
रायपुर । ईओडब्लू में अवैध फोन टैपिंग में फंसे निलंबित डीजी मुकेश गुप्ता ने अब बयान देने नहीं आएंगे। उन्होंने ईओडब्लू को चिट्ठी लिखकर इसकी जानकारी दे दी है। उन्होंने अफसरों को संबोधित करते हुए चिट्ठी में लिखा है कि आप लोगों को उनकी ओर से जो लिखना है लिख दें। अब मैं नहीं आऊंगा। उन्होंने आशंका जाहिर की है कि अगर वे आए तो गिरफ्तार कर लिया जाएगा। गुप्ता के खिलाफ साडा मामले में दुर्ग पुलिस ने चारसौबीसी का केस दर्ज किया है। उन्हें इसी मामले में गिरफ्तार किए जाने का भय सता रहा है। पुलिस विभाग में चर्चा है कि गुप्ता अभी दिल्ली में हैं। खबर है कि दुर्ग पुलिस उन्हें गिरफ्तार करने का दो-तीन बार प्रयास कर चुकी है। लेकिन वे हाथ नहीं आए। गुप्ता को भी इसकी भनक लग गई है। अब उन्होंने ईओडब्लू में 18 जुलाई को होने वाली पेशी में आने से मना कर दिया है। पिछली दो पेशी में वे पारिवारिक कारणों का हवाला देते हुए हाजिर नहीं हुए थे।
विभागीय जांच में भी गैर हाजिर : निलंबित डीजी के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू हो चुकी है। डीजीपी डीएम अवस्थी विभागीय जांच कर रहे हैं। उसमें भी सवालों के जवाब देने के लिए निलंबित डीजी हाजिर नहीं हो रहे हैं। लगातार नोटिसों के बाद उनकी गैरहाजिरी को लेकर उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा की जा चुकी है।
