
रायपुर । भूपेश सरकार ने औद्योगिक श्रमिकों और कर्मचारियों के हित में अहम फैसला लिया है. श्रमिकों और कर्मचारियों की रिटायरमेंट की उम्र दो वर्ष बढ़ा दी है. अब 58 की जगह 60 वर्ष की आयु तक श्रमिक काम कर सकेंगे. विभिन्न श्रम संगठनों की ओर से रिटायरमेंट की उम्र बढ़ाने की मांग की जाती रही है. संगठनों की इन मांगों पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और श्रम मंत्री शिव डहरिया ने सहमति देते हुए रिटायरमेंट की उम्र बढ़ाने का फैसला लिया ।
श्रम विभाग के सचिव सुबोध कुमार सिंह ने बताया कि इस निर्णय के तहत रिटायरमेंट की उम्र 60 वर्ष किए जाने के लिए प्रारूप अधिसूचना जारी कर दी गई है. अधिसूचना जारी होने के 15 दिनों के भीतर सभी हितबद्ध पक्षों से प्राप्त होने वाले सुझावों के आधार पर अंतिम अधिसूचना जारी की जाएगी. श्रम विभाग के इस निर्णय के बाद प्रदेश के विभिन्न उपक्रमों, कारखाना, उद्योगों, संस्थानों में कार्यरत कर्मचारी अब 58 वर्ष के स्थान पर 60 वर्ष की उम्र तक काम कर सकता है ।
सुबोध सिंह ने बताया कि 60 वर्ष की रिटायरमेंट के बाद उपक्रम के हित में संबंधित कर्मचारी की सेवाएं आवश्यक होने पर संबंधित उपक्रम के नियोजक द्वारा कर्मचारी को 62 वर्ष तक भी सेवा में रखा जा सकेगा ।
