
रायपुर । मध्य प्रदेश में हनी ट्रैप मामले में मचे सियासी बवाल के बाद अब छत्तीसगढ़ में भी इसी तरह का मामला उजागर हुआ है. राजधानी रायपुर में एक युवती ने अपनी खूबसूरती की जाल में फंसा कर कारोबारी से पैसा कमाने का जरिया बनाया. युवती पर आरोपी है कि वो कारोबारी को ब्लैकमेल कर उससे 1 करोड़ 38 लाख 51 हजार रुपये वसूल चुकी है. इसके बाद भी वो उससे और पैसों की मांग कर रही थी. पुलिस ने जाल बिछाकर युवती को कारोबारी से 50 लाख रुपये लेते गिरफ्तार किया है. रायपुर पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक व्यापारी चेतन शाह ने पंडरी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी. इसमें उन्होंने निजी पलों का वीडियो बनाने की धमकी देकर ब्लैकमेल करना बताया. इसके बाद कचना रेलवे क्रॉसिंग के पास सिविल वर्दी में तैनात महिला पुलिस कर्मियों ने आरोपी युवती प्रीति तिवारी को 50 लाख रुपए की डिलीवरी लेते हुए रंगे हाथ धर दबोचा. आरोपी युवती कारोबारी से करीब 1 करोड़ 38 लाख 51 हजार रुपए वसूल चुकी थी. पुलिस अब युवती के मंगेतर रिंकू शर्मा समेत उसके 4 गुर्गों की तलाश कर रही है ।
अपने कब्जे में रखी थी कार-पुलिस के पास दर्ज शिकायत के मुताबिक आरोपी युवती कारोबारी को लगातार ब्लैकमेल कर न सिर्फ उससे पैसे वसूल रही थी बल्कि उसकी क्रेटा एसयूवी को भी अपने कब्जे में ले रखा था. लड़का का मंगेतर गाड़ी को लेकर फरार है. पुलिस उसकी तलाश कर रही है. पुलिस की जांच में युवती के भोपाल और दिल्ली से भी कनेक्शन सामने आए हैं. पुलिस मध्य प्रदेश में पकड़े गए हनी ट्रैप गैंग से इस युवती के संबंध होने की भी जांच कर रही है. पीडि़त कारोबारी द्वारा दर्ज कराई गई एफआईआर में कहा गया है कि लड़की पहले उससे बातचीत करती थी. फिर वो उसे अपने खूबसूरती की जाल में फंसा कर ब्लैकमेल करने लगी.
सोशल साइट पर दोस्ती-करीब पांच साल पहले सोशल साइट पर चेतन और प्रीति की दोस्ती हुई। पहले कुछ दिन उनके बीच चैटिंग हुई। उसके बाद वे एक दूसरे से मोबाइल पर बातें करने लगे। दोस्ती संबंधों में बदल गई। कारोबारी का कहना है कि संबंध बनाने के बाद से ही छात्रा ने उस पर पैसों के लिए दबाव डालना शुरू कर दिया था।
प्रॉपर्टी बेचकर की मांग पूरी-पुलिस को इनपुट मिला है कि कारोबारी चेतन लगातार उसकी मांग पूरी कर रहा था, लेकिन उसकी कमाई इतनी नहीं थी जितनी कि प्रीति की मांग। आखिरकार छात्रा की मांग पूरी करने के लिए उसे अपनी प्रापर्टी तक बेचनी पड़ी। पुलिस इसकी पुष्टि के प्रयास भी कर रही है।
