
रायपुर । प्रदेश में करोड़ों रुपए की कृषि सामग्री घोटाले में आईएएस भीम सिंह की शिकायत पर राखी थाना में मामला दर्ज किया गया है. अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी के तहत धारा 420 के तहत मामला दर्ज किया है. मामले में विभागीय अधिकारियों की संलिप्तता के साथ-साथ विधायक सत्यनारायण शर्मा के लेटर पैड के फर्जी इस्तेमाल की शिकायत की गई है।
जानकारी के मुताबिक, घोटाले की जांच से बचने कृषि विभाग के अधिकारियों ने विधायक सत्यनारायण शर्मा के फर्जी लेटर पैड से कार्रवाई नहीं करने की बात लिखी थी, जबकि सत्यनारायण शर्मा ने ही मामले की शिकायत करते हुए विधानसभा में जानकारी मांगी थी. जब उन्हें इस तरह की गड़बड़ी की शिकायत मिली तो खुद विधायक ने दोषियों के खिलाफ क़ानूनी कार्रवाई की मांग की थी।
जिसने की शिकायत उसका ही फर्जी लेटर
बता दें कि विधायक सत्यनारायण शर्मा ने 24 मार्च 2018 विधानसभा में विभिन्न योजनाओं के माध्यम से किसानों को दिए जाने वाले कृषि सामग्री के संबंध में संचालक कृषि विभाग से जानकारी मांगी थी. लेकिन विभाग के जवाब देने से पहले ही विधायक का अनियमितता नहीं होने के बात कहते हुए जांच से संतुष्ट होने का फर्जी लेटर पैड पहुंच गया. इस बात की जानकारी सामने आने पर सत्यनारायण शर्मा ने कहा कि उन्होंने विभाग को ऐसा कोई लेटर जारी नहीं किया है।
