Browsing: रायपुर

 

panchayattantra24.-रायपुर। छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध हास्य कवि पद्मश्री सुरेंद्र दुबे का निधन हो गया है। हार्टअटैक से उनके निधन की खबर है। एसीआई में उपचार के दौरान उनका निधन हुआ है। परिवार के करीबी ने उनके निधन की पुष्टि की है। पद्मश्री सुरेंद्र दुबे न सिर्फ छत्तीसगढ़ के ​कवि थे बल्कि वे एक अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर बड़े कवि के रूप में भी जाने जाते थे। मिली जानकारी के अनुसार दो दिन पहले ही सुरेंद्र दुबे को हार्टअटैक आया था, जिसके बाद उन्हे उपचार के लिए भर्ती कराया गया था। सुरेंद्र दुबे की निधन की खबर के बाद रायपुर कलेक्टर मेकाहारा के एसीआई सेंटर पहुंचे हैं। मंत्री ओपी चौधरी में एसीआई सेंटर पहुंचे हैं। 
 गृहमंत्री विजय शर्मा ने दुःख जताते हुए कहा, सुरेन्द्र जी जीवन भर मुस्कान बांटते रहे, आज आंखें नम कर गए। छत्तीसगढ़ की माटी से लेकर विश्व मंच तक अपनी विशिष्ट कविताओं से पहचान बनाने वाले महान कवि पद्मश्री श्री सुरेन्द्र दुबे जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं शोक संतप्त परिजनों और उनके असंख्य प्रशंसकों को यह पीड़ा सहने की शक्ति प्रदान करें। आपकी कविताएं सदैव हमारे हृदय में जीवित रहेंगी। ॐ शांति।
 

panchayattantra24.-रायपुर। चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री द्वारा 29 जून 2025, दिन रविवार को चेंबर भवन में आयोजित होने वाले विशाल मेगा स्वास्थ्य शिविर के पोस्टर का आज चेंबर संरक्षक श्रीचंद सुंदरानी और चेंबर अध्यक्ष सतीश थौरानी ने संयुक्त रूप से विमोचन किया। यह मेगा स्वास्थ्य शिविर समाज के सभी वर्गों के लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुलभ कराने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। शिविर में विभिन्न प्रकार की चिकित्सा जांचें और परामर्श उपलब्ध होंगे, जिससे अधिक से अधिक लोग लाभान्वित हो सकें। 
इस अवसर पर, चेंबर संरक्षक श्रीचंद सुंदरानी ने स्वास्थ्य शिविर के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा, “हमारा लक्ष्य है कि हर व्यक्ति को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिले। यह शिविर इसी दिशा में हमारा एक छोटा सा प्रयास है।” चेंबर अध्यक्ष सतीश थौरानी ने बताया, “इस मेगा स्वास्थ्य शिविर में शहर के प्रतिष्ठित चिकित्सक अपनी सेवाएं देंगे। हमारा प्रयास है कि यह शिविर सफल हो और अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठाएं।” चेंबर ने सभी व्यापारियों एवं शहरवासियों से इस स्वास्थ्य शिविर में उपस्थित होकर इसका लाभ उठाने का आग्रह किया है। 
इस अवसर पर चेंबर प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी, संरक्षक श्रीचंद सुंदरानी, कार्यकारी अध्यक्ष राधा किशन सुंदरानी, राजेश वासवानी, कार्यकारी महामंत्री कपिल दोशी (कार्यक्रम संयोजक), उपाध्यक्ष दिलीप इसरानी (कार्यक्रम समन्वयक), लोकेश चंद्रकांत जैन, राजेश गुरनानी, मंत्री राहुल खूबचंदानी (कार्यक्रम संयोजक), आकाश दुदानी (कार्यक्रम संयोजक), सांस्कृतिक प्रभारी अनिल जोत सिंघानी (कार्यक्रम संयोजक) सहित रवि सचदेव एवं सागर जी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। मेगा स्वास्थ्य शिविर में कार्यक्रम संयोजक के रूप में कार्यकारी महामंत्री विकास आहूजा एवं मंत्री अलोक शर्मा अपना महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
 

 panchayattantra24.-रायपुर। राज्यपाल रमेन डेका दो दिवसीय दौरे पर खैरागढ़-छुईखदान-गंडई पहुंचे। अपने प्रवास के दौरान उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक लेकर विकास कार्यों की जानकारी ली। विशेष रूप से उन्होंने अपने गोद लिए ग्राम सोनपुरी में संचालित योजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की। राज्यपाल ने शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रधानमंत्री आवास योजना, कृषि, उद्यानिकी और जल जीवन मिशन जैसे बुनियादी सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया।
 उन्होंने कहा कि सभी योजनाओं का लाभ प्रत्येक ग्रामीण तक पहुँचना चाहिए, यह सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। राज्यपाल ने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत सभी शासकीय भवनों जैसे स्कूल, आंगनबाड़ी, पंचायत भवन और स्वास्थ्य केंद्रों में अधिकाधिक वृक्ष लगाने का आग्रह किया। राज्यपाल ने स्व-सहायता समूहों द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की और अधिकारियों को निर्देशित किया कि समूहों को आवश्यक संसाधन एवं प्रशिक्षण प्रदान कर उनकी आर्थिक स्थिति को और सशक्त किया जाए।
 

 panchayattantra24.-रायपुर। बस्तर में मलेरिया अब गए दिनों की बात हो गई सरकार के ज़बरदस्त मलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम को बस्तर के प्रत्येक गाँव के स्तर पर सुचारु रूप से चलाया गया। जिसकी वजह से सरकार की मंशा के अनुरूप बस्तर में मलेरिया पर क़ाबू पाया जा रहा है। सरकार का अथक प्रयास रंग ला रहा है। लगातार सरकार की योजनाओं को बस्तर जैसे विशाल क्षेत्र में कर्मठता और ईमानदारी से लागू कराने का उद्देश लेकर सरकार ने जो कार्यक्रम चलाया। जिसकी वजह से आज बस्तर मलेरिया उन्मूलन की दौड़ में आगे निकल रहा है। बस्तर के लिए राज्य की सरकार गंभीरता से सभी दवाएँ ईमानदारी के साथ हर ब्लॉक स्तर में उपलब्ध कराने की वजह से और आउटडोर का साफ़ सफ़ाई, दवाइयों का छिड़काव लगातार होने के कारण बस्तर में लगभग मलेरिया समाप्ति की ओर चल रहा है। 
 विष्णुदेव साय की सरकार ने लगातार गंभीरता से ग़रीब आदिवासी क्षेत्रों को सभी प्रकार की सुविधा देने का बीड़ा उठाया है। बस्तर की सबसे बड़ी समस्या मलेरिया ही होती थी अब विगत डेढ़ 2 सालों से मलेरिया में एक तरह क़ाबू पाते दिख रही है। वर्तमान सरकार प्रत्येक ब्लॉक को मलेरिया उन्मूलन के लिए निर्धारित कार्यक्रम प्रत्येक माह चलाए गए जिसका परिणाम यह हुआ मलेरिया अब बस्तर के ग्रामीण अंचल से दूर जा रहा है। छत्तीसगढ़ सरकार के मलेरिया मुक्त अभियान का सरकार ने आंकड़ा जारी किया है। 
जिसके मुताबिक बस्तर संभाग में मलेरिया धनात्मक दर 4.60 प्रतिशत से घटकर मात्र 0.46 प्रतिशत रह गई है। वहीं साल 2015 की तुलना में साल 2024 में मलेरिया के मामलों में 72 प्रतिशत की गिरावट आई है। राज्य का वार्षिक परजीवी सूचकांक (API) साल 2015 में 5.21 था, जो घटकर 2024 में 0.98 हो गया है। बस्तर संभाग का API इसी अवधि में 27.4 से घटकर 7.11 तक पहुंचा है। 2023 की तुलना में 2024 में मलेरिया प्रकरणों में 8.52 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। विष्णु देव साय के नेतृत्व में बस्तर जैसे संवेदनशील और चुनौतीपूर्ण क्षेत्र में मलेरिया के मामलों में ऐतिहासिक कमी दर्ज की गई है। इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सीएम ने कहा कि मलेरिया मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान हमारी सरकार की जन-केंद्रित सोच और समर्पित स्वास्थ्य प्रयासों का परिणाम है। 
उन्होंने कहा कि बस्तर जैसे क्षेत्र में मलेरिया नियंत्रण में मिली यह सफलता स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों, मितानिनों और स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं की मेहनत का प्रमाण है। राज्य सरकार मलेरिया उन्मूलन के लिए राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम (NVBDCP) और विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री साय ने इस अभियान में योगदान देने वाले स्वास्थ्य विभाग, स्थानीय प्रशासन, मितानिनों और आमजन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता सामूहिक प्रयासों से ही संभव हुई है और यह छत्तीसगढ़ को एक स्वस्थ और समृद्ध राज्य बनाने की दिशा में एक ठोस कदम है। 
 सीएम ने दी बधाई राज्य सरकार मलेरिया उन्मूलन के लिए राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम और विश्व स्वास्थ्य संगठन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने इस अभियान में योगदान देने वाले स्वास्थ्य विभाग, स्थानीय प्रशासन, मितानिनों और आमजन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता सामूहिक प्रयासों से ही संभव हुई है और यह छत्तीसगढ़ को एक स्वस्थ और समृद्ध राज्य बनाने की दिशा में एक ठोस कदम है। 
उल्लेखनीय है कि, दिसम्बर-2020 व जनवरी-2021 के दौरान मलेरिया मुक्त बस्तर अभियान के तीसरे और मलेरिया मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान के पहले चरण के दौरान बस्तर और सरगुजा संभाग के 2309 गांवों में करीब 15 लाख 70 हजार लोगों की मलेरिया जांच की गई थी। बस्तर में मलेरिया को नियंत्रित करने में मलेरिया मुक्त बस्तर अभियान के प्रभाव से नीति आयोग और यूएनडीपी भी प्रभावित है। उन्होंने इस अभियान की सराहना करते हुए इसे देश भर के आकांक्षी जिलों में संचालित सर्वश्रेष्ठ अभियानों में से एक बताया है। बस्तर और सरगुजा संभाग में अभियान की सफलता को देखते हुए राज्य सरकार इसे नौ और जिलों में विस्तारित करने जा रही है। सरगुजा संभाग के पांचों जिलों के साथ ही बिलासपुर संभाग के चार जिलों मुंगेली, कोरबा, रायगढ़ और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग संभाग के तीन जिलों बालोद, कबीरधाम और राजनांदगांव तथा रायपुर संभाग के दो जिलों धमतरी और गरियाबंद में 25 जून से मलेरिया मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान शुरू किया जाएगा। इसके साथ ही मलेरिया उन्मूलन के इस गहन अभियान की पहुंच प्रदेश के कुल 21 जिलों तक हो जाएगी। अभियान के अंतर्गत 20 लाख 29 हजार लोगों की मलेरिया जांच की जाएगी।
 

*निवेश और औद्योगिक विकास को गति मिलने की संभावना*

रायपुर l मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ में उपलब्ध सामरिक एवं रणनीतिक महत्व के खनिजों के सुव्यवस्थित अन्वेषण एवं दोहन के संबंध में राजधानी रायपुर स्थित न्यू सर्किट हाउस के कन्वेंशन हॉल में एकदिवसीय राज्य स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया।

कार्यशाला के शुभारंभ सत्र को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री के सचिव एवं खनिज संसाधन विभाग के सचिव श्री पी. दयानंद ने कहा कि छत्तीसगढ़ खनिज संपदा से परिपूर्ण एक समृद्ध राज्य है, जहाँ 28 प्रकार के प्रमुख खनिज जैसे—कोयला, चूना पत्थर, डोलोमाइट, लौह अयस्क, बाक्साइट, टिन अयस्क के साथ-साथ लीथियम, कोबाल्ट तथा रेयर अर्थ एलिमेंट्स जैसे सामरिक एवं परमाणु महत्व के खनिज प्रचुर मात्रा में उपलब्ध हैं। उन्होंने बताया कि नेशनल प्रोग्राम ऑन एक्सप्लोरेशन स्ट्रैटेजी तथा नेशनल मिनरल एक्सप्लोरेशन ट्रस्ट (NMET) के अंतर्गत संचालित प्रयासों को और अधिक गति प्रदान करने के उद्देश्य से इस कार्यशाला का आयोजन किया गया है। इसका लक्ष्य राष्ट्रीय अन्वेषण एजेंसियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना तथा राज्य में रणनीतिक खनिज परियोजनाओं के त्वरित क्रियान्वयन की दिशा में ठोस कदम उठाना है।

इस कार्यशाला का आयोजन खनिज संसाधन विभाग तथा छत्तीसगढ़ भूविज्ञान एवं खनन संचालनालय द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इसका उद्देश्य भारत की क्रिटिकल मिनरल्स क्षमता के समुचित दोहन हेतु वैज्ञानिक अन्वेषण तकनीकों को प्रोत्साहित करना, प्रस्ताव प्रस्तुतिकरण प्रणाली को तकनीकी रूप से सशक्त बनाना तथा राष्ट्रीय स्तर की रणनीतिक अन्वेषण नीतियों में राज्य की प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित करना था।

कार्यशाला के तकनीकी सत्रों में भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के श्री रविकांत गुप्ता ने छत्तीसगढ़ की भूवैज्ञानिक विशेषताओं एवं ओजीपी क्षेत्रों की संभावनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला।

मिनरल एक्सप्लोरेशन एंड कंसल्टेंसी लिमिटेड के श्री भुवनेश्वर कुमार ने लीथियम, कोबाल्ट, ग्रेफाइट, निकल, टंगस्टन, फॉस्फेट जैसे खनिजों की खोज हेतु आधुनिक भू-भौतिकीय एवं भू-रासायनिक तकनीकों पर आधारित प्रस्तुति दी, जिससे अधिकारियों को नवीनतम विधियों की जानकारी प्राप्त हुई। एनएमईटी से श्री अक्षय वर्मा ने प्रस्ताव तैयार करने की प्रक्रिया, वित्तीय सहायता एवं अनुदान नीतियों की जानकारी साझा करते हुए एनएमईटी के अंतर्गत उपलब्ध अवसरों को रेखांकित किया और राज्य की अधिक सक्रिय भागीदारी की आवश्यकता पर बल दिया।

*वैश्विक खनिज आपूर्ति श्रृंखला में छत्तीसगढ़ की भूमिका पर बल*

कार्यशाला में विशेषज्ञों ने बताया कि छत्तीसगढ़ की खनिज विविधता और गुणवत्ता इसे वैश्विक खनिज आपूर्ति श्रृंखला में एक महत्वपूर्ण कड़ी बना सकती है। उन्होंने सुझाव दिया कि खनिज उत्पादन, बाज़ार मांग और भविष्य की संभावनाओं के बीच संतुलन स्थापित कर राज्य खनिज आधारित औद्योगिक विकास का नेतृत्व कर सकता है।

समापन सत्र में राज्य में अब तक किए गए खनिज सर्वेक्षणों, उनके निष्कर्षों एवं प्रस्तावित परियोजनाओं की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने तकनीकी दक्षता तथा अंतर-विभागीय समन्वय को और अधिक सुदृढ़ करने की आवश्यकता पर बल दिया। भूविज्ञान एवं खनन संचालनालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि खनिज संसाधन किसी भी राज्य की आर्थिक प्रगति का मूल आधार होते हैं। कार्यशाला ने यह स्पष्ट किया कि पारदर्शी, तकनीकी रूप से सक्षम एवं समयबद्ध प्रक्रियाएं अपनाकर छत्तीसगढ़ न केवल निजी एवं सार्वजनिक निवेश को आकर्षित कर सकता है, बल्कि राष्ट्रीय रणनीतिक खनिज नीति में भी अग्रणी भूमिका निभा सकता है। सभी प्रतिभागियों ने खनिज आधारित सतत औद्योगिक विकास हेतु संयुक्त प्रयास और दीर्घकालिक रणनीतिक दृष्टिकोण की आवश्यकता पर बल दिया।

इस अवसर पर कार्यशाला में आईआईटी धनबाद के प्रो. साहेंद्र सिंह, आईबीएम के श्री प्रेम प्रकाश, संचालक श्री रजत बंसल, संयुक्त संचालक श्री अनुराग दीवान एवं श्री संजय कनकाने सहित विभिन्न केंद्रीय एवं राज्य स्तरीय एजेंसियों, अनुसंधान संस्थानों, नीति सलाहकारों एवं तकनीकी विशेषज्ञों ने सहभागिता की।

 
 panchayattantra24.-रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज राजधानी रायपुर के दीन दयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित आपातकाल की 50वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित विशेष कार्यक्रम “संविधान हत्या दिवस” में शामिल हुए। इस आयोजन के माध्यम से 1975 में लागू किए गए आपातकाल को भारतीय लोकतंत्र के लिए सबसे काले अध्याय के रूप में याद किया गया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि 25 जून 1975 को देश में लागू किया गया आपातकाल न केवल जनता के अधिकारों का हनन था, बल्कि यह संविधान और लोकतंत्र पर सीधा प्रहार था। 
 उन्होंने कहा कि देश ने उस दौर में विचार, अभिव्यक्ति और प्रेस की आज़ादी को खो दिया था। इस ऐतिहासिक दिन को संविधान हत्या दिवस के रूप में मनाकर हम आने वाली पीढ़ियों को लोकतंत्र के महत्व से अवगत करा रहे हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कार्यक्रम में आपातकाल के दौरान संघर्ष करने वाले लोकतंत्र रक्षकों को नमन करते हुए कहा कि “आजाद भारत में आपातकाल जैसी घटना दोबारा न हो, इसके लिए सभी लोकतंत्र प्रेमियों को सजग रहना होगा।” कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, बुद्धिजीवी वर्ग, छात्र-युवा, पत्रकार और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए। आयोजन के दौरान आपातकाल की पृष्ठभूमि, प्रभाव और उस दौर के विरोध प्रदर्शनों पर आधारित वृत्तचित्र और प्रदर्शनी भी प्रस्तुत की गई।
 

 
 panchayattantra24.-रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भारतीय गगनयात्री शुभांशु शुक्ला को Axiom-4 मिशन की ऐतिहासिक सफलता पर ट्वीट कर बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। अपने ट्वीट में मुख्यमंत्री ने भावुक और गर्व से भरे शब्दों में भारत की इस उपलब्धि को सलाम किया। 
मुख्यमंत्री ने ट्वीट में लिखा “गगन में लहराया तिरंगा, बढ़ाया मातृभूमि का मान। आसमान को छूने पहुंचा, भारत की संतान। Axiom-4 मिशन की ऐतिहासिक सफलता पर पायलट ग्रुप कैप्टन, भारतीय गगनयात्री शुभांशु शुक्ला को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। समूचे देशवासियों की आकांक्षाओं, विश्वास एवं शुभकामनाओं के साथ आप अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन में पहुंचने वाले प्रथम भारतीय बनने की उपलब्धि हासिल करेंगे। भारत के इस बेटे पर देश को गर्व है।
 जय हिन्द! जय भारत!” 
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने संदेश में शुभांशु शुक्ला को भारत की संतान बताते हुए कहा कि उन्होंने अंतरिक्ष की ऊंचाइयों तक तिरंगे को पहुंचाकर मातृभूमि का मान बढ़ाया है। उन्होंने विश्वास जताया कि शुभांशु शुक्ला अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) में पहुंचने वाले प्रथम भारतीय बनकर एक नया इतिहास रचेंगे और देशवासियों की उम्मीदों पर खरे उतरेंगे। Axiom-4 मिशन के तहत भारत के पायलट ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला की यह यात्रा न केवल वैज्ञानिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण है, बल्कि यह भारत की तकनीकी और अंतरिक्ष शोध क्षमताओं का भी प्रतीक बन गई है। मुख्यमंत्री का यह ट्वीट देशभर में गौरव की भावना को और मजबूत करता है। इस अवसर पर पूरे छत्तीसगढ़ सहित देश भर से शुभकामनाओं और बधाइयों का सिलसिला जारी है।
 

 
panchayattantra24.-रायपुर। देश में लगाए गए आपातकाल  को आज 50 साल पूरे हो गए हैं। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी ने इसे ‘संविधान हत्या दिवस’ के रूप में मनाया। छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने राजधानी रायपुर स्थित एकात्म परिसर, भाजपा कार्यालय में मीडिया से चर्चा के दौरान 1975 में लागू आपातकाल को भारतीय लोकतंत्र का सबसे काला अध्याय बताया। अरुण साव ने कहा कि अब तक भारत में तीन बार—1962, 1971 और 1975 में आपातकाल लागू किया गया, लेकिन 1975 का आपातकाल स्वार्थ और 
सत्ता बचाने की नीयत से थोपा गया था। उन्होंने कहा कि तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने अपने पद और कुर्सी को बचाने के लिए देश को अंधकार में धकेल दिया, यह सीधे-सीधे लोकतंत्र की हत्या थी। उन्होंने कहा कि 1971 के आम चुनाव में कांग्रेस को भारी बहुमत मिला था, लेकिन इसके बाद देश में हालात लगातार बिगड़ते गए। जनता में असंतोष बढ़ा, सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग शुरू हुआ, और विपक्षी आवाजें कुचली जाने लगीं। जब इलाहाबाद हाईकोर्ट ने इंदिरा गांधी के चुनाव को अवैध ठहराया, तो कांग्रेस ने इस फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी, लेकिन राहत नहीं मिली। 
 इसी के बाद इंदिरा गांधी ने आपातकाल की घोषणा कर दी। उपमुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि आपातकाल के दौरान 1 लाख से अधिक लोगों को जेल में डाला गया और 253 पत्रकारों को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने कहा कि उस समय राजनाथ सिंह जैसे नेताओं को अपनी माता की अंत्येष्टि में जाने तक की अनुमति नहीं दी गई, यह सत्ता का घोर दुरुपयोग था। अरुण साव ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, “आज 50 साल बाद भी कांग्रेस पार्टी की सोच नहीं बदली है। सत्ता के लिए संविधान और लोकतंत्र को ताक पर रखना उनकी आदत रही है। 
 इंदिरा गांधी ने प्रधानमंत्री पद को बचाने के लिए पूरे देश को डर, दमन और अराजकता के हवाले कर दिया था।” उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतंत्र की रक्षा के लिए संकल्पबद्ध है और आने वाली पीढ़ियों को आपातकाल के उन काले दिनों की सच्चाई से परिचित कराना आवश्यक है। इसीलिए आज भाजपा पूरे देश में संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के संकल्प के साथ यह दिवस मना रही है। बीजेपी द्वारा आयोजित कार्यक्रमों में आपातकाल के विरोध में गिरफ्तार हुए स्वतंत्रता सेनानियों और लोकतंत्र रक्षकों को भी सम्मानित किया गया।
 

panchayattantra24.-रायपुर। राजधानी रायपुर के इंद्रप्रस्थ कॉलोनी में हुई किशोर पैकरा हत्याकांड में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। इस जघन्य हत्याकांड में गिरफ्तार आरोपी वकील अंकित उपाध्याय और उसकी पत्नी शिवानी शर्मा ने हत्या की साजिश 25 दिन पहले ही रच ली थी। हत्या के पीछे जमीन का सौदा, पैसे के लेन-देन और कमीशन का विवाद सामने आया है। हत्या के आरोप में गिरफ्तार आरोपी वकील अंकित उपाध्याय और उसकी पत्नी शिवानी शर्मा से पुलिस की पूछताछ में खुलासा हुआ है कि उन्होंने किशोर पैकरा की 
जमीन को 30 लाख रुपए में बिकवाया था। इस सौदे में अंकित उपाध्याय को 2 लाख रुपए कमीशन के तौर पर मिले थे। हत्या की यह वारदात उस समय सामने आई जब हांडीपारा निवासी और विकलांग किशोर पैकरा का शव इंद्रप्रस्थ कॉलोनी स्थित एक मकान में संदिग्ध अवस्था में पाया गया। जांच के दौरान पुलिस को कई संदेहास्पद पहलू मिले, जिसके बाद तकनीकी विश्लेषण और कॉल डिटेल्स के आधार पर आरोपियों की पहचान हुई।
पैसों के लेन-देन से शुरू हुआ विवाद
जांच में सामने आया है कि मृतक किशोर पैकरा ने अपनी कुछ विवादित जमीनों के निपटारे और अन्य कानूनी मामलों के लिए वकील अंकित उपाध्याय की सेवाएं ली थीं। बताया गया कि एक मामले के निपटारे के लिए अंकित ने किशोर से 10 रुपए मात्र का औपचारिक शुल्क लिया था, जिससे किशोर को भरोसा हो गया था। बाद में अंकित और उसकी पत्नी ने किशोर को विभिन्न निवेश योजनाओं का झांसा देकर करीब 18 लाख रुपए अलग-अलग माध्यमों से ले लिए। जब किशोर पैकरा को पैसे की जरूरत पड़ी और उसने अंकित से रकम वापस मांगी, तो वकील और उसकी पत्नी ने दबाव में आकर उसे रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली। पुलिस के अनुसार, हत्या की योजना पूर्व नियोजित और सुनियोजित थी। 
प्लानिंग और हत्या की क्रूरता
 बताया गया कि हत्या से पहले आरोपियों ने इंद्रप्रस्थ कॉलोनी स्थित एक मकान को विशेष रूप से इसके लिए चुना, ताकि वारदात के बाद उन्हें पकड़ा न जा सके। किशोर को किसी बहाने से वहां बुलाया गया और फिर गला दबाकर और सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिससे मामले की परतें खुलती गईं। संदिग्ध गतिविधियों और मृतक के कॉल रिकॉर्ड से जब आरोपियों की भूमिका पुख्ता हुई, तो उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पुलिस की तत्परता और अगली कार्रवाई 
रायपुर पुलिस ने इस मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में उन्होंने अपना अपराध कबूल किया है। फिलहाल उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा गया है, और पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य वित्तीय लेन-देन और संपत्ति के दस्तावेजों की जांच कर रही है। इस पूरे मामले ने वकालत जैसे संवेदनशील पेशे पर भी सवाल खड़े किए हैं। एक विकलांग और भरोसेमंद क्लाइंट को कानून की रक्षा करने वाले द्वारा ही मौत के घाट उतार देना न सिर्फ अमानवीय है, बल्कि सामाजिक मूल्यों पर भी प्रहार है।
 

panchayattantra24.-रायपुर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के राष्ट्रीय महासचिव एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट अपने दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर रायपुर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत के निवास पर पहुंचकर वरिष्ठ कांग्रेसजनों के साथ लंच किया। इस अनौपचारिक मुलाकात के दौरान प्रदेश कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। पार्टी सूत्रों के अनुसार, इस दौरान राज्य की वर्तमान राजनीतिक स्थिति, संगठनात्मक मजबूती और आगामी रणनीतियों को लेकर चर्चा हुई। सचिन पायलट का यह दौरा पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह भरने और सांगठनिक मजबूती को नया आयाम देने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।