Browsing: सरगुजा

 
panchayattantra24.- सरगुजा। सरगुजा के जंगलों में पिछले कई महीनों से भटक रहे प्यारे हाथी को करंट लगाकर मार डाला गया है। इस हाथी को रेस्क्यू सेंटर में रखने के लिए बीते 4 माह से पत्राचार ही चलता रहा। उसका कॉलर आईडी भी नहीं बदला गया था। अब जब उसे किसानों ने मार डाला है, वन विभाग ने पोस्टमार्टम कर चुपचाप उसे दफना दिया है। हाथी की मौत के लिए जिम्मेदार लोगों पर भी कोई कार्रवाई नहीं की गई है। 
उल्लेखनीय है कि कुछ साल पहले 27 हाथियों के दल के साथ प्यारे हाथी भी सरगुजा के जंगलों में विचरण कर रहा था। ज्यादातर समय उसने सरगुजा वनमंडल के जंगलों में बिताया है। कई बार ग्रामीणों से उसकी मुठभेड़ हुई है। दावा है कि बीते 8 साल में उसने दो दर्जन से अधिक लोगों की जान ले ली है। इसके बाद लोकेशन का पता लगाने के लिए उसे कॉलर आईडी लगाई गई थी, लेकिन वह कुछ समय बाद उससे अलग होकर गिर गई। इसके बाद उसे दूसरा कॉलर आईडी लगाने का प्रयास नहीं किया गया। 
 पिछले कुछ महीनों में प्यारे हाथी के हमले के शिकार ग्रामीणों के अलावा वन विभाग के श्रमिक भी हुए हैं। इसके बाद उसे पकड़कर रेस्क्यू सेंटर में रखने की योजना बनाई गई थी। जानकारी मिली है कि इसके लिए बीते 4 माह से यहां के वन अधिकारी मुख्यालय में पीसीसीसी वाइल्डलाइफ को पत्राचार कर रहे थे। मगर, वहां से कोई जवाब नहीं मिला। आखिरकार एक नाले के पास ग्रामीणों के बिछाये करंट की चपेट में आकर चार दिन पहले सूरजपुर जिले के घुई रेंज के पकनी इलाके में इस हाथी को मार डाला गया।
 

 
panchayattantra24.-सूरजपुर। जिला प्रशासन के सार्थक पहल से महाराष्ट्र के ठाणे जिला में कल्याण के पास स्थित मुरबाड़ गांव से सूरजपुर जिले के चार बंधकों को सफलता पूर्वक मुक्त कर लिया गया है। सूरजपुर के भैयाथान विकासखंड के गांव सांवारवां और परसिया के 04 किसान परिवार के सदस्यों को बेहतर आजीविका का प्रलोभन देकर बोरवेल कंपनी ’’रॉक ड्रिलर’’ द्वारा महाराष्ट्र के मुरबाड़ गांव मे बंधक बनाकर कार्य लिया जा रहा था। 04 महीने से उन्हें वहां बंधक बनाकर रखा गया था। इसकी सूचना कलेक्टर रोहित व्यास को ई-जनदर्शन के एक आवेदक से प्राप्त हुई। जिसमें उन्होंने त्वरित कार्रवाई करते हुए श्रम विभाग और पुलिस को अग्रिम कार्यवाही के लिए निर्देशित किया। जिस पर तुरंत अमल करते हुए श्रम विभाग ने प्रकरण की पूरी जानकारी पुलिस को मुहैया कराई। इसके पश्चात पुलिस विभाग ने भी तत्परता के साथ अग्रिम कार्रवाई की।
 
 जिला प्रशासन और पुलिस विभाग सक्रिय रूप से जिले के बंधकों को छुड़वाने के लिए प्रति सार्थक कदम उठा रहा था। जिसमें महाराष्ट्र के जिला ठाणे के कलेक्टर अशोक शिंगारे (आईएएस), एडिशनल ट्राईबल कमिश्नर दीपक कुमार मीणा और ठाणे पुलिस के विशेष सहयोग से भैयाथान के बंधवा मजदूरों को मुक्त कराया गया। इसके साथ ही बंधक बनाने वाले सभी षड्यंत्र कारियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता 504,34 व बंधक श्रमिक अधिनियम के तहत 16,17,18 और बाल श्रमिक प्रतिबंध एवं विनियमन की धारा 14 के तहत अपराध कायम कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
 
     भैयाथान के ग्राम सावंारावां से इंद्रपाल, विकेश और ग्राम परसिया से बादल व मनबोध आज ठाणे रेलवे स्टेशन से छत्तीसगढ़ के लिए रवाना हो चुके हैं और आज अपने परिवार के पास सकुशल पहुँच जाएंगे।

 
panchayattantra24.-सरगुजा। प्रदेश से एक बड़ी खबर निकलकर सामने आई है। पूर्व मंत्री अमरजीत भगत की तबियत बिगड़ गई है। सूचना के बाद डॉक्टरों की टीम पूर्व मंत्री अमरजीत भगत के घर पहुंचे। जहां उनका इलाज जारी है।
आपको बता दें कि आज ही आयकर विभाग की टीम ने पूर्व मंत्री अमरजीत भगत के घर बड़ी कार्रवाई की है। जानकारी के अनुसार, अंबिकापुर स्थित केना बांध इलाके स्थित और रायपुर विधायक कालोनी स्थित पूर्वमंत्री अमरजीत भगत के घर पर आईटी की दबिश दी है और लगातार पूछताछ कर रही है। इसी दौरान पूर्व मंत्री अमरजीत भगत की तबीयत अचानक बिगड़ गई।
बता दें कि पूर्व मंत्री अमरजीत भगत के घर छापा मारने के बाद कई दस्तावेज की जांच की। जिसके बाद अब टीम बैंक खाता की जानकारी लेकर एसबीई बैंक के लिए रवाना हो गए हैं। गौरतलब है कि टीम कल रात से ही रवाना कर दी गई थी। मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के आईटी टीम की संयुक्त कार्रवाई की है। बताया जा रहा है कि 10 से अधिक अधिकारी कर्मचारी पहुंचे और घर के बाहर भारी संख्या में सुरक्षा बलों को तैनात कर दिया गया है।
 

panchayattantra24.-सरगुजा। जिले के जनार्दनपुर के घने जंगल में एक युवती की अधजली लाश मिली। लाश मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मचा गया। इसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई । सूचना मिलते ही पुलिस और डाग स्क्वायड की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई।
मिली जानकारी के अनुसार, यह मामला उदयपुर थाना क्षेत्र का हैं। बताया जा रहा है कि,ग्राम सालही रेलवे ट्रैक से कुछ दूरी पर स्थित जनार्दनपुर के घने जंगल में एक युवती की अधजली लाश मिली । लाश मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मचा गया। इसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई । सूचना मिलते ही पुलिस और डाग स्क्वायड की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई। पुलिस ने प्रथम दृष्ट्या में इसे हत्या का मामला बताया हैं। युवती के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया हैं। आशंका जताई जा रही है कि, युवती की हत्या कर जलाने की कोशिश की गई है।
 

 
panchayattantra24.-सरगुजा। सूरजपुर के छोटे से गांव सिलफिली का रहने वाला राजेश आज अपनी मेहनत की बदौलत आईटी कंपनी का हेड है. राजेश ने पहले अपनी मेहनत से इस कंपनी को न सिर्फ खड़ा किया बल्कि 20 से ज्यादा लोगों को रोजगार भी दिया।
राजेश की बनाई कंपनी और उनके बनाए एप की तारीफ खुद छत्तीसगढ़ सरकार भी कर रही है. राजेश ने पढ़ाई पूरी होने के बाद गुड़गांव में अपना ऑफिस सेटअप जमाया और पार्टनरशिप में काम शुरू किया. कोरोना के वक्त गुड़गांव का दफ्तर बंद हो गया. जिसके बाद राजेश ने सिलफिली में अपना दफ्तर खोल लिया. अब सारा काम सिलफिली के दफ्तर से राजेश खुद ही ऑपरेट करते हैं।
राजेश की बनाई कंपनी भले ही सालाना 1 करोड़ का टर्नओवर देती है पर राजेश अब भी अपनी मिट्टी से जुड़े हैं. जैसे ही उनको खाली वक्त मिलता है, वो खेती किसानी में जुट जाते हैं. राजेश 12 एकड़ की पुश्तैनी जमीन पर अपने भाई के साथ मिलकर खेती किसानी भी करते हैं।
 

 
 
 panchayattantra24.-सरगुजा। आज महात्मा गांधी की जयंती पर 2 अक्टूबर को कांग्रेस सरगुजा में भरोसा यात्रा करने के साथ ही चुनावी शंखनाद कर रही है. अंबिकापुर से यात्रा शुरू होकर लखनपुर पहुंचेगी. जहां आम सभा का आयोजन किया जाएगा. अंबिकापुर में आयोजित भरोसा यात्रा में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव व छत्तीसगढ़ प्रभारी शैलजा कुमारी, उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव, चंदन यादव समेत तमाम नेता व विधायक शामिल हुए. राजीव भवन में कार्यकर्ताओं से मुलाकात के साथ ही भरोसा यात्रा का शुभारंभ हुआ है. सुबह के बारिश होने के करण कार्यक्रम निर्धारित समय से लेट शुरू हुआ, लेकिन उत्साहित कार्यकर्ता बारिश में भी बाइक रैली में शामिल हैं।
भाजपा की परिवर्तन यात्रा के खिलाफ कांग्रेस ने भरोसे की यात्रा शुरू की है. छत्तीसगढ़ की सभी 90 विधानसभा में ये यात्रा शुरू हो चुकी है. मुख्यमंत्री भूपेश बघेल अपने विधानसभा क्षेत्र पाटन में भरोसा यात्रा में शामिल हुए. इस दौरान उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिवारों को सम्मानित किया. सेलूद में आयोजित कार्यक्रम में सीएम भूपेश बघेल ने केंद्र और छत्तीसगढ़ की पूर्ववर्ती रमन सरकार पर जमकर निशाना साधा।
 

panchayattatra-अम्बिकापुर। महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना से निर्मित परिसंपत्तियों का लाभ लेकर हितग्राही अपने आजीविका के क्षेत्रों का विस्तार कर रहे है। योजना से निर्मित कूप निर्माण का लाभ एक और सिंचाई साधनों के रूप में ही रहा है तो दूसरी तरफ में कूप जल संरक्षण एवं जल विस्तारी में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

ऐसी ही कहानी है जनपद पंचायत उदयपुर के ग्राम पंचायत सरगवां निवासी भगत सिंह की, जिनके द्वारा वर्ष 2023-24 में निर्मित कूप निर्माण का लाभ कुछ इसी तरह से लिया जा रहा है। भगत सिंह के पास 2.50 एकड़ जमीन तो थी परंतु उसका उपयोग वह कभी नहीं कर पाता था क्योंकि उसके पास सिंचाई का कोई साधन नहीं था। वर्ष 2023-24 में 2.99 लाख रुपये की लागत में उसका कूप स्वीकृत हुआ जिसे उन्होंने जी-जान लगाकर मात्र 04 माह में पूर्ण करा लिया। वर्तमान में बारिश से कूप में जलस्तर अच्छा भरा हुआ है। कूप बनने से उन्होंने इस बार बारिश में अरहर दाल एवं लकड़ा भाजी की खेती भी की है और आगे सीजन को देखते हुए आलू एवं टमाटर लगाने की भी तैयारी कर रहे हैं।

इस समय मनरेगा द्वारा निर्मित कूप किसान भगत सिंह के लिए एक वरदान साबित हो रहा है। वे बताते हैं कि कूप का निर्माण हो जाने से परिवार खुश है। जल प्रबंधन कर खेतों में आसानी से सिंचाई कर पा रहे हैं जिससे खेतों में भी हरियाली है। कूप के बनने से जल संग्रहण में आसानी हुई है, इससे अलग अलग तरह के फसल उत्पादन लेने की भी उम्मीद बढ़ गयी है।

 
panchayattatra24.-सूरजपुर। विधान सभा निर्वाचन 2023 को ध्यान में रखते हुए आज कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर संजय अग्रवाल की अध्यक्षता में जिला स्वीप कोर कमेटी व अन्य अधिकारी कर्मचारियों की बैठक ली गई। 
 
बैठक में उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश देते हुए। कहा कि स्वीप कार्यक्रम के तहत जिले में मताधिकार के लिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है इसे लगातार जारी रखते हुए नवाचार गतिविधियों के माध्यम से जारी रखना है। संयुक्त संचालक समाज कल्याण विभाग  GM DIC को निर्देशित करते हुए, विभिन्न कार्यालयों महाविद्यालयों, औद्योगिक संस्थान, हायर सेकेण्डरी विद्यालयों तथा कोयलांचल क्षेत्रों में मतदाता जागरूकता के कार्यक्रमों में तेजी लाने और स्वीप के समस्त कार्यक्रमों में जिला स्तरीय अधिकारियों को सक्रिय भागीदारी करने हेतु निर्देशित किया। इसी तरह कृषि विभाग को भी कृषकों के मध्य मतदाता की गतिविधियां आयोजित करने हेतु निर्देशित किया। स्वास्थ्य विभाग, महिला बाल विकास विभाग, मुख्य कार्यपालन अधिकारी व जनपद पंचायतों को स्थानीय हॉट बाजारो में स्वीप बैनर के साथ मतदाता जागरूकता के कार्यक्रम के साथ-साथ ई.व्ही.एम. एवं व्ही.व्ही. पैट का प्रदर्शन भी कराया जाए ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग मतदाता को समझे और मतदान की प्रक्रिया में भाग लें। इसी प्रकार शिक्षा विभाग, समाज कल्याण विभाग एवं पंचायत विभाग के अधिकारियों को दिव्यांग व्यक्तियों हेतु उनकी उचित सुविधा हेतु व्हीलचेयर तथा मतदान केन्द्रो में रैम्प की व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया।

 
panchayattatra24.-सूरजपुर। कलेक्टर संजय अग्रवाल तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुलीना कोसम के निर्देश पर ग्रामीण औद्योगिक पार्क (रीपा) कुदरगढ़ में पेंट निर्माण की मशीन स्थापित कर पेंट निर्माण का कार्य किया जा रहा है। जनपद पंचायत  ओड़गी के अंतर्गत ग्राम पंचायत कुदरगढ़ में सूरज आजीविका स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के द्वारा गोबर पेंट का निर्माण किया जा रहा है। सूरज आजीविका समूह के संतोषी राजवाड़े, मीना, सुमिता, ननकुमारी, कमला, योगेश, अरुण के द्वारा प्रशिक्षण प्राप्त किया गया है। रासायनिक पदार्थ तथा गोबर को निश्चित अनुपात में मिलाकर जैविक पेंट तैयार किया जाता है। प्रारंभिक रूप से सफेद रंग के पेंट, डिस्टेंपर तथा ईमल्शन तैयार किया जाता है तथा आवश्यकता अनुसार विभिन्न रंगों का पेंट तैयार किया जाता है। गोबर से निर्मित प्राकृतिक पेंट एंटीबैक्टीरियल, एंटी फंगल, पर्यावरण अनुकूल, गंध रहित गुण पाए जाते हैं। समूह के द्वारा गोबर पेंट 5207 लीटर राशि 10 लाख 86 हजार 320 का निर्माण किया गया है। जिसमें कुल पेंट 4563 लीटर राशि 9 लाख 53 हजार 420 रुपए का पेंट विक्रय कर चुकी है और लाभ कमा रही है। 
 
यह प्राकृतिक पेंट महिलाओं के जीवन में खुशहाली के रंग भर रहा है और महिलाएं आत्मनिर्भर हो रही हैं। छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार सभी शासकीय कार्यालय एवं स्कूलों में रंग रोगन के लिए यह प्रयोग में लिया जा रहा है। गोबर पेंट इकाई के माध्यम से समूह की महिलाओं को स्वरोजगार का नया आयाम हासिल हुआ है। जिससे वह अपने और अपने परिवारों की आर्थिक सहयोग प्रदान कर रही हैं। पहले महिलाओं के द्वारा गौठानों में गोबर से वर्मी कंपोस्ट बनाया जा रहा था अब उसके साथ साथ रीपा के तहत गोबर पेंट बनाकर घरेलू महिलाएं सफल उद्यमी बनकर उभर रहे हैं।

panchayattantra24.-अम्बिकापुर। उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने निगम क्षेत्र के पांचवें हमर क्लिनिक और पॉलीटेक्निक कॉलेज परिसर में उद्यान सहित ओपन जिम का किया लोकार्पण
उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव के द्वारा मंगलवार को अम्बिकापुर निगम क्षेत्र के पांचवें हमर क्लीनिक का लोकार्पण नमनाकलां वार्ड क्रमांक 14 में किया गया। यह क्लीनिक नमनाकला वार्ड के साथ ही आसपास के समस्त वार्डवासियों को इलाज की सुविधा भी उपलब्ध कराएगा। इस दौरान कार्यक्रम स्थल पर नगरवासियों की भारी भीड़ मौजूद थी। हमर क्लीनिक के विस्तारित भवन के एक हिस्से में होम्योपैथी और एक हिस्से में एलोपैथिक पद्धति से इलाज होगा। इस क्लीनिक में दोनों पद्धतियों से इलाज के लिए चिकित्सक सहित 8 स्टॉफ की नियुक्ति हुई है। ऐलोपैथिक पद्वति से इलाज प्राप्त करने वाले मरीजों के 40 प्रकार के जांच इस क्लीनिक से होंगे, साथ ही 100 से अधिक प्रकार की दवाइयां भी मुफ्त मिलेंगी।
पॉलिटेक्निक कॉलेज में उद्यान एवं ओपन जिम का लोकार्पण-उपमुख्यमंत्री सिंहदेव के द्वारा पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर में निर्मित उद्यान एवं ओपन जिम का लोकार्पण किया गया। पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर में करीब 2 एकड़ भूमि पर इस योग उद्यान का विकास किया जा रहा है। इस उद्यान में ओपेन जिम का भी निर्माण किया गया है। वरिष्ठ नागरिकों की मांग को पूरा करते हुए उपमुख्यमंत्री सिंहदेव द्वारा उद्यान का लोकार्पण किया गया है। पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर में पर्याप्त भूमि उपलब्ध होने के कारण संस्थान की सहमति से इस उद्यान का विकास किया गया। इस अवसर पर मौजूद वार्ड वासियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि इस खुले क्षेत्र में हरियाली का विकास होते देख प्रसन्नता हो रही है। इस उद्यान को इस प्रकार से विकसित करने का आव्हान उन्होंने किया ताकि लोग इस उद्यान को देख इसी प्रकार के नए उद्यान के लिये प्रेरित हो। उन्होंने आश्वस्त किया कि इस गार्डन को शहर का टॉप गार्डन बनाने के लिए जो सहयोग हो सकेगा, किया जाएगा। इस दौरान औषधीय पादप बोर्ड के अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक, एमआईसी सदस्य द्वितेंद्र मिश्रा, स्थानीय जनप्रतिनिधि प्रमोद चौधरी, पॉलिटेक्निक कॉलेज के प्रिंसिपल आर जे पांडे, सहित पॉलिटेक्निक कॉलेज का स्टाफ और नमना के निवासी मौजूद थे।