश संभव है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल दोपहर बाद दिल्ली से लौट आएंगे। उसके बाद शाम तक आदेश जारी हो सकता है।

रायपुर । बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने रायपुर में सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। शाह ने कहा कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सरकार ने आते ही आयुष्मान भारत योजना को अधर में लटका दिया। जिससे इस योजना का फायदा यहां के लोगों को नहीं मिल पा रहा है। शाह ने कहा कि सरकार ने कर्ज माफी के नाम पर किसानों को छलने का काम किया है। उन्होंने नक्सलवादो को लेकर भी कांग्रेस पर पलटवार किया। अमित शाह ने कहा कि पश्चिम बंगाल में नक्सलवाद फैला तो कांग्रेस की सरकार थी, आंध्र प्रदेश में नक्सलवाद तब आया तो कांग्रेस की सरकार थी। आंध्र से छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद आया तो यहां भी कांग्रेस की सरकार थी। आखिर ये क्या रिश्ता है
बीजेपी अध्यक्ष ने शराबबंदी को लेकर भी कांग्रेस सरकार पर पलटवार किया। शाह ने कहा कि सरकार ने वादा किया था कि वह राज्य में शराबबंदी लागू करेगी। लेकिन सत्ता में आने के बाद वह कहते हैं कि यह काम इतना आसान नहीं है। अगर ये काम आसान नहीं है तो फिर वाद क्यों किया। अमित शाह ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि हमने जो काम 60 महीने में किया वह काम कांग्रेस 60 सालों में नहीं कर पाई। उन्होंने कहा कि अटल जी ने छत्तीसगढ़ को बनाया था। तब किसी ने कल्पना नहीं की थी कि घर-घर में बिजली पहुंच सकती है, हर घर में चावल देकर भूख दूर करने वाली कोई सरकार हो सकती है, गरीब आदिवासी भाई बहनों के बच्चों को कोई शिक्षित बना सकता है। भाजपा की सरकार ने यहां ये सब किया है।
मोदी सरकार की तारीफ करते हुए शाह ने कहा कि उरी में आतंकी हमला हुआ तो हमने सर्जिकल स्ट्राइक की। पुलवामा में हमला हुआ तो हमने एयर स्ट्राइक कर आतंकियों के ठिकानों को तबाह कर दिया। शाह ने कहा एक बार फिर से देश में मोदी सरकार बनेगी। इसके साथ ही शाह ने यह भी कहा कि हमारी सरकार राम मंदिर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

रायपुर । छत्तीसगढ़ की प्रसिद्ध लोकगायिका और समाजसेवी रजनी रजक को भारत सरकार द्वारा नारी शक्ति पुरस्कार 2018 के लिए चुना गया है। शुक्रवार को नई दिल्ली में आयोजित समारोह में उन्हें राष्ट्रपति रामनाथ काेविंद द्वारा प्रशस्ति पत्र और 1 लाख रुपए की राशि देकर सम्मानित किया जाएगा। बता दें कि रजनी रजक वर्तमान में भिलाई इस्पात संयंत्र में कार्यरत हैं। रजनी लंबे समय से छत्तीसगढ़ के महिलाओं में अलख जगाने का काम करती आ रही हैं। वह महिलाओं को साक्षर बनाने का काम करती हैं। महिला सशक्तिकरण पर उनका गीत हमन नारी आवनिया लोगों के बीच बेहद लोकप्रिय है।
नारी शक्ति सम्मान लेने दिल्ली रवाना होने से पहले पत्रिका से रजनी ने कहा कि यह सम्मान केवल उनका सम्मान नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की बहू और बेटियों का है, वे केवल सभी का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। हमारे छत्तीसगढ़ की बेटियों ने हर क्षेत्र में खुद को बेहतर साबित किया है।