
पंचायत तंत्र- रायपुर । छत्तीसगढ़ में कोरोना संक्रमितों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। मंगलवार को भी 69 नए संक्रमित मिले हैं। नारायणपुर जिले में मंगलवार को पहली बार कोरोना के 2 मरीज मिल गए हैं। बलौदाबाजार से 12, कोरबा से 5, दुर्ग से 4, राजनांदगांव से 2, कवर्धा, कोरिया, बिलासपुर, महासमुंद व बालोद के एक-एक मरीज शामिल हैं। रायपुर में एम्स की स्टाफ के अलावा 4 हेल्थ वर्कर समेत 9 नए संक्रमित मिले हैं। प्रदेश में मरीजों की संख्या 1786 हो गई है। इनमें से 842 मरीज अस्पतालों में भर्ती हैं। वहीं मंगलवार को 102 मरीजों को स्वस्थ होने के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया। अब तक 933 स्वस्थ हो चुके हैं। बता दें सोमवार की देर रात 47 कोरोना मरीजों की पहचान की गई थी। इसमें कोरबा के 16 में 9 केस रिपीट थे। नारायणपुर को मिलाकर अब प्रदेश के 28 में 26 जिले में कोरोना संक्रमित मिल चुके हैं। अब तक केवल बस्तर के दो जिले सुकमा व बीजापुर में अब तक कोरोना के मरीज नहीं आए हैं। 5 टॉप जिलों में पहले नंबर पर कोरबा है। वहां 249 मरीज मिल चुके हैं। दूसरे नंबर पर बिलासपुर में 168, तीसरे नंबर पर रायपुर 152, चौथे नंबर पर जांजगीर-चांपा में 140 व पांचवें नंबर पर मुंगेली है। वहां 116 मरीज हैं। जिन जिलों में नए मरीज मिल रहे हैं, वहां एक्टिव केस भी ज्यादा है।
टॉप तीन में पहले नंबर पर 82 मरीजोंं के साथ बलौदाबाजार, दूसरे नंबर पर बिलासपुर में 83, तीसरे नंबर पर मुंगेली में 82 मरीजों का इलाज चल रहा है। प्रदेश में अब तक कोरोना से 10 लोगों की मौत हो चुकी है। इसमें दुर्ग से 3, बिलासपुर से 2, रायपुर, जगदलपुर, धमतरी, महासमुंद व रायगढ़ से एक-एक की मौत हुई है।
राजधानी में एक ही दिन में 9 मरीज, 5 साल का बच्चा भी संक्रमित : राजधानी रायपुर में सोमवार को देर रात से लेकर मंगलवार तक कोरोना के एक साथ 9 नए मरीज मिल गए हैं। एक दिन में इतने मरीज पहली बार मिले हैं। महिला में संक्रमण पाए जाने के बाद सदरबाजार इलाके में पहला कंटेनमेंट जोन बनाया गया है। रायपुरा का 5 साल का बालक भी कोरोना से संक्रमित हुआ है। उसके संक्रमण के कारण पता लगाए जा रहे हैं।
नए मरीजों में भवानी नगर गुढिय़ारी में 40 साल व पुलिस लाइन की 41 साल की महिला कोरोना मरीजों के संपर्क में आने के कारण संक्रमित हुई हैं। चौरसिया कॉलोनी, मठपारा व एक अन्य मरीज हेल्थ वर्कर है। इसके अलावा सदरबाजार की महिला भी संक्रमित हुई हैं। आमासिवनी का 28 साल का युवक आईटीबीपी का जवान है। वह हाल में अरुणाचल प्रदेश से लौटा है। सभी मरीजों को अस्पतालों में भर्ती किया जा रहा है। साथ ही उनके परिजन व संपर्क में आए लोगों का पता किया जा रहा है। इन इलाकों को कंटेनमेंट जोन बना दिया गया है। रायपुर शहर में अब तक करीब 80 व जिले में 152 मरीज मिल चुके हैं। इनमें 10 मरीजों को मंगलवार को डिस्चार्ज किया गया। कुल एक्टिव केस 93 हैं। जबकि अभी तक 58 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। जून माह शुरू होते ही रायपुर शहर व जिले में 141 मरीज मिल चुके हैं। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एसके सिन्हा ने बताया कि टीम उन इलाकों का सर्वे कर रही है, जहां मरीज मिले हैं। सैंपल लेकर नेहरू मेडिकल कॉलेज व एम्स भेजा जा रहा है।
कोरोना संक्रमितों को आयुष्मान पैकेज से इलाज
कोरोना के मरीज लगातार बढऩे से सरकारी अस्पतालों में बिस्तर फुल होते जा रहे हैं। प्राइवेट अस्पतालों को अधिग्रहित करने के बाद उसे संचालित करना मुश्किल है, क्योंकि स्वास्थ्य विभाग के पास स्टाफ ही नहीं है। इसलिए अब प्राइवेट अस्पतालों को कोरोना के इलाज की छूट देने का फैसला किया गया है। निजी अस्पतालों में कोरोना मरीजों के इलाज का खर्च स्वास्थ्य विभाग उठाएगा। खबर है कि इसके लिए कोरोना का इलाज आयुष्मान भारत योजना (डॉ.खूबचंद बघेल स्वास्थ्य सहायता योजना)में शामिल कर प्रति बिस्तर पैकेज दिया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग की ओर से इसका प्रस्ताव सरकार को भेज दिया गया है। शासन स्तर पर इलाज का पैकेज तय होने पर इसे आयुष्मान में शामिल कर लिया जाएगा। आयुष्मान भारत योजना के तहत फ्री इलाज की सुविधा अभी केवल सरकारी अस्पतालों में दी जा रही है। इस वजह से कोरोना के इलाज को पैकेज में शामिल करना स्वास्थ्य विभाग का महत्वपूर्ण फैसला बताया जा रहा है। कोरोना का इलाज अभी केवल एम्स, अंबेडकर अस्पताल सहित केवल सरकारी अस्पतालों में ही किया जा रहा है।
