
पंचायत तंत्र – रायपुर । कोरोना के इलाज लिए चल रही तैयारियों का जायजा लेने स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव शनिवार को आंबेडकर अस्पताल पहुंचे। स्वास्थ्य मंत्री अस्पताल में स्वास्थ्य व्यवस्थाएं देखने के लिए वार्डों में गए। उन्होंने छोटे बच्चों की गहन चिकित्सा इकाई नियोनेन्टल केयर यूनिट, स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग का जायजा लिया। बता दें कि यह दोनों विभाग अस्थाई रूप से जिला अस्पताल में स्थानांतरित किये जा रहे हैं। स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पताल प्रबंधन को सोशल डिस्टेंसिंग और सफाई व्यवस्था को बेहतर करने के निर्देश दिए हैं। भोजन की व्यवस्था को देखते हुए मरीजों के लिए उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा है। साथ ही डिस्चार्ज होने वाले मरीजों को घर तक छोडऩे के लिए वाहन की व्यवस्था करने निर्देश दिए हैं।
कोरोना इलाज के लिए 500 बिस्तर: आंबेडकर अस्पताल में कोरोना मरीजों के इलाज के लिए 500 बिस्तरों की व्यवस्था की जा रही है। अस्पताल के अधीक्षक डॉ. विनीत जैन ने मंत्री को काम की स्थिति के बारे में अवगत कराया। स्वास्थ्य मंत्री ने आंबेडकर में कोरोना मरीजों के उपचार के लिए बनाए गए आइसोलेशन वार्ड और आइसीयू का भी जायजा लिया है। मौके पर मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. विष्णु दत्त, एनाटॉमी विभाग के डॉ. माणिक चटर्जी मौजूद थे।
