
पंचायत तंत्र- रायपुर । राजधानी में रविवार देर रात तक झमाझम बारिश हुई। रात नौ बजे तक 22 मिली मीटर बारिश रिकार्ड हुई। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक सोमवार को भी शहर में बारिश होगी। आज भी प्रदेश के मध्य और उससे लगा हुआ उत्तर छत्तीसगढ़ में हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज-चमक के साथ छीटे पड़ सकते हैं। उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में एक-दो स्थानों पर भारी से अति भारी वर्षा होने तथा आकाशीय बिजली गिर सकती है।
राजधानी में शनिवार रात और रविवार को तेज बारिश ने लोगों को परेशान कर दिया। जिससे शहर के बंधवापारा, पुरानी बस्ती, न्यू कॉलोनी, कालीनगर, देवेंद्र नगर न्यू सड़क, नहर पारा समेत कई बस्तियों में पानी भर गया। पुरानी बस्ती रहवासियों के घरों में 2-3 फिट तक पानी भर गया। इस कारण शनिवार रात भर सो नहीं पाए। बता दें कि यहां के निवासी पिछले पांच साल इस परेशानी से जूझ रहे हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।
रायपुर सहित प्रदेशभर में जमकर बरसा पानी : मानसून के असर से प्रदेश में फिर से जमकर बारिश शुरू हो गई है। शनिवार की रात से रविवार तक राज्य के कई हिस्सों में 100 मिमी से ज्यादा पानी बरस गया। 50 से ज्यादा स्थानों में हल्की से मध्यम वर्षा और कई जगहों पर बूंदाबांदी हुई। मौसम विज्ञानियों ने अगले 24 घंटे के दौरान राज्य में भारी से अतिभारी बारिश की चेतावनी जारी की है। प्रदेश में मानसून फिर सक्रिय है। पिछले 24 घंटे के दौरान बकावंड में सबसे ज्यादा 140 मिमी पानी बरस गया। शनिवार को दिनभर बारिश के बाद रात में भी अच्छी वर्षा हुई। हर घंटे पांच मिमी से ज्यादा बारिश रिकार्ड की गई। इसी तरह फरसगांव में 130, बड़े राजपुर में 120, भैरमगढ़ में 100, माकड़ी, दरभा में 90 तथा दुलदुला क्षेत्र में 80 मिमी बारिश रिकार्ड की गई। उत्तरी और दक्षिण छत्तीसगढ़ में भारी तथा मध्य हिस्से में हल्की से मध्यम बारिश रिकार्ड की गई। मौसम विज्ञानियों के अनुसार राजधानी रायपुर में बादल छाए रहेंगे। शाम व रात के समय गरज व चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। शहर का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
दक्षिण छत्तीसगढ़ और उससे लगे मध्य भाग में भारी व उत्तरी हिस्से में मध्यम बारिश के आसार
लालपुर मौसम केंद्र के मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा के अनुसार पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी और उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी, दक्षिण तटीय ओडिशा, तटीय आंध्रप्रदेश के ऊपर एक चक्रीय चक्रवाती घेरा 7.6 किलोमीटर ऊंचाई तक है। इसके प्रभाव से पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक कम दबाव का क्षेत्र बना है। रविवार की रात से सोमवार तक प्रदेश के दक्षिण भाग और उससे लगे हुए मध्य भाग में मध्यम से भारी और एक दो स्थानों पर अति भारी वर्षा होने की संभावना है। मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ में हल्की से मध्यम वर्षा होने या गरज चमक के साथ छींटे पडऩे की संभावना है।
प्रदेश में इन जगहों पर
हुई भारी बारिश
बकावंड 135.7
फरसगांव 127.3
बड़े राजपुर 120.3
माकड़ी 90
दरभा 85.4
दुलदुला 79.8
तोकापाल 73.2
कोंटा 72
गुंडरदेही 71.3
धमतरी 69.8
सुकमा 68.3
कोटा 62.4
केशकाल 59
नोट- आंकड़े मिमी में।
