Browsing: रायपुर

 
panchayattantra24.-रायपुर। राज्यपाल रमेन डेका ने आज राजभवन में भारत रत्न एवं भारतीय संविधान के शिल्पकार डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर उनके छायाचित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर राजभवन के अधिकारियों-कर्मचारियों ने भी श्रद्धासुमन अर्पित किए । राज्यपाल डेका ने कहा कि बाबा साहेब का जीवन संघर्षाे से भरा हुआ था। उन्होंने सामाजिक भेदभाव, छूआछूत, असमानता के विरुद्ध आजीवन संघर्ष किया। उन्होंने शिक्षा को सामाजिक परिवर्तन का सबसे सशक्त माध्यम माना और स्वयं इसके उदाहरण बने। कठिन परिस्थितियों में भी उन्होंने अनेक उपाधियाँ प्राप्त कीं और देश के पहले विधि मंत्री के रूप में अपनी भूमिका का निर्वहन किया। 
राज्यपाल डेका ने कहा कि डॉ. भीमराव अम्बेडकर न्याय व समतामूलक समाज के निर्माण के लिए सदैव प्रयत्नशील रहे। उन्होंने समाज के शोषित, पीड़ित एवं कमजोर तबके के लोगों के सशक्तिकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। आज जब हम बाबा साहेब को याद कर रहे हैं, तब यह आवश्यक है कि हम केवल औपचारिकताएं न करें, बल्कि उनके विचारों को व्यवहार में उतारें। समता, बंधुत्व और न्याय के सिद्धांत को हमें समाज के प्रत्येक स्तर पर स्थापित करना होगा। इस अवसर पर राज्यपाल के विधिक सलाहकार भीष्म प्रसाद पाण्डेय, उप सचिव हिना अनिमेष नेताम सहित राजभवन के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
 

 panchayattantra24.-रायपुर। छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने नक्सलवाद को लेकर बड़ा बयान देते हुए कहा है कि राज्य सरकार नक्सलियों के साथ बिना शर्त बातचीत के लिए तैयार है। उन्होंने नक्सलियों से मुख्यधारा में लौटने और पुनर्वास की नीति का लाभ उठाने की अपील की है। न्यूज एजेंसी एएनआई से खास बातचीत में उपमुख्यमंत्री और राज्य के गृह मंत्री विजय शर्मा ने कहा कि नक्सलियों के पास कोई ठोस मांग नहीं है। उन्होंने कहा, “दुनिया भर में आंदोलन कुछ मांगों को लेकर होते हैं, जिन्हें सरकारें संविधान के दायरे में स्वीकार करती हैं। लेकिन छत्तीसगढ़ में नक्सलियों की कोई स्पष्ट मांग नहीं है। वे सिर्फ बंदूक के बल पर सत्ता पाना चाहते हैं और लोकतंत्र को खत्म करना चाहते हैं। वे माओवादी शासन चाहते हैं, जो संभव नहीं है।” 
उन्होंने यह भी बताया कि अब तक नक्सलियों ने सरकार को कोई ज्ञापन या मांगपत्र नहीं सौंपा है। इसलिए सरकार की प्राथमिकता है कि वे बातचीत का रास्ता अपनाएं और हिंसा छोड़कर समाज की मुख्यधारा में लौटें। शर्मा ने बस्तर क्षेत्र की स्थिति पर भी चिंता जताई और कहा कि यहां के लोगों को आज भी बुनियादी सुविधाएं नहीं मिल पाई हैं। उन्होंने कहा, “हजारों लोग ऐसे हैं जिन्होंने अब तक टीवी नहीं देखा है। इन क्षेत्रों में बिजली, फोन कनेक्शन, स्कूल और अस्पतालों की भारी कमी रही है। लेकिन हमारी सरकार इन स्थितियों को बदलने के लिए प्रतिबद्ध है। पानी, सड़क, बिजली और कनेक्टिविटी जैसी सुविधाओं को पहुंचाना हमारी प्राथमिकता है।”
 

PT -रायपुर। गृहमंत्री विजय शर्मा ने शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के आशीर्वाद लिए। ट्विटर में गृहमंत्री विजय शर्मा ने बताया, आज रायपुर एयरपोर्ट पर परमधर्माधीश उत्तराम्नाय ज्योतिष्पीठाधीश्वर अनन्तश्रीविभूषित जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामिश्रीः अविमुक्तेश्वरानंदः सरस्वती ‘१००८’ जी महाराज का आशीर्वाद प्राप्त करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ।

PT- रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा नक्सल क्षेत्रों में शांति स्थापित करने के उद्देश्य से नक्सलवादी आत्मसमर्पण पीड़ित राहत एवं पुनर्वास नीति 2025 लागू की है। इस नीति के अंतर्गत आत्मसमर्पण करने वाले सक्रिय ईनामी नक्सलियों और उनके परिवारजनों को शिक्षा, रोजगार एवं वित्तीय सहायता जैसी कई महत्वपूर्ण सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।

सरकारी सेवा में नियुक्ति का प्रावधान

यदि किसी आत्मसमर्पित नक्सली ने नक्सलियों के विरुद्ध अभियान में पुलिस को विशेष सहयोग दिया है और इसके कारण उसकी जान व संपत्ति को खतरा उत्पन्न हुआ है, तो ऐसे प्रकरणों में उसे पुलिस विभाग के आरक्षक या समकक्ष पद पर नियुक्त किया जा सकेगा। अन्य विभागों में नियुक्ति हेतु जिला स्तरीय समिति की अनुशंसा आवश्यक होगी।

साथ ही, 5 लाख रूपए या उससे अधिक के ईनामी नक्सली के आत्मसमर्पण की स्थिति में, पात्रता रखने पर नक्सली अथवा उसके परिवार के किसी एक सदस्य को शासकीय सेवा में नियुक्ति का अवसर दिया जाएगा। यदि किसी कारणवश सेवा नहीं दी जा सकती, तो ऐसे आत्मसमर्पित को एकमुश्त 10 लाख की राशि सावधि जमा के रूप में दी जाएगी। यह राशि 3 वर्षों के अच्छे आचरण के पश्चात एकमुश्त हस्तांतरित की जाएगी।

शिक्षा एवं छात्रवृत्ति की विशेष व्यवस्था

छत्तीसगढ़ सरकार ने आत्मसमर्पित नक्सलियों एवं उनके बच्चों की शिक्षा के लिए भी व्यापक प्रावधान किए हैं। बच्चों को 18 वर्ष की आयु तक निःशुल्क एवं प्राथमिकता आधारित शिक्षा शासकीय एवं आवासीय विद्यालयों में दी जाएगी। छात्रावास की सुविधा आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति विकास विभाग द्वारा प्रदान की जाएगी। यदि आत्मसमर्पित नक्सली या उनके बच्चे निजी शिक्षण संस्थानों में पढ़ना चाहें, तो उन्हें शिक्षा का अधिकार अधिनियम के अंतर्गत आरक्षित सीट में प्रवेश एवं अनुदान राशि प्रदान की जाएगी।

इच्छुक आत्मसमर्पित स्वयं भी शिक्षा ग्रहण कर सकते हैं, जिसके लिए संबंधित विभागों की योजनाओं के अंतर्गत सहायता दी जाएगी। यह नई नीति राज्य में शांति एवं विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इससे न केवल आत्मसमर्पित नक्सलियों को मुख्यधारा से जोड़ने में मदद मिलेगी, बल्कि उनके परिवारजनों के भविष्य को भी सुरक्षित किया जा सकेगा।

PT- रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन ने डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर 14 अप्रैल 2025 (सोमवार) को राज्य के सभी शासकीय कार्यालयों और संस्थाओं में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। यह निर्णय भारत सरकार के निर्देशों के अनुरूप लिया गया है।

PT- रायपुर। दुर्ग में छह साल की बच्ची से दुष्कर्म और हत्या मामले में कांग्रेस की न्याय यात्रा पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने तंज कसा है। उन्होंने कहा कि ये लोग कुछ भी करें, इनका पूरे छत्तीसगढ़ में सूपड़ा साफ हो गया है। सभी चुनावों में यह बुरी तरह से हारे हैं। ये पहले अपना घर-परिवार संभाल ले, थोड़ा ठीक से अपने पैर पर खड़ा हो जाएं, फिर बात करें।

वहीं कांग्रेस के संविधान को लेकर लगाए गए आरोप पर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि वैसे कांग्रेस देश की जनता का विश्वास खो चुकी है। यह संविधान की बात करते हैं, जिन्होंने देश में इमरजेंसी लगाई, लाखों लोगों जेल के अंदर ठूस दिया। इन्होंने अपने स्वार्थ के कारण संविधान के साथ खिलवाड़ किया है, गलत तरीके से संशोधन किया है। ऐसे लोगों के मुख से इस तरह की बात शोभा नहीं देती है।

वहीं जय भीम पदयात्रा को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि कल 14 अप्रैल है, बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की जयंती है। आज खेल एवं युवा कल्याण विभाग के द्वारा जय भीम पदयात्रा का आयोजन किया गया। इसमें हम सभी लोग शामिल हुए हैं। सभी छत्तीसगढ़ वासियों को भीमराव जयंती की बहुत-बहुत बधाई। बाबा साहब को नमन करते हैं, जिन्होंने संविधान का निर्माण किया है। इसके माध्यम से विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र भारत चल रहा है। संविधान हमें स्वतंत्रता से जीने का अधिकार देता है।

PT- रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य वन विकास निगम लिमिटेड के नवनियुक्त अध्यक्ष राम सेवक पैकरा ने पदभार संभाल लिया है, सीएम साय ने बधाई देते हुए कहा, नवा रायपुर के सेक्टर-24 में आयोजित कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य वन विकास निगम लिमिटेड के नवनियुक्त अध्यक्ष राम सेवक पैकरा को पदभार ग्रहण करने पर बधाई एवं सफल कार्यकाल हेतु शुभकामनाएं दी।

इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह , कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप, लक्ष्मी राजवाड़े, विधायक साथी सहित निगम-मंडल-आयोग के अध्यक्ष एवं अन्य गणमान्य जन उपस्थित रहे।

PT -रायपुर। डॉ.भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर आज सीएम साय रायपुर में पदयात्रा करेंगे। वे सुबह 7 बजे से पदयात्रा के लिए तेलीबांधा तालाब पहुंच चुके हैं। सीएम साय तेलीबांधा से अंबेडकर चौक तक पदयात्रा करेंगे। इस मौके पर उनके साथ खेल मंत्री टंक राम वर्मा, विधायक खुशवंत साहेब, विधायक पुरंदर मिश्रा भी मौजूद हैं।

सीएम विष्णु देव साय पदयात्रा के बाद आज स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होंगे। वे 11.20 बजे वन राज्य विकास निगम लिमिटेड के अध्यक्ष रामसेवक पैकरा के पदभार ग्रहण कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद 12.20 बजे वे अपने निवास लौटेंगे।

panchayattantra24.com-रायपुर। आज हनुमान जन्मोत्सव के पावन पर्व अवसर पर रायपुर नगर पालिक निगम रायपुर के जोन 1 जोन अध्यक्ष गज्जू साहू ने जोन 1 के खमतराई पानी टंकी परिसर कार्यालय में पहुंचकर पूजा- अर्चना कर जोन अध्यक्ष का पदभार सम्हाल लिया.पदभार ग्रहण करने पर जोन 1 जोन अध्यक्ष गज्जू साहू को रायपुर पश्चिम विधायक राजेश मूणत ने जोन 1 कार्यालय के अध्यक्षीय कक्ष में पहुंचकर बुके प्रदत्त कर हार्दिक शुभकामनायें दीं. PlayUnmute 
नगर निगम जोन 1 में जोन अध्यक्ष का पदभार सम्हालने पर गज्जू साहू को नगर निगम सभापति सूर्यकान्त राठौड़, रायपुर विकास प्राधिकरण के नवनियुक्त अध्यक्ष नन्द कुमार साहू, निगम एमआईसी सदस्य संतोष सीमा साहू, नन्दकिशोर साहू, पार्षदगणों, पूर्व पार्षद गोदावरी गज्जू साहू, गोपी साहू, पूर्व एल्डरमैन योगेश शेंडे, सामाजिक कार्यकर्त्ता बजरंग खंडेलवाल, जोन कमिश्नर हितेन्द्र यादव, विशिष्टजनों, गणमान्यजनों, सामाजिक कार्यकर्त्ताओं, जोन 1 के अधिकारियों और कर्मचारियों, आमजनों ने बुके प्रदत्त कर और फूल मालाओं से लादकर हार्दिक बधाई और शुभकामनायें दीं.
 

मुख्यमंत्री साय ने अखिल भारतीय विद्युत मजदूर महासंघ के 18वें त्रैवार्षिक अधिवेशन को किया संबोधित
panchayattantra24.com-रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी में आयोजित अखिल भारतीय विद्युत मजदूर महासंघ के 18वें त्रैवार्षिक अधिवेशन में शामिल हुए।
मुख्यमंत्री साय ने अधिवेशन में 21 राज्यों से आए श्रमवीरों का प्रभु श्रीराम के ननिहाल में स्वागत किया और उन्हें हनुमान जयंती की शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि देशभर से आए श्रमवीरों ने यहाँ आकर एकता और सामंजस्य का बड़ा संदेश देने का कार्य किया है। साय ने कहा कि प्रभु श्रीराम ने 14 वर्षों के वनवास में से 10 वर्ष यहाँ बिताए, जो प्रदेश के लिए गर्व का विषय है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहली सरकार का गठन हुआ था, तब उन्होंने श्रम राज्य मंत्री के रूप में श्रमिकों के हितों की रक्षा के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिए थे। उन्होंने कहा कि श्रमिकों के लिए न्यूनतम पेंशन निर्धारित की गई और पीएफ की अनक्लेम राशि का उपयोग श्रमिकों के हित में किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान समय में बिजली की महत्ता को सभी भली-भाँति समझते हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में बिजली सरप्लस है, लेकिन आने वाले समय में बिजली की बढ़ती मांग को देखते हुए विद्युत उत्पादन क्षमता बढ़ाने की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है। हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रदेश में 1350 और 850 मेगावाट की दो विद्युत परियोजनाओं की सौगात दी थी।
साय ने आगे बताया कि ऊर्जा के क्षेत्र में 3 लाख 50 हज़ार करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। उन्होंने कहा कि पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के माध्यम से प्रदेश में हर घर तक बिजली पहुँचाने का कार्य किया जा रहा है। इस पहल से हम हाफ बिजली से मुफ्त बिजली देने की ओर बढ़ रहे हैं और योजना के लिए राज्य सरकार ने सब्सिडी देने का बजट में प्रावधान भी किया है।
मुख्यमंत्री ने इस मौके पर श्रमिकों के कल्याण के लिए आजीवन समर्पित रहे दत्तोपंत ठेंगड़ी का पुण्य स्मरण करते हुए उनके योगदानों को नमन किया।
इस अवसर पर अखिल भारतीय विद्युत मजदूर महासंघ के मंत्री और प्रभारी राधेश्याम जायसवाल, मधुसूदन जोशी, श्रीमती शोभा सिंहदेव सहित देशभर के 21 राज्यों से आए विद्युत श्रमिक उपस्थित थे।