Browsing: रायपुर

 
 
panchayattantra24.-रायपुर। पहलगांव में हुए आतंकी हमले में जो 27 लोग शहीद हुए थे कल रात भारतीय आर्मी ने ऑपरेशन सिंदूर चलाकर पाकिस्तान स्थित 9 आतंकी ठिकानों को ध्वस्त किया इसकी खुशी में रायपुर वेलफेयर फाउंडेशन सोसायटी ने ऑक्सीजॉन गार्डन घड़ी चौक में रसगुल्ला बांटकर खुशियां मनाई गई, आज सही मायने में उन सभी 27 शहीदों को भारतीय आर्मी द्वारा सच्ची श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान रमेश अग्रवाल, सुभाष अग्रवाल, जेपी अग्रवाल मुकेश अग्रवाल, उमेश अग्रवाल, हरीमल, अरविन्द, अशोक , अनिल उत्तम और सचिन उपस्थित रहे।
 

 

panchayattantra24.-रायपुर। केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री शिवराज सिंह चौहान 13 मई को छत्तीसगढ़ के सरगुजा दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे सूरजपुर जिले के अंबिकापुर में एक विशाल आमसभा को संबोधित करेंगे। यह दौरा न केवल राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है बल्कि विकास के नजरिए से भी क्षेत्र के लिए बड़ी सौगातें लेकर आ रहा है। शिवराज सिंह चौहान इस मौके पर छत्तीसगढ़ को साढ़े तीन लाख प्रधानमंत्री आवास की सौगात देंगे। इसके साथ ही सरगुजा संभाग को अन्य विकास योजनाओं की भी घोषणा होने की संभावना है जिससे इस आदिवासी बहुल क्षेत्र को सीधा लाभ मिल सकेगा। सभा में मुख्यमंत्री विश्वेश्वर साय के साथ उनके दोनों उपमुख्यमंत्री, राज्य सरकार के कई मंत्री, सांसद और विधायक भी मौजूद रहेंगे। इससे यह साफ है कि यह कार्यक्रम केवल औपचारिकता नहीं बल्कि छत्तीसगढ़ के लिए एक व्यापक विकास एजेंडे का हिस्सा है।
 

 
panchayattantra24.-रायपुर। आज घोषित हुए छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित 10वीं एवं 12वीं की परीक्षा परिणाम पर रायपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल ने सभी सफल विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं। अग्रवाल ने कहा, “यह सफलता न केवल विद्यार्थियों की मेहनत और लगन का परिणाम है, बल्कि उनके माता-पिता, शिक्षकों और मार्गदर्शकों के सहयोग का भी प्रतिफल है। मैं सभी सफल विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देता हूं और आशा करता हूं कि वे आगे भी इसी तरह मेहनत करते हुए प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे।” 
उन्होंने असफल विद्यार्थियों को हौसला बढ़ाते हुए कहा कि, जो विद्यार्थी किसी कारणवश परीक्षा में सफलता प्राप्त नहीं कर सके, उन्हें निराश होने की आवश्यकता नहीं है। असफलता जीवन का अंत नहीं बल्कि एक अनुभव है। परीक्षा जिंदगी का एक पड़ाव है, अंतिम लक्ष्य नहीं। हार मानने के बजाय अगली बार के लिए अभी से मेहनत शुरू करें। आपके अभिभावक, संबंधी और मित्र भी आपका साथ दें और हौसला बढ़ाएं। यह समय आत्ममंथन और आत्मविश्वास बढ़ाने का है। अभी से फिर से जुट जाइए पूरे समर्पण के साथ, अगली बार सफलता निश्चित रूप से आपकी होगी। सभी अभिभावकों, शिक्षकों और मित्रों से भी आग्रह करता हूँ कि वे इन विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाएं और उन्हें फिर से मेहनत के लिए प्रेरित करें।
 

 

panchayattantra24.-रायपुर। पीएम नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आयोजित केंद्रीय कैबिनेट बैठक में आज छत्तीसगढ़ के लिए एक बड़ी घोषणा हुई। आईआईटी भिलाई के कैम्पस के विस्तार के साथ ही तकनीकी शिक्षा और अनुसंधान के लिए नई सुविधाएं मिलेंगी। इसके अलावा अब आईआईटी भिलाई में अधिक छात्रों को पढ़ाई का मौका मिलेगा। मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय ने आईआईटी भिलाई के विस्तार के संबंध में की गई घोषणा के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार जताया है। उन्होंने कहा है कि प्रधानमंत्री  मोदी का विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के लक्ष्य की दिशा में एक और बड़ा कदम है। 
 उल्लखेनीय है कि केन्द्रीय कैबिनेट द्वारा देश के पांच नए आईआईटी संस्थानों, जिनमें छत्तीसगढ़ का आईआईटी भिलाई भी शामिल है, की शैक्षणिक और आधारभूत संरचना का विस्तार करने की मंजूरी दी गई है। केंद्रीय केबिनेट के फैसले से आने वाले चार वर्षों में देशभर के 6,500 से अधिक छात्र प्रतिष्ठित संस्थानों में पढ़ाई का सपना पूरा कर सकेंगे। खास बात यह है कि आईआईटी भिलाई में अब और अधिक सीटें होंगी, जिससे छत्तीसगढ़ के साथ-साथ देश के अन्य हिस्सों के युवाओं को भी लाभ मिलेगा। इस फैसले से आईआईटी भिलाई कैम्पस के अवसंरचना विस्तार के साथ-साथ न केवल छात्रों को लाभ मिलेगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। शिक्षकों, कर्मचारियों और शोधकर्ताओं की भर्ती के साथ-साथ आस-पास के इलाकों में आवास, परिवहन और अन्य सेवाओं की मांग भी बढ़ेगी। 
आईआईटी भिलाई पहले से ही अपने स्थायी परिसर में कार्य कर रहा है, लेकिन इस विस्तार के बाद यह संस्थान अब और भी अधिक छात्रों के लिए शिक्षा और नवाचार का केंद्र बनेगा। उल्लेखनीय है कि चार वर्षों में पूरे देश में छात्रों के लिए 13,687 सीटें उपलब्ध होंगी, जो अभी 7,111 हैं। इसका मतलब है कि 6,576 नई सीटों का इजाफा होगा। देश के जिन भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों में शैक्षणिक और अवसंरचना क्षमता के विस्तार की स्वीकृति दी गई है, इनमें भिलाई के साथ-साथ आंध्र प्रदेश (तिरुपति), जम्मू-कश्मीर (जम्मू), कर्नाटक (धारवाड़) और केरल (पालक्काड़) के आईआईटी शामिल हैं। केन्द्र सरकार ने इनके विस्तार के लिए 11,828.79 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया है, जो साल 2025-26 से 2028-29 तक खर्च होगा। इसके अंतर्गत न केवल नई इमारतें और आधुनिक सुविधाएं बनाई जाएंगी, बल्कि 130 नए प्रोफेसर पदों का सृजन भी होगा, जिससे पढ़ाई और शोध का स्तर और मजबूत होगा। उद्योग अकादमिक संबंधों को मजबूत करने के लिए पांच नये अत्याधुनिक अनुसंधान पार्क भी बनाये जा रहे हैं।
 

 

panchayattantra24.-रायपुर। पहलगाम आतंकी हमले का बदला भारत ने ऑपरेशन सिन्दूर से लिया है। इस हमले में 105 आतंकियों के मारे जाने की खबर है। भारत सरकार की ओर से भी हमले की आधिकारिक पुष्टि कर दी गई है। मुजफ्फराबाद, कोटली और बहावलपुर में आतंकी ठिकानों पर एयरस्ट्राइक के बाद पाकिस्तान में हड़कंप मच गया है। छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने ऑपरेशन सिन्दूर के सफल होने पर जवानों की सराहना की और कहा कि भारतीय सेना अब आतंकियों और उनके ठिकानों को उजाड़ने प्रतिबद्ध है। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि भारत ने ऑपरेशन सिंदूर चलाकर 9 आतंकियों के ठिकानों को नष्ट कर दिया। यह सीधा संदेश है, यह नया भारत है। 
नया भारत आतंक सहने को तैयार नहीं है। आतंकियों से निपटने के लिए हमारी सेना पूरी तैयारी है। आज ऑपरेशन सिंदूर को लेकर प्रेस ब्रीफिंग भी सेना की दो महिला अधिकारियों ने की है, जो यह दर्शाता है कि नए भारत की महिला मजबूत हैं, कमजोर नहीं है। अब अगर पाकिस्तान कोई हरकत करेगा तो भारत उसे सबक सिखाने के लिए पूरी तरह तैयार है।
 

 
panchayattantra24.-रायपुर। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए कायराना आतंकी हमले ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था। आतंकियों की गोलियों ने 28 आम परिवारों को मातम में डुबो दिया। धर्म और नाम पूछकर निर्दोष लोगों पर गोली चलाई गई। इस दिल दहला देने वाली घटना को 15 दिन बीत चुके हैं, और पूरे देश को मोदी सरकार की ओर से कड़ी कार्रवाई का इंतजार था। आखिरकार, देर रात भारत ने एयरस्ट्राइक के जरिए पाकिस्तान में आतंक के खिलाफ बड़ा एक्शन लिया। इस ऑपरेशन में पाकिस्तान स्थित 9 आतंकी ठिकानों को ध्वस्त कर दिया गया। इसके बाद पूरे देश में राहत की सांस ली गई और लोग भारत के एक्शन के बाद अब जश्न मना रहे हैं। इस बीच छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया एक्स पर एक भावनात्मक पोस्ट साझा किया है। ऑपरेशन सिन्दूर के सफल होने पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने लिखा कि ‘लिख चुके हैं फिर लिखेंगे बार-बार इतिहास में होंगे शत्रु सदा विफल हमसे द्वन्द के प्रयास में’, ‘तुमने कहा “मोदी को बोलो” मृत्यु के उपहास में, अब सुनो हमारा गर्जन अपनी अंतिम सांस में’ गौरवान्वित और भावुक महसूस करते हुए यह पंक्तियाँ पहलगाम की हर बहन को समर्पित कर रहा हूं।
 

 
आबकारी विभाग की सरकारी गाड़ी अवैध शराब पकड़ने के बजाय परिवार की सेवा में तैनात 
बच्चों को स्कूल लाने ले जाने से लेकर मैडम को शापिंग कराने में सरकारी गाड़ी का दुरूपय़ोग 
 
panchayattantra24.-रायपुर। जब आप रेल से सफर करते है तो उसमें लिखा हुआ एक स्लोगन पढ़ने में आता है कि सरकारी संपत्ति आपकी अपनी संपत्ति है इसकी सुरक्षा करें। इस स्लोगन का छत्तीसगढ़ के अफसर अक्षऱशः पालन कर रहे हैं। मामला गरियाबंद के एक अधिकारी का है जो सरकारी वाहन टाटा नेक्सान सीजी02-एयू-0424 का उपयोग अपनी जागीर की तरह कर रहे है। गरिय़ाबंद जिला प्रशासन के अधिकारी डीईओ (जिला एक्साइज अधिकारी) मुकेश अग्रवाल आवंटित सरकारी गाड़ी का इस्तेमाल निजी और पारिवारिक यात्रा और सैर-सपाटे के लिए कर रहे हैं। ज्यादातर अधिकारी सरकारी गाड़ी का निजी इस्तेमाल सब्जी-भाजी खरीदने से लेकर बच्चों को स्कूल लाने ले जाने और मैडम को शापिंग कराने में करते हैं। 
 लेकिन गरियाबंद आबकारी अधिकारी की सरकारी गाड़ी पिछले दिनों राजधानी की रेलवे स्टेशन पर नजर आई। ऐसा इसलिए नहीं था की अधिकारी किसी सरकारी प्रयोजन से रेलवे स्टेशन आए थे या उन्हें सरकारी कार्य से कहीं बाहर दौरे पर जाना था बल्कि कार अधिकारी की पुत्री को जो कहीं बाहर से रायपुर रेलवे स्टेशन में उतरने वाली थी उसे रिसीव करने और गरियाबंद ले जाने के लिए आई थी। स्टेशन पर अधिकारी की बेटी का कार में बैठते हुए वीडियो भी सामने आया है। जानकारी के अनुसार मुकेश अग्रवाल अपने सारे निजी काम के लिए सरकारी गाड़ी का ही उपयोग करते है। 
 सरकारी नियम के अनुसार अधिकारी सरकारी गाड़ी का उपयोग सिर्फ सरकारी काम के लिए ही कर सकते है और उसी के लिए ही उन्हें ईंधन मिलता है। लेकिन छत्तीसगढ़ में कानून -कायदे को ताक में रखकर अधिकारी सरकारी गाड़ी का भरपूर दोहन कर रहे है। जाहिर है इस अधिकारी के पास भी अपने निजी वाहन होंगे, लेकिन जब सरकारी गाड़ी की सुविधा मिली हो तो अपना पैसा क्यों खर्च करेंगे। हमने इस संदर्भ में उक्त अधिकारी से फोन पर उनकी प्रतिक्रिया लेने की कोशिश की लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका।
 

 

panchayattantra24.-रायपुर। सुशासन तिहार के तीसरे चरण के दौरान छत्तीसगढ़ सरकार ने एक बार फिर यह स्पष्ट कर दिया है कि भ्रष्टाचार के प्रति उसकी नीति ‘जीरो टॉलरेंस’ की है। बेमेतरा जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़े तीन संविदा कर्मियों द्वारा हितग्राहियों से रिश्वत मांगने एवं डरा-धमकाकर वसूली करने की पुष्टि के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर त्वरित और कड़ी कार्रवाई की गई है। घटना की जानकारी एक वायरल ऑडियो क्लिप के माध्यम से सामने आई, जिसमें ग्राम पंचायत ऐरमशाही की आवास मित्र नीरा साहू द्वारा प्रधानमंत्री आवास की किस्त जारी करने के एवज में 25 हजार रूपये की रिश्वत मांगने की बात स्पष्ट रूप से सामने आई। तहसीलदार की जांच में नीरा साहू ने स्वयं ऑडियो में अपनी आवाज होने की बात स्वीकार की। इसी प्रकरण में नारायण साहू, जो ग्राम पंचायत तेंदुआ में रोजगार सहायक हैं, द्वारा हितग्राहियों को धमकाते हुए 10 हजार रूपये की मांग किए जाने के प्रमाण मिले। वहीं उनकी पत्नी श्रीमती ईश्वरी साहू, जो ग्राम पंचायत ऐरमशाही में रोजगार सहायक के रूप में पदस्थ थीं, उन पर भी हितग्राहियों से डराकर पैसे मांगने के गंभीर आरोप ग्रामीणों द्वारा लगाए गए हैं। 
 मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत नवागढ़ की लिखित रिपोर्ट तथा नांदघाट थाना में दर्ज प्राथमिकी के आधार पर तीनों दोषियों—नीरा साहू, नारायण साहू और ईश्वरी साहू—को तत्काल प्रभाव से सेवा से पृथक किया गया है। यह आदेश कलेक्टर बेमेतरा के अनुमोदन से जारी किया गया। उक्त मामले में नांदघाट थाना में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धाराएँ 308(2) और 3(5) के तहत एफआईआर दर्ज कर प्रकरण की विधिवत विवेचना प्रारंभ कर दी गई है। मुख्यमंत्री साय ने इस कार्रवाई को सुशासन तिहार के मूल उद्देश्य का प्रमाण बताया है। उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में पारदर्शिता, जवाबदेही और ईमानदारी सर्वोपरि है। किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रदेश सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि कोई भी अधिकारी या कर्मचारी आमजन के अधिकारों का दुरुपयोग न करे, और यदि करता है तो उसे तत्काल विधिसम्मत कठोर कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ यह सिर्फ कार्रवाई नहीं, सुशासन का संकल्प है।
 

 
 panchayattantra24.-रायपुर। CM विष्णुदेव साय वक्फ सुधार जन जागरण संवाद में शामिल हुए। बता दें कि देशभर में कार्यक्रम कराने के लिए बीजेपी ने सीनियर नेताओं की एक कमेटी बनाई है, जो देश भर में इस अभियान को देखेंगें. इस कमेटी में बीजेपी महासचिव राधामोहन दास अग्रवाल, दुष्यंत गौतम, अनिल एंटनी, अरविंद मेनन और बीजेपी मुस्लिम मोर्चा के अध्यक्ष जमाल सिद्दिकी शामिल हैं। इन नेताओं में राज्यों का बंटवारा कर उन राज्यों की जिम्मेदारी भी दी जा चुकी है।
 

panchayattantra24.-रायपुर। भारतीय सेना देर रात पाकिस्तान और पीओके में आतंकियों के नौ ठिकानों पर स्ट्राइक की है। भारत ने बुधवार की रात करीब डेढ़ बजे ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत बहावलपुर, कोटली और मुजफ्फराबाद में आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया। इसके बाद छत्तीसगढ़ से रिएक्शन आने लगे हैं। पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए छत्तीसगढ़ के कारोबारी दिनेश मिरानिया के रिश्तेदार अमर बंसल ने कहा कि जवानों ने आतंकियों को जवाब दे दिया है। उन्होंने मांग की है कि दुनिया के नक्शे से पाकिस्तान का नामों निशान मिटा देना चाहिए। 
वहीं अंबिकापुर में कांग्रेसियों ने घड़ी चौक पर जमकर आतिशबाजी कर कहा कि आतंकियों को जवानों ने मुंहतोड़ जवाब दे दिया है। इससे पहले मुख्यमंत्री साय ने हर हर महादेव लिखकर सोशल मीडिया में पोस्ट किया किया। वहीं उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने भी लिखा कि, सबका बदला लिया जाएगा।