
रायपुर । जम्मू-कश्मीर में धारा 370 और अनुच्छेद 35-ए हटाने के साथ ही लद्दाख और जम्मू-कश्मीर को केन्द्र शासित प्रदेश बनाने के निर्णय का प्रदेश भारतीय जनता पार्टी ने स्वागत किया है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विक्रम उसेंडी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में केन्द्र सरकार ने अनुच्छेद 35-ए और धारा 370 को खत्म कर देश को एकसूत्र में पिरोने का काम किया है। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा कि देश के तत्कालीन नेतृत्व की ऐतिहासिक भूल को सुधारकर देशभर में राष्ट्रवाद का प्रखर आलोक फैलाने का ऐतिहासिक कार्य प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने किया है। डॉ. सिंह ने इसके लिए प्रधानमंत्री व गृह मंत्री को बधाई देते हुए कहा कि वर्षों से दबाकर रखी गई भारत-भक्तों की भावना व आकांक्षा को आज केन्द्र सरकार के फैसले ने सार्थक व साकार किया है। केन्द्र सरकार के इस फैसले से भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामाप्रसाद जी मुखर्जी का बलिदान और पूर्व प्रधानमंत्री अटल जी का एक देश, एक विधान और एक निशान का स्वप्न साकार हुआ है। भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री व सांसद सुश्री सरोज पाण्डेय ने भी केन्द्र सरकार के ऐतिहासिक निर्णय का स्वागत करते हुए इसे कोटि-कोटि भारतवासियों की देशभक्तिपूर्ण भावनाओं के प्रकटीकरण का आह्लादकारी क्षण निरूपित किया।
भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व सांसद रामविचार नेताम ने कहा कि धारा 370 और 35-ए को खत्म करके केन्द्र की मोदी सरकार ने देश में अलगाववादी ताकतों पर करारी चोट की है। केन्द्र के इस निर्णय से राष्ट्रवाद की भावना और प्रबल होगी। केन्द्रीय राज्यमंत्री रेणुका सिंह ने कहा कि जम्मू-कश्मीर और लद्दाख क्षेत्र की ढांचागत समस्याओं का इस फैसले से समाधान तो होगा ही, अलगाववादी और आतंकवादी ताकतें भी नेस्त-ओ-नाबूद होंगीं।
पटाखे फूटे बंटीं मिठाइयां : जम्मू-कश्मीर में धारा 370 हटाए जाने और इस वजह से अनुच्छेद 35-ए के स्वत: ही हटने का केंद्र सरकार का फैसला जैसे ही राजधानी पहुंचा, शहर में जगह-जगह जमकर जश्न हुआ। हालांकि इस जश्न में मुख्य रूप से भाजपा के लोग ही शामिल थे, लेकिन बाकी शहरी सोशल मीडिया में चल रहे मीम्स एक-दूसरे को भेजकर बधाई देते रहे। मीम्स के अलावा दोपहर 12 बजे से पहले ही केंद्र सरकार के राजपत्र की प्रति भी शहर में वायरल हो गई, जिसमें कश्मीर से धारा-370 हटाने के फैसले का उल्लेख है। केंद्र का फैसला आते ही भाजपा नेता एकात्म परिसर में जुटने लगे और दोपहर करीब 1 बजे जमकर आतिशबाजी हुई। इसके बाद शारदा चौक स्थित डा. श्यामाप्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा के सामने पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल और राजेश मूणत के साथ लोगों ने जोशीले नारे लगाए। उन्होंने राजधानी-प्रदेश के नागरिकों की ओर से पीएम नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह को इस साहसिक फैसले के लिए धन्यवाद और बधाई भी दी। कश्मीर से धारा 370 हटाए जाने के फैसले पर भाजपा की महिलाओं ने भी खासा जोश दिखाया। महिला मोर्चा की मीनल चौबे के नेतृत्व में एकात्म परिसर में महिला नेताओं ने एक-दूसरे को बधाई दी और इस कदम को राष्ट्रवाद की विजय बताया। उत्साहित भाजपा कार्यकर्ताओं ने जयस्तंभ चौक पर भी काफी देर तक आतिशबाजी की। इस दौरान कई जगह मिठाइयां भी बांटी गईं।
ऐतिहासिक भूल को सुधारने का स्वागत : जोगी : जनता कांग्रेस सुप्रीमो अजीत जोगी ने ट्वीट किया कि देश में एक निशान, एक विधान, एक प्रधान लागू करने के कदम से 72 साल पहले हुई ऐतिहासिक गलती को सुधारने के साहसी कदम के लिए बधाई देता हूं। मेरी पार्टी विधानसभा में केंद्र सरकार के प्रति धन्यवाद प्रस्ताव लाएगी। केंद्र की कार्रवाई संविधान के अनुरूप नहीं: कांग्रेस : प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री शैलेश नितिन त्रिवेदी ने कहा कि कार्यवाही संविधान सम्मत नहीं है।
कश्मीर का विभाजन राज्य की पहचान और अस्तित्व पर हमला है। यह हिंदू और मुसलमान का सवाल नहीं है। इस निर्णय से पहले राजनैतिक दलों से चर्चा नहीं करना स्पष्ट रूप से लोकतांत्रिक प्रक्रिया के खिलाफ है। संख्या बल से संघीय व्यवस्था पर प्रहार : सिंहदेव पंचायत मंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा कि केंद्र सरकार का यह निर्णय पार्लियामेंट में सिंपल मेजोरिटी से संघीय व्यवस्था को ध्वस्त करने वाला तथा संविधान निर्माताओं पर बहुत बड़ा कुठाराघात है। ऐसी मानसिकता वाले लोगों से देश की संघीय व्यवस्था को खतरा है।
