
रायपुर। संविलियन के मुद्दे पर एक बार फिर पूर्व कलेक्टर व बीजेपी नेता ओपी चौधरी ने शिक्षाकर्मियों का समर्थन किया है। विधानसभा में पंचायत मंत्री के लिखित जवाब के बाद ओपी चौधरी ने शिक्षाकर्मियों के संविलियन की मांग को लेकर फेसबुक पोस्ट किया है। उन्होंने हैशटैग के साथ संविलियन के लिए शिक्षाकर्मियों के श्लोगन का जिक्र करते हुए लिखा है- संविलियन करो सरकार । ओपी चौधरी ने लिखा है सरकार ने शिक्षाकर्मी साथियों के 2 वर्ष की सेवा बाद संविलियन के अपने घोषणा पत्र के वादे पर विधानसभा में मुकर गयी-.भविष्य निर्माता शिक्षकों के हित में राजनीति से अलग हमारा छत्तीसगढ़ की सरकार से निवेदन है कि संविलियन किया जाये। आपको बता दें कि फेसबुक पर ये पोस्ट शिक्षाकर्मियों के बीच खूब वायरल हो रहा है। 1 घंटे में ही अब तक 150 से ज्यादा लोगों ने इसे शेयर किया, जबकि कमेंट कर शिक्षाकर्मी उनसे अपना समर्थन भी मांग रहे हैं। लालजीत सिंह राठिया ने विधानसभा में सवाल पूछा था कि प्रदेश में अभी संविलियन से वंचित शिक्षाकर्मियों की संख्या कितनी है और उन शिक्षाकर्मियों का संविलियन कब तक कर दिया जायेगा। जवाब में मंत्री सिंहदेव ने संविलियन से वंचित शिक्षाकर्मियों की संख्या 16366 बतायी है। संविलियन की अवधि के बारे में कहा है कि 8 साल या उससे अधिक की सेवा पूर्ण करने पर संवलियन की प्रक्रिया निर्धारित है, उसी के अनुरूप कार्रवाई की जायेगी। शिक्षाकर्मियों के लिए कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में ऐलान किया था कि 2 साल की सेवा पूर्ण करने वाले शिक्षाकर्मियों का संविलियन कर दिया जायेगा। इस घोषणा के बाद शिक्षाकर्मी गदगद हो गये थे। हालांकि इस जवाब के बाद शिक्षाकर्मियों में निराशा बढ़ सकती है। क्योंकि शिक्षाकर्मी को इस बात की उम्मीद थी कि राज्य सरकार भले ही पहले साल किसानों की कर्जमाफी की वजह से उनसे किया वादा पूरा नहीं कर पायी हो पाया, लेकिन अगले साल उनकी मांगें जरूर पूरी हो जायेगी। हालांकि इस जवाब के बाद अब वो निराश हो सकते हैं।
