डॉ. रमन और जोगी ने सरकार के खिलाफ दिया धरना

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा में गुरुवार को धान खरीदी के मुद्दे पर काफी हंगामा हुआ। विपक्षी दलों ने सरकार पर आरोप लगाया कि धान खरीदी में जानबूझकर देरी की जा रही है। सरकार ने पटवारियों को रकबा रिकॉर्ड में कम करने के निर्देश दे रखें हैं, जिससे धान खरीदी से बच सकें। इस मुद्दे पर भाजपा, बसपा और जनता कांग्रेस के विधायकों ने नारेबाजी शुरू कर दी। इससे नियमों के मुताबिक यह 15 सदस्य निलंबित हो गई। डॉ रमन, अजीत जोगी और अन्य नेता बाहर महात्मा गांधी की मूर्ति के पास धरना देने पहुंचे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कुछ देर बाद मंत्री अमरजीत भगत और रविंद्र चौबे नाराज विधायकों को मनाने पहुंचे। कुछ ही देर बाद यह निलंबन वापस ले लिया गया। चूंकि गुरुवार को राजभाषा दिवस भी था, लिहाजा विधानसभा अध्यक्ष चरणदास महंत ने सभी से छत्तीसगढ़ी में ही बात करने की अपील की थी। मंत्री और विधायक इस दौरान छत्तीसगढ़ी में ही बात करते या सवाल पूछते दिखे। कृषि मंत्री रविंद्र चौबे ने अरपा नदी पर दो बैराज बनाने की घोषणा की, उन्होंने यह भी कहा कि कुछ समय पहले बलौदाबाजार जिले में जल समिति बनाकर राशि आहरण करने के मामले में जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
किसानों की आंखों में धूल झोंक रही है
राज्य की कांग्रेस सरकार-बृजमोहन
पूर्व कृषि मंत्री एवं रायपुर दक्षिण विधायक बृजमोहन अग्रवाल ने आज सदन में धान का रकबा कम करने के का मुद्दा उठाया। बृजमोहन ने कहा कि आज पूरे प्रदेश में धान का रकबा कम करने के निर्देश जारी हए हैं। जिसे लेकर प्रदेश का किसान चिन्तित है। कवर्धा जिले में 10 हजार हेक्टेयर , राजनांदगांव जिले में 15 हजार हेक्टेयर , बलरामपुर जिले में 6 हजार हेक्टेयर , रायपुर जिले में 10 हजार हेक्टेयर कम करने के निर्देश जारी हैं। धमतरी के किसानों ने लिखित में दिया है कि ये रकबा कम करने के निर्देश हुए हैं और उसके कारण हमारा रकबा कम किया जा रहा है । किसानों ने इस मुद्दे पर आंदोलन करने की बात भी कही है। बृजमोहन ने कहा कि व्हाट्सएप के माध्यम से निर्देश दिया जा रहा है। अधिकारी वाट्सअप में चला रहे हैं कि प्रत्येक पटवारी को अपने हल्के में 50 हेक्टेयर का रकबा कम करना है। बकायदा व्हाट्सएप के ग्रुप में यह सारी बातें अधिकारी आपस में कर रहे हैं और उच्च अधिकारी निर्देशित कर रहे हैं । ये बहुत दुर्भाग्यजनक है। बृजमोहन ने कहा कि यह गंभीर मामला है कि पूरे छत्तीसगढ़ में किसानों का 5 लाख हेक्टेयर रकबा कम करने का निर्देश है। यह चिंता का विषय है। बृजमोहन ने साफ तौर पर कहा कि किसानों की आंखों में धूल झोंक रही है राज्य की कांग्रेस सरकार।
बीजेपी के पूर्व मंत्री को जान से मारने की धमकी, समर्थकों ने बंद कराया शहर
धमतरी। छत्तीसगढ़ के पूर्व मंत्री और बीजेपी की टिकट पर धमतरी जिले के कुरूद से विधायक अजय चन्द्राकर को जान से मारने की धमकी मिली है. मोबाइल फोन पर कॉल कर जान से मारने की धमकी देने का आरोप दुर्ग के एक रेत माफिया पर लगा है. मामले में आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार भी कर लिया है, लेकिन पूर्व मंत्री चन्द्राकर को धमकी मिलने का मामला अब राजनीतिक रंग ले चुका है. नेता के समर्थक आक्रोशित हो गए हैं. धमतरी के कुरूद में पूर्व मंत्री अजय चन्द्राकर के समर्थकों में आक्रोश है. धमकी से नाराज भाजपाइयों ने इस मामले में एक दिन के लिये कुरूद बंद का आह्वान किया. इस आह्वान को कुरूद को व्यापारीयो का भी सहयोग मिला. कुरूद बंद करीब 90 फीसदी सफल रहा. दुकानों को बंद कराने बीजेपी के कार्यकर्ताओं ने रैली निकाली. हालांकि ज्यादातर दुकानें पहले से ही बंद मिलीं. बता दें कि विधानसभा में अजय चंद्राकर ने रेत खनन का मामला उठाया था, जिसके बाद उन्हें फोन कॉल पर जान से मारने की धमकी मिली थी. वैसे तो आचार संहिता के चलते सभी नगरीय निकायो में धारा 144 पहले से लागू है, लेकिन कुरूद में बंद को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा को मद्देनजर अतिरिक्त बल तैनात किया था. धमतरी बीजेपी के नेता भानू चन्द्राकर ने बताया कि पार्टी ने एक दिन के बंद का आह्वान किया था, जिसे यहां की जनता व व्यापारियों का भी समर्थन मिला है. पूर्व मंत्री को धमकी देने वाले पर कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है. धमकी मिलने के बाद सीएम भूपेश बघेल ने अजय चन्द्राकर की सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।
