
रायपुर । राज्य सरकार ने अस्पताल बनाने के लिए एम्स को नया रायपुर में 50 एकड़ जमीन हैंडओवर कर दिया है। यहां मेडिकल कॉलेज, रिसर्च सेंटर सहित पब्लिक हेल्थ से जुड़ी सेवाएं उपलब्ध होंगी। केंद्र ने योजना के लिए पहले ही 100 करोड़ की राशि स्वीकृत कर दी है। प्रबंधन 2022 तक अस्पताल को शुरू करने के लक्ष्य के साथ जल्द ही निर्माण कार्य शुरू करने की तैयारी में है। मरीजों के बढ़ते दबाव को देखते हुए भविष्य में बेहतर चिकित्सकीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए एम्स ने नया रायपुर में भी अपनी एक शाखा बनाने की योजना बनाई है। योजना को लेकर केंद्र सरकार ने एम्स को 100 करोड़ रुपये बजट की स्वीकृति पहले ही दे दी थी। मामला जमीन को लेकर अटका हुआ था। राज्य सरकार द्वारा सर्वे के बाद जमीन की मार्किंग कर एम्स प्रबंधन को हैंडओवर कर दिया गया है। अस्पताल प्रबंधन द्वारा लीज की प्रक्रिया पूरी करने के बाद जल्द ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। इसके लिए एम्स में प्लानिंग की टीम भी गठित की जा चुकी है।
