Browsing: रायपुर

 panchayattantra24.-रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर रायपुर से भिन्न सभी जिला मुख्यालयों पर एक दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया जाना है। जिला मुख्यालयों में 5 नवम्बर को एक दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विकास विभागों की विभागीय प्रदर्शनी में उपलब्धियों, महत्वपूर्ण योजनाओं एवं सफल परियोजनाओं को विशेष रूप से प्रदर्शित की जाएगी। राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर जिला स्तर पर स्थानीय कलाकारों द्वारा 5 नवम्बर को एक दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। 
इसी तरह एक नवम्बर से 6 नवम्बर तक जिला मुख्यालयों के समस्त शासकीय भवनों में रोशनी की जाएगी। शासन की जनकल्याणकारी तथा हितग्राही मूलक योजनाओं से संबंधित कार्यक्रमों में लोगों को लाभान्वित किया जाए। जिला स्तर पर होने वाले कार्यक्रमों में मंत्रीगण, सांसदों, विधायकगण, जन-प्रतिनिधि को अतिथि के रूप में आमंत्रित किया जाएगा। राज्य शासन द्वारा उक्त कार्यक्रम के आयोजन में मितव्ययिता बरतने के निर्देश दिए हैं।
 

 
panchayattantra24.-रायपुर। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पूर्व RDA अध्यक्ष ललित तिवारी उम्र 83 का निधन आज दोपहर साढ़े बारह बजे महामाया मंदिर में पूजा के दरम्यान हो गया। ग़ौरतलब है कि ललित तिवारी पूर्व मंत्री स्व. शारदा चरण तिवारी के भतीजे और स्व. श्यामाचरण तिवारी जी के पुत्र थे। बता दें कि ललित तिवारी का अंतिम संस्कार कल मारवाड़ी श्मशान घाट में की जाएगी। अंतिम यात्रा को लेकर सम्पूर्ण जानकारी अपडेट की जा रही है।
 

 
panchayattantra24.-रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने एक दिवसीय दंतेवाड़ा प्रवास के दौरान बस्तर की आराध्य देवी मां दंतेश्वरी की दर्शन और पूजा-अर्चना कर प्रदेश की जनता की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।मुख्यमंत्री साय के साथ छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और वन मंत्री केदार कश्यप ने भी मां दन्तेश्वरी की पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर सांसद बस्तर महेश कश्यप, विधायक दंतेवाड़ा चैतराम अटामी, राज्य महिला आयोग के सदस्य ओजस्वी मण्डावी सहित क्षेत्र के अन्य जनप्रतिनिधि एवं डीआईजी कमलोचन कश्यप, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, एसपी गौरव राय समेत जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
 

 

panchayattantra24.-रायपुर। कोरबा जिले में जिला खनिज संस्थान न्यास मद की राशि से विभिन्न विकास कार्य किए जा रहे हैं। नीट, जेईई जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बच्चों की उच्च शिक्षण संस्थानों में निःशुल्क कोचिंग और उच्च शिक्षा हेतु महाविद्यालय, विश्वविद्यालयों में बच्चों की पढ़ाई के लिए डीएमएफ मद से सहयोग किया जा रहा है। इसी कड़ी में बीते दिनों जिले के सुदुर ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने के लिए जिला खनिज संस्थान न्यास मद से 114 स्वास्थ्य कर्मियों की नियुक्ति की गई है। इसके साथ ही विशेष पिछड़ी जनजाति समुदाय (पहाड़ी कोरवा एवं बिरहोर) के 11 अभ्यर्थियों को विद्यालयों में अतिथि शिक्षक के रूप में नियुक्ति की गई है। उक्त बातें कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित डीएमएफ मद से स्वास्थ्य कर्मियों के नियुक्ति पत्र अभ्यर्थियों को वितरित करते हुए उद्योग, वाणिज्य, व्यापार एवं श्रम मंत्री श्री लखन लाल देवांगन ने कही। 
 मंत्री  देवांगन ने कहा कि जिले में खनिज न्यास संस्थान की राशि का उपयोग पारदर्शीपूर्ण तरीके से किया जा रहा है। श्री देवांगन ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की मंशानुसार जिला खनिज संस्थान न्यास मद की राशि का उपयोग खनन प्रभावित जिले के ही विकास कार्यों में सदुपयोग किया जा रहा है। इस अवसर पर मंत्री श्री देवांगन ने दंत चिकित्सक डॉ. प्रीति गुप्ता, डॉ. अर्पण भेलवा, डॉ. प्रिया तिर्की, डॉ. धनंजय जायसवाल, लैब टेक्निशियन श्री दीपक कश्यप, सुश्री गीता, फार्मासिस्ट सुब्रत शर्मा एवं ड्रेसर मुकेश कुमार को नियुक्ति पत्र प्रदान किया। इसके साथ ही विशेष पिछड़ी जनजाति समुदाय के सुश्री आरती एवं सुश्री अनुसुईया को अतिथि शिक्षक के रूप में नियुक्ति पत्र प्रदान कर शुभकामनाएं दी।
 

 
panchayattantra24.-रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के एक दिवसीय दंतेवाड़ा जिले के प्रवास के दौरान दंतेवाड़ा आगमन पर स्थानीय कारली पुलिस लाईन हेलीपैड में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने आत्मीय स्वागत किया। मुख्यमंत्री साय के साथ में छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और वन मंत्री केदार कश्यप भी पहुंचे। इस दौरान सांसद बस्तर महेश कश्यप, विधायक दंतेवाड़ा चैतराम अटामी, राज्य महिला आयोग के सदस्य ओजस्वी मण्डावी सहित क्षेत्र के अन्य जनप्रतिनिधि, डीआईजी कमल लोचन कश्यप, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, एसपी गौरव राय एवं गणमान्य नागरिकों ने स्वागत किया।
 

 

panchayattantra24.-रायपुर। राजधानी रायपुर में पुलिस जवान के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। यह घटना तेलीबांधा थाना क्षेत्र में हुई, जहां पुलिस लाइन में पदस्थ जवान ऋषभ आनंद के साथ कुछ अज्ञात लोगों ने मारपीट की। जानकारी के अनुसार, जवान ऋषभ आनंद जब अपनी बाइक पर जा रहे थे, तभी उनकी बाइक की एक अन्य बाइक से टक्कर हो गई। इस टक्कर के बाद विवाद उत्पन्न हुआ, जिसके चलते चार अज्ञात व्यक्तियों ने जवान पर हमला कर दिया। 
विवाद के दौरान, अज्ञात हमलावरों ने जवान के साथ मारपीट की और उसे गंभीर चोटें आईं। इसके बाद घायल जवान ने तेलीबांधा थाना में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कार्रवाई करते हुए चार अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज की है। पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
 

 
panchayattantra24.- रायपुर । रायपुर नगर पालिक निगम में सामान्य सम्मिलन की बैठक का आयोजन आज सुबह 11 बजे होगा, जो नगर निगम मुख्यालय भवन महात्मा गांधी सदन के चतुर्थ तल पर स्थित सामान्य सभा सभागार में आयोजित की जाएगी. यह बैठक नगर निगम के सभापति प्रमोद दुबे के अध्यक्षता में होगी.
बैठक की शुरुआत प्रश्नकाल से होगी, जिसमें प्रारंभ के एक घंटे के दौरान नियमानुसार प्रश्नों पर चर्चा की जाएगी. इसके बाद एजेंडा में निर्धारित विषयों पर विचार-विमर्श होगा. इस संबंध में जानकारी नगर निगम के अपर आयुक्त एवं निगम सचिव विनोद पाण्डेय ने दी है. बताया जा रहा यही कि सामान्य सभा में कुल 32 एजेंडों पर चर्चा होगी. यह महापौर एजाज ढेबर और कांग्रेस परिषद की अंतिम आम सभा है. इसके साथ ही सभा में निर्माण कार्य, ई-बस खरीदी, रोड स्वीपिंग मशीन जैसे विषयों पर हंगामे की संभावना है.
 

 
panchayattantra24.- रायपुर। रतनपुर माँ महामाया मंदिर का वीडियो CM साय ने शेयर किया है। ।। जय माँ महामाया ।। पवित्र शारदीय नवरात्रि के द्वितीय दिवस पर आइए दर्शन करें, रतनपुर स्थित माँ महामाया के…माँ महामाया की कृपा आप सभी पर सदैव बनी रहे। शारदीय नवरात्रि आरंभ हो चुके हैं। आज नवरात्रि की द्वितीया तिथि है। इस दिन मां ब्रह्मचारिणी की पूजा-अर्चना की जाती है। नवरात्रि का आरंभ अश्विन माह की प्रतिपदा तिथि से होकर नवमी तिथि को समापन होता है। वहीं, अष्टमी और नवमी तिथि को कन्या पूजन किया जाता है। 
नवरात्रि के 9 दिनों में नवदुर्गाओं की पूजा-आराधना के साथ कन्या पूजन का भी विशेष महत्व है। धार्मिक मान्यता है कि कन्या पूजन के बाद ही नवरात्रि की पूजा संपूर्ण मानी जाती है। कन्या पूजन के लिए 9 कन्या और एक बटुक बुलाने की परंपरा है। कन्याओं को मां दुर्गा के 9 स्वरुपों का प्रतीक माना जाता है। मान्यता है कि विधि-विधान से कन्या पूजन करने पर माता रानी अपने भक्तों पर कृपा बनाए रखती हैं। घर में सुख-समृद्धि और खुशहाली आती है।
 

 
panchayattantra24.-रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल पर आयोजित होने वाले भव्य सैन्य समारोह के लिए आज राजधानी रायपुर पहुंचे भारतीय सेना के भीष्म टैंक और अन्य आर्टिलरी का शानदार स्वागत किया गया। इसके बाद एक रैली के रूप में टैंक एवं सैन्य उपकरणों का काफिला रायपुर शहर के तेलीबांधा, मरीन ड्राइव, कलेक्ट्रेट, जयस्तंभ और आश्रम चौक होते हुए साइंस कॉलेज मैदान तक मैदान पहुंचा। शहर के नागरिकों में इसे लेकर ख़ास उत्साह रहा। सैकड़ों लोग इस शानदार रैली को मोबाइल से कैप्चर करते दिखे। पूरे रैली में शामिल वाहनों में तिरंगा लहराता रहा। 
गौरतलब है कि राजधानी के साइंस कॉलेज मैदान में 05 से 06 अक्टूबर को होने वाले भव्य सैन्य प्रदर्शनी समारोह की तैयारी जोरों पर है। इसमें शामिल होने के लिए भारतीय सेना की सैन्य हथियार आज राजधानी पहुंचे, जिसमें भीष्म टी-90 टैंक, बीएमपी, एल-70, जेएडयू-23, स्ट्रेला और लोरोस शामिल हुए। इसका इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय ज़ोरा के मुख्य गेट पर सुबह कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह, एसएसपी संतोष सिंह, नगर निगम आयुक्त अबिनाश मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ विश्वदीप सहित अन्य अधिकारियों ने स्वागत किया। भीष्म टैंक और दूसरे सैन्य उपकरणों को वाहनों सहित फूल-मालाओं से सजाया गया था। लोगों ने इस आकर्षण क्षण को अपनें मोबाईलों में फोटो और वीडियों के रूप में रिकार्ड किया। जहां से भी यह काफिला गुजरा, वहां ’भारत माता की जय’ के जयकारों से गूंज उठा। साइंस कॉलेज मैदान में सैनिको ने किया रिहर्सल- साइंस कॉलेज मैदान में सैनिको ने डेयर डेविल स्टंट और खुखरी डांस और मिलेट्री बैंड का पूर्वाभ्यास किया।
 

 
panchayattantra24.- रायपुर । छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित साइंस कॉलेज ग्राउंड परिसर में आज *प्रथम छत्तीसगढ़ हरित शिखर सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया, जिसका उद्घाटन मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किया। कार्यक्रम में प्रदेश की पारंपरिक वन संपदा, औषधीय उत्पादों और सांस्कृतिक धरोहर को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल और प्रदर्शनी लगाई गई थी। मुख्यमंत्री ने इन स्टॉलों का भ्रमण कर उत्पादों की जानकारी ली और कलाकारों व कारीगरों के प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप भी उपस्थित थे। 
पारंपरिक औषधियों की जानकारी प्राप्त की मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ वैद्य संघ के प्रदेश अध्यक्ष दशरथ नेताम द्वारा प्रदर्शित पारंपरिक औषधियों का अवलोकन किया। श्री नेताम ने बताया कि ये औषधियाँ जंगलों से विशेष रूप से चुनकर लाई गई जड़ी-बूटियों से तैयार की जाती हैं, जो स्वास्थ्य के लिए अत्यंत प्रभावी हैं। उन्होंने इन औषधियों की निर्माण प्रक्रिया और उनके उपयोग के लाभों पर भी चर्चा की। मुख्यमंत्री ने इन पारंपरिक विधियों के संरक्षण और प्रसार की आवश्यकता पर जोर दिया।
महिला स्व-सहायता समूहों के उत्पादों की सराहना मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज सहकारी मर्यादित संघ के स्टॉल पर जाकर विभिन्न वन-आधारित उत्पादों जैसे जशपुर के हैंडमेड ग्रीन टी, हर्बल च्यवनप्राश, और बस्तर क्षेत्र के आदिवासी समुदाय द्वारा तैयार किए गए शुद्ध हर्बल उत्पादों का अवलोकन किया। उन्होंने ‘हर्बल छत्तीसगढ़’ ब्रांड के तहत तैयार शहद, रागी-कोदो कुकीज, आँवला कैंडी, और जामुन रस जैसे उत्पादों को देखकर हर्ष व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा, “इन हर्बल उत्पादों को बढ़ावा देने से न केवल स्थानीय महिलाओं को रोजगार मिलेगा, बल्कि यह ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी सशक्त बनाएगा।”
लोक कलाकारों के अनोखे प्रदर्शन की प्रशंसा मुख्यमंत्री ने देवरी (आरंग) के मोहरी वादक विशाल राम यादव और कोलिहापुरी, दुर्ग के चिकारा वादक श्री मनहरण दास बंजारे के लोक वाद्य प्रदर्शन का आनंद लिया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की पारंपरिक लोक कलाएँ हमारी सांस्कृतिक विरासत का अभिन्न हिस्सा हैं, जिन्हें प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। उन्होंने दोनों कलाकारों को उनके संगीत के प्रति समर्पण के लिए बधाई दी। रजवार कला के भित्ति चित्रों की सराहना
भित्ति चित्र कलाकार डॉ. शशिप्रिया उपाध्याय ने मुख्यमंत्री को उनकी टीम द्वारा बनाए गए भित्ति चित्रों के बारे में बताया, जिनमें रजवार कला के माध्यम से छत्तीसगढ़ की आदिम संस्कृति, लोक जीवन, और पारंपरिक वेशभूषा को दर्शाया गया है। उन्होंने कहा कि रजवार कला का उद्देश्य छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति को जीवित रखना और इसे नए आयाम देना है। मुख्यमंत्री ने इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि, “ऐसी लोककलाओं के संरक्षण और प्रचार-प्रसार से हमारी सांस्कृतिक धरोहर का भविष्य सुरक्षित रहेगा।” दिव्यांग बच्चों की कला का सम्मान मुख्यमंत्री ने शासकीय दिव्यांग महाविद्यालय, माना कैम्प के मूक-बधिर विद्यार्थियों द्वारा लगाई गई चित्रकला प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। इस दौरान छात्र धनदास बरमते ने स्वनिर्मित लोककला आधारित चित्र मुख्यमंत्री को भेंट किया। मुख्यमंत्री ने इस उपहार को स्वीकारते हुए धनदास की कला की प्रशंसा की और कहा, “आपकी यह कला हमारी संस्कृति को नई पहचान देने का कार्य करेगी।” उन्होंने धनदास के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। 45 वर्षों से पारंपरिक वाद्य यंत्रों का संरक्षण कर रहे रिखि क्षत्रिय का अभिनंदन कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ की पारंपरिक वाद्य यंत्रों के संरक्षण में योगदान देने वाले श्री रिखि क्षत्रिय ने मुख्यमंत्री को अपनी यात्रा के बारे में विस्तार से बताया। श्री क्षत्रिय ने कहा कि वे पिछले 45 वर्षों से छत्तीसगढ़ी वाद्य यंत्रों—जैसे रुंजू बाजा, घूमरा बाजा और चिरई बाजा—का संरक्षण और प्रदर्शन कर रहे हैं। 
उन्होंने गणतंत्र दिवस पर कर्तव्य पथ पर छत्तीसगढ़ की झांकी में पारंपरिक वाद्य यंत्रों का प्रदर्शन कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। श्री क्षत्रिय ने मुख्यमंत्री को रुंजू बाजा भेंट किया और अपने अद्भुत कौशल का प्रदर्शन करते हुए घूमरा बाजा से शेर की आवाज और चिरई बाजा से चिड़िया की आवाज निकालकर उन्हें आश्चर्यचकित कर दिया। मुख्यमंत्री ने उनके इस अनूठे योगदान की सराहना की और कहा कि ऐसे कलाकार हमारी लोक परंपराओं के सच्चे रक्षक हैं। छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर को मिला मंच इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा, “छत्तीसगढ़ हरित शिखर सम्मेलन जैसे आयोजन प्रदेश की सांस्कृतिक धरोहर, पारंपरिक उत्पादों और हस्तशिल्प को प्रोत्साहित करने के लिए एक अनूठा मंच प्रदान करते हैं। ये आयोजन हमारे पारंपरिक ज्ञान और संस्कृति को सहेजने के साथ-साथ, इसे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में भी सहायक हैं।” कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों, कला प्रेमियों और स्थानीय निवासियों की उपस्थिति रही, जिन्होंने छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के प्रयासों की सराहना की। साथ ही, मुख्यमंत्री ने सभी कलाकारों, कारीगरों, और प्रतिभागियों को प्रदेश की सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित और संवर्धित करने के लिए प्रोत्साहित किया।