
रायपुर। पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय किस तरह छात्रों की जिंदगी के साथ खेल रहा है इसकी एक बानगी देखने को मिल रही है. लॉ की एक गोल्ड मेडलिस्ट होनहार छात्रा की आंसर सीट बगैर जांचे उसे फेल कर दिया गया. लंबे समय से न्याय के लिए संघर्ष कर रही इस छात्रा को अब जाकर न्याय मिलने की एक उम्मीद जगी है जब उसने सीएम भूपेश बघेल को ट्वीट कर विश्वविद्यालय में चल रहे फर्जीवाड़े की शिकायत की. सीएम भूपेश ने छात्रा को ट्वीट कर जानकारी दी है कि उन्होंने कुलपति से मामले में बात की है, वो जाकर उनसे मुलाकात कर ले ।
पीड़ित छात्रा का नाम अनम अली है. छात्रा ने सीएम को दो वीडियो ट्वीट कर उन्हें उसे देखने की अपील करते हुए बताया है कि विश्वविद्यालय के भीतर किस तरह से फर्जीवाड़ा चल रहा है और छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ किया जा रहा है. छात्रा सूचना के अधिकार के तहत मिली परीक्षा की अपनी आंसरसीट वीडियो में दिखाती है जिसे प्रोफेसरों ने चेक ही नहीं किया है. छात्रा का आरोप है कि कुलपति से शिकायत करने पर विश्वविद्यालय की गलती सुधार कर न्याय करने के बजाय उन्होंने उससे दुर्व्यवहार किया ।
