रायपुर। पुलिस को चकमा देकर फरार हुआ करणी सेना का प्रदेश अध्यक्ष व सूदखोरी का आरोपी वीरेंद्र सिंह के भाई रोहित सिंह तोमर की भाठागांव में दुर्घटनाग्रस्त हुई कार से मिले जेवरात और दस्तावेज से पुलिस भी सकते में है। पुलिस ने लगभग 47 लाख रुपए कीमत के सोना-चांदी के जेवरात और एक लाख रुपए नगद जब्त किया है।
गौरतलब है कि सूदखोरी के आरोप में जेल भेजे गए करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह उर्फ रूबी तोमर का भाई और मामले में सह आरोपी रोहित सिंह तोमर बीती रात पुलिस को चकमा देकर गाड़ी से फरार हो गया। इस दौरान भाठागांव के पास आरोपी की गाड़ी ने बुजुर्ग को टक्कर मार दी थी। जिसके बाद लोगों ने कार में तोड़फोड़ शुरू कर दी। जानकारी मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत कराया। वहीं कार में सवार तोमर बंधुओ के दो नौकरों को गिरफ्तार किया। कार की तलाशी में पांच सूटकेस में भरे जेवरात और स्टांप पेपर के साथ दोनों नौकरों से नगदी पांच लाख रुपए जब्त किया।
पांच सूटकेसों से मिले ज्वेलरी और दस्तावेजों का पुलिस लिस्ट बनाने में जुटी हुई है। जानकारी के अनुसार, सूटकेस से एक किलो 600 ग्राम सोने के जेवरात, एक किलो चांदी, 48 चेक, 16 फर्जी पेन कार्ड, 5 पासबुक, एक लैपटॉप के अलावा फर्जी बिजली बिल, फर्जी आईटी रिटर्न मिले हैं। पुलिस ने नौकर ताराचंद यादव को पकड़ने के बाद जेल भेज दिया गया है। वहीं सैकड़ों की संख्या में हस्ताक्षरित कोरे चेक भी जब्त किए गए हैं।
